अजब-गजब

नौकरी छोड़ कपल ने शुरू किया हेल्दी फूड बिजनेस, लगाया ऐसा दिमाग कमा लिए 56 लाख!

आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में नौकरी करने वाले लोगों के सामने एक बड़ी परेशानी है. ऑफिस के लंबे घंटों के बाद घर लौटकर खाना बनाना हर किसी के लिए आसान नहीं होता. ऐसे में ज्यादातर लोग ऑनलाइन खाना ऑर्डर कर लेते हैं, लेकिन बाहर के खाने में अक्सर हेल्थ और बजट दोनों का ध्यान रखना मुश्किल हो जाता है. इसी समस्या को बेंगलुरु के एक कपल ने अपना बिजनेस आइडिया बना लिया.

बेंगलुरु की रहने वाली दिया कृष्णकुमार और आदित्य नटराजन ने इसी सोच के साथ अपना स्टार्टअप Wellfed शुरू किया. दोनों पहले IT सेक्टर में नौकरी करते थे, लेकिन सितंबर 2024 में अपनी नौकरी छोड़कर उन्होंने हेल्दी मील सब्सक्रिप्शन बिजनेस की शुरुआत की. खास बात यह है कि कपल ने इस बिजनेस को शुरू करने के लिए 15 लाख रुपये लगाए, जिसमें ज्यादातर पैसा उनकी अपनी सेविंग्स से आया था.

IT की नौकरी छोड़ शुरू किया फूड स्टार्टअप

कंपनी के आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से सितंबर 2026 के बीच Wellfed ने 56 लाख रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया. अब तक कंपनी 1,500 से ज्यादा ग्राहकों तक पहुंच चुकी है और 55,000 से अधिक मील डिलीवर कर चुकी है. दिया और आदित्य दोनों ने बेंगलुरु से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई की थी. इसके बाद दोनों ने एक ही IT कंपनी में काम करना शुरू किया. करीब तीन साल से ज्यादा समय तक कॉर्पोरेट सेक्टर में काम करने के दौरान उन्हें महसूस हुआ कि नौकरी के साथ रोजाना हेल्दी खाना खाना कितना मुश्किल है.

आदित्य के मुताबिक, काम का शेड्यूल इतना व्यस्त रहता था कि कई बार खाना बनाने का समय ही नहीं मिलता था. ऐसे में कभी बाहर से खाना मंगाना पड़ता था, तो कभी रात का खाना घर पर बनाना भी मुश्किल हो जाता था. दिया को भी खाना बनाने में लगने वाले समय को लेकर परेशानी होती थी. उनका कहना था कि इंटरनेट पर किसी रेसिपी को 20 मिनट में बनाने का दावा किया जाता है, लेकिन जब वही खाना घर की रसोई में बनाते हैं तो दोगुना समय लग जाता है.

समस्या से खड़ा कर दिया अपना बिजनेस

इसी समस्या का समाधान खोजने के लिए दोनों ने मील सब्सक्रिप्शन सर्विस के बारे में पता करना शुरू किया. वे ऐसी सर्विस चाहते थे, जहां रोजाना लंच और डिनर मिल सके. हालांकि, उन्हें ज्यादातर जगहों पर अलग-अलग तरह के फैंसी और विदेशी व्यंजन ही देखने को मिले. कपल को असल में दाल, सब्जी, रोटी और प्रोटीन से भरपूर ऐसा खाना चाहिए था, जो रोजमर्रा के घर के खाने जैसा हो और जेब पर भी भारी न पड़े. जब उन्हें अपनी जरूरत के मुताबिक कोई विकल्प नहीं मिला, तो उन्होंने खुद यह काम शुरू करने का फैसला किया.

सितंबर 2024 में Wellfed की शुरुआत हुई. शुरुआत में टीम में कुल छह लोग थे. इनमें दोनों फाउंडर्स के अलावा एक न्यूट्रिशनिस्ट, एक कुक, एक स्टीवर्ड और एक डिलीवरी कर्मचारी शामिल था. न्यूट्रिशनिस्ट की मदद से खाने का मेन्यू तैयार किया जाता था और हर मील में मौजूद पोषण की मात्रा का हिसाब रखा जाता था. शुरुआत में कपल ने अपने दोस्तों और परिवार के लोगों को खाना भेजा और उनसे फीडबैक लिया. अच्छा रिस्पॉन्स मिलने के बाद उन्होंने ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचना शुरू किया.

Wellfed के मेन्यू में दाल, आलू गोभी, ज्वार की रोटी, अदरक वाला चिकन और छोले चाट जैसे रोजमर्रा के भारतीय व्यंजन शामिल हैं. इसके अलावा पनीर, टोफू, सोया और चिकन जैसे प्रोटीन से भरपूर विकल्प भी दिए जाते हैं. जो लोग कुछ अलग खाना पसंद करते हैं, उनके लिए कंपनी के मेन्यू में रैप्स, बिरयानी और इंडो-चाइनीज डिशेज भी मौजूद हैं.

यह भी पढ़ें: आसपास की दुनिया से बेखबर डिश एंटीना पर बैठी नन्ही परी, बच्ची का यह जुगाड़ देख आप भी कहेंगे वाह

इस तरह, अपनी रोजमर्रा की परेशानी से शुरू हुआ कपल का यह आइडिया अब एक बिजनेस का रूप ले चुका है. Wellfed की कहानी दिखाती है कि कई बार हमारे आसपास की छोटी-छोटी समस्याएं भी एक अच्छे स्टार्टअप की नींव बन सकती हैं.

यहां देखिए वीडियो

View this post on Instagram

A post shared by Wellfed (@bewellfed.in)

Related Articles

Back to top button