UP TGT भर्ती में विषयों की अनिवार्यता नियमों ने कैंडिडेट्स को उलझाया, आंदोलन का ऐलान

UP TGT Bharti 2026: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन बोर्ड (UPESCC) ने 23 अक्टूबर को ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर (TGT) भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया था, जिसके तहत 17735 पदाें पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है. इसी कड़ी में अभी तक प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कैंडिडेट्स ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं, लेकिन बड़ी संख्या में कैडिडेट्स भर्ती में विषयों की अनिवार्यता नियमों को लेकर उलझे हुए है. इन कैंडिडेट्स ने बीते रोज शिक्षा निदेशालय में अपर शिक्षा निदेशक को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें विषयों की अनिवार्यता के नियम स्पष्ट करने की मांग की गई है. साथ ही कैंडिडेट्स ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है.
आइए, विस्तार से पूरा मामला जानते हैं. जानते हैं कि यूपी TGT भर्ती में विषयों की अनिवार्यता से जुड़े किस नियम की वजह से कैंडिडेट्स उलझे हुए हैं. जानेंगे कि यूपी TGT भर्ती के लिए कब तक आवेदन किया जा सकता है.
ग्रेजुएशन में हिंदी-अंग्रेजी दो वर्ष की पढ़ाई की मान्यता को लेकर असमंजस
UP TGT भर्ती 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है. बड़ी संख्या में कैंडिडेट्स आवेदन भी कर रहे हैं, लेकिन हिंदी और अंग्रेजी की अनिवार्यता के नियम को लेकर कैंडिडेट्स उलझे हुए हैं. UP TGT भर्ती के लिए आवेदन कर रहे विवेक कुमार राय ने बताया कि पूर्व तक आयोजित होने वाली भर्ती में जिन भी कैंडिडेट्स ने ग्रेजुएशन में दो वर्ष हिंदी या अंग्रेजी पढ़ी होती थी, उन्हें TGT भर्ती के लिए पात्र माना जाता था, लेकिन UP TGT भर्ती 2026 में इसको लेकर कुछ भी स्पष्टता नहीं है.
नियमावली में ये स्पष्ट नहीं किया गया है कि ग्रेजुएशन में दो वर्ष हिंदी या अंग्रेजी पढ़ने वाले आवेदन के लिए पात्र हैं या नहीं, जबकि कई ऐसी जानकारी सामने आई है, जिसमें ग्रेजुएशन में दो वर्ष हिंदी या अंग्रेजी पढ़ने वालों को TGT भर्ती के लिए अयोग्य बताया जा रहा है. ऐसे में इस नियम को लेकर स्पष्टता जरूरी है. इसके साथ ही कैंडिडेट्स ने बीएड की न्यूनतम पात्रता, स्नातक बीएड और परास्नातक के विषय संयोजन, विभिन्न यूनिवर्सिटीज की मार्कशीट में भिन्नता, विषयवार शैक्षणिक पात्रता को लेकर समस्याओं के समाधान की मांग की है.
4 नवंबर को लखनऊ में आंदोलन
यूपी TGT भर्ती 2026 कैंडिडेट्स ने नियमावली से जुड़ी विसंगतियों के समाधान के लिए 4 नवंबर को लखनऊ में आंदोलन का ऐलान किया है. कैंडिडेट्स ने ऐलान किया है कि संयुक्त प्रतियोगी छात्र हुंकार मंच के बैनर तले लखनऊ के इको गार्डन में 4 नवंबर को 11 बजे से आंदोलन करेंगे.
17735 पदाें पर भर्ती, 23 नवंबर है लास्ट डेट
UPESCC ने यूपी में TGT के 17735 पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है. आवेदन प्रक्रिया जारी है. पात्र व इच्छुक कैंडिडेट्स 23 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. तो वहीं 26 नवंबर तक आवेदन पत्र में संशोधन किया जा सकता है. वहीं 23 और 24 दिसंबर को TGT भर्ती के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी.



