NMMSS Scholarship 2026: स्टूडेंट्स के लिए एनएमएमएसएस स्कॉलरशिप पाने का मौका, आवेदन की लास्ट डेट बढ़ी

आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी छात्रों के लिए स्कॉलरशिप पाने का अच्छा मौका है. केंद्र सरकार ने नेशनल मीन्स-कम-मेरिट स्कॉलरशिप स्कीम (NMMSS) 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 15 नवंबर 2026 कर दी है. इस योजना के तहत एलिजिबल स्टूडेंट को हर साल 12,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. इसका उद्देश्य आर्थिक परेशानी के कारण स्टूडेंट्स को आठवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ने से रोकना है. कक्षा 9वीं से 12वीं तक पढ़ने वाले पात्र छात्र इस योजना का लाभ उठा सकते हैं. इच्छुक विद्यार्थियों को नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर जाकर आवेदन करना होगा.
जो स्टूडेंट अभी तक किसी कारण से फॉर्म नहीं भर पाए हैं उन्हें इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए. आवेदन के लिए आधिकारिक वेबसाइट scholarships.gov.in पर जाना होगा. नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर अब तक 2,90,014 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें 90,483 नए आवेदन और 1,99,531 रिन्यूअल आवेदन शामिल हैं.
हर साल मिलेंगे 12,000 रुपये
इस योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी स्टूडेंट्स को आगे की पढ़ाई जारी रखने में मदद करना है. इसके तहत हर साल एक लाख स्टूडेंट्स को नई स्कॉलरशिप दी जाती है. चयनित छात्रों को कक्षा 9वीं में एडमिशन लेने पर सालाना 12,000 रुपये यानी हर महीने 1,000 रुपये की सहायता मिलती है. जरूरी एकेडमिक टर्म्स पूरी करने पर यह सहायता कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं तक जारी रह सकती है.
कौन कर सकता है आवेदन?
योजना का लाभ लेने के लिए स्टूडेंट्स को कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी.
- छात्र राज्य सरकार, सरकारी सहायता प्राप्त या स्थानीय निकाय के स्कूल में नियमित रूप से पढ़ता हो.
- परिवार की कुल सालाना आय 3.50 लाख रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए.
- कक्षा 7वीं में कम से कम 55 प्रतिशत नंबर होने चाहिए.
- SC/ST वर्ग के विद्यार्थियों को 5 प्रतिशत की छूट मिलेगी.
- छात्र को राज्य या केंद्र शासित प्रदेश की ओर से आयोजित चयन परीक्षा पास करनी होगी.
परीक्षा में पूछे जाएंगे दो तरह के सवाल
NMMSS चयन परीक्षा में दो भाग होते हैं. मेंटल एबिलिटी टेस्ट (MAT) में तर्कशक्ति और सोचने-समझने की क्षमता जांची जाती है. वहीं, स्कॉलास्टिक एप्टीट्यूड टेस्ट (SAT) में मैथ्स, साइंस और सोशल साइंस जैसे विषयों से सवाल पूछे जाते हैं.
आवेदन के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट
फॉर्म भरते समय आधार कार्ड या OTR नंबर, पिछली कक्षा की मार्कशीट, आय प्रमाण पत्र, बैंक खाते की जानकारी और स्कूल से संबंधित डिटेल्स तैयार रखें. जाति प्रमाण पत्र भी जरूरी हो सकता है. आवेदन करने के बाद छात्र अपने स्कूल से जरूरी वेरिफिकेशन जरूर करा लें.




