Exclusive: सूरज बड़जात्या के ऑफिस में जूते उतारकर अंदर गए थे आयुष्मान खुराना, खुद मैसेज भेजकर मांगा था काम, सुनाया पूरा किस्सा

Yeh Prem Mol Liya: निर्देशक सूरज बड़जात्या की फिल्म ये प्रेम मोल लिया आज थिएटर में रिलीज हो चुकी है और दर्शक इस पारिवारिक कहानी को खूब पसंद कर रहे हैं. फिल्म रिलीज होने से पहले हुई प्रमोशन के दौरान टीवी9 हिंदी डिजिटल से की एक्सक्लूसिव बातचीत में आयुष्मान खुराना ने खुलासा किया कि यह फिल्म उन्हें कैसे मिली और उन्होंने खुद सूरज बड़जात्या को टेक्स्ट करके साथ काम करने की इच्छा जताई थी. बातचीत के दौरान जब सूरज बड़जात्या से पहली मुलाकात को लेकर सवाल पूछा गया, तो आयुष्मान खुराना ने बताया कि सबसे पहले वे ही सूरज सर से मिले थे.
आयुष्मान ने कहा, मैंने खुद सूरज बड़जात्या को टेक्स्ट किया था कि मैं उनके साथ काम करना चाहता हूं. आयुष्मान ने कहा कि वे सूरज बड़जात्या के बहुत बड़े फैन रहे हैं और उनके साथ काम करना उनकी बकेट लिस्ट का हिस्सा था. जब सूरज बड़जात्या ने उन्हें कहानी सुनाई, तो वह करीब एक घंटे की नरेशन थी. आयुष्मान ने बताया कि कहानी का संदेश काफी प्रोग्रेसिव था, जिसने उन्हें बेहद प्रभावित किया और उन्हें इस बात की खुशी हुई कि ऐसी कहानी उनके हिस्से आ रही है. इसके बाद इस पर काम शुरू हुआ और फिर शर्वरी भी फिल्म से जुड़ीं.
खुद काम मांगने गए थे आयुष्मान
सूरज बड़जात्या के साथ पहली मुलाकात के अनुभव को याद करते हुए आयुष्मान खुराना ने कहा कि जब वे पहली बार उनसे मिलने गए, तो ऐसा लगा मानो किसी मंदिर में आ गए हों. उन्होंने बताया कि सूरज बड़जात्या का ऑफिस शुरू से ही मुंबई के प्रभादेवी इलाके में है, जहां जूते बाहर उतारकर अंदर जाया जाता है और वहीं कहानी की नरेशन होती है. आयुष्मान के मुताबिक, वह बेहद पुराने दौर की सादगी वाला ऑफिस है और वहां पहुंचकर ऐसा महसूस होता है जैसे समय वहीं ठहर गया हो. उन्होंने इस मुलाकात को एक बेहद खूबसूरत अनुभव बताया.
आयुष्मान के लिए कैसा रहा प्रेम बनने का अनुभव
इंटरव्यू में आयुष्मान खुराना से उनके अब तक के अलग-अलग किरदारों और इस बार प्रेम जैसे सौम्य किरदार को निभाने को लेकर भी सवाल किया गया. इस पर आयुष्मान ने कहा कि यह अनुभव इसलिए मजेदार रहा क्योंकि वे पहली बार क्लासिक सिनेमा कर रहे थे. उनके मुताबिक, क्लासिक सिनेमा में छिपे मैसेज ने इस सफर को और भी खूबसूरत और यादगार बना दिया. उन्होंने कहा कि सूरज बड़जात्या हर चीज को खास बना देते हैं और उनके समकालीन कलाकारों को भी शायद उनके साथ काम करने का इतना मौका नहीं मिला है. आयुष्मान ने इसे अपने लिए बेहद शानदार लेकिन दुर्लभ अनुभव बताते हुए कहा कि वे इसे जीवनभर संजोकर रखेंगे और यह फिल्म हमेशा उनके दिल के करीब रहेगी.
प्रेम के सफर और फिल्म की टीम पर भी हुई बात
बातचीत में आयुष्मान ने प्रेम के किरदार को लेकर कहा कि वे अपनी जिंदगी के सफर में काफी हद तक उस सोच के करीब पहुंच चुके हैं, हालांकि आदर्श रूप से उन्हें अपने 20 के दशक में ही ऐसा बन जाना चाहिए था. उन्होंने ये भी कहा कि जितनी जल्दी कोई इंसान या पुरुष इस इमोशंस को अपना सके, उतना ही अच्छा है. फिल्म में आयुष्मान खुराना और शर्वरी मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि अनुपम खेर, सीमा पाहवा, सुप्रिया पाठक और स्वानंद किरकिरे जैसे कलाकार भी अहम किरदारों में नजर आ रहे हैं.




