GTA 6 की धमाकेदार एंट्री, पीएम मोदी की पोस्ट भी वायरल; जानें भारत से इसका खास कनेक्शन और गेम के 5 बड़े बदलाव

करीब 13 साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार GTA 6 गेम लॉन्च हो गया है. गेमिंग की दुनिया का सबसे बड़ा नाम Grand Theft Auto VI आते ही तलहका मचा दिया है. भारत में भी GTA, 19 नवंबर 2026 को रात 12 बजे अनलॉक हो गया. गेम लॉन्च होते ही भारत में गजब का क्रेज देखने को मिला है. इस गेम को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी का एक सोशल मीडिया पोस्ट किया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है. आइए जानते हैं पीएम मोदी ने अपनी पोस्ट में क्या कहा है और इस गेम का भारत से क्या खास कनेक्शन है.
रॉकस्टार गेम्स ने 19 नवंबर 2026 को रात 12 बजे भारतीय समय के अनुसार PlayStation 5 और Xbox Series X और S के लिए गेम लॉन्च किया. लॉन्च के साथ ही गेम को शानदार रिव्यू मिल रहे हैं. Metacritic पर इसे 100 से ज्यादा क्रिटिक्स के रिव्यू के आधार पर 99 स्कोर अब तक मिल चुका है. इस स्कोर के साथ इसने The Legend of Zelda: Ocarina of Time की बराबरी कर ली है.
PM मोदी ने किया पोस्ट
GTA 6 को लेकर पीएम मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर किया है. इस पोस्ट में पीएम मोदी ने कई तस्वीरें भी शेयर की हैं. इसमें GTA 5 और GTA 6 के बीच के 13 साल के अंतर को आधार बनाकर भारत में हुए बदलावों को दिखाया गया है. सोशल मीडिया पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा कि India is playing a whole new game! यानी भारत अब एक बिल्कुल नया खेल खेल रहा है. इस पोस्ट के जरिए देश में बीते कुछ सालों में हुए बदलावों की ओर इशारा किया गया है. गेम की रिलीज और भारत में गेमिंग के बढ़ते क्रेज के बीच पीएम मोदी का यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है और यूजर्स इसे अलग-अलग अंदाज में गेमिंग से जोड़कर देख रहे हैं.
India is playing a whole new game! https://t.co/CMkMbK6vII
— Narendra Modi (@narendramodi) November 19, 2026
GTA 6 की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रिलीज से पहले ही इसके प्री-ऑर्डर 1.54 अरब डॉलर यानी लगभग 16 मिलियन कॉपी तक पहुंचने का अनुमान है. खास बात है कि इस गेम को तैयार करने में रॉकस्टार गेम्स के भारत के बेंगलुर स्थित स्टूडियो के 1,600 से ज्यादा डेवलपर्स ने भी योगदान दिया है. लेकिन शुरुआत शानदार होने के बाद भी गेम को लेकर कुछ सवाल खड़े हो रहे हैं.
लॉन्च के साथ ही क्यों शुरू हुआ विवाद?
GTA 6 को लेकर एक नया विवाद भी सामने आ रहा है. कुछ गेम लवर्स की नाराजगी देखने को मिल रही है. सबसे ज्यादा नाराजगी इसके 30 FPS लॉक को लेकर है. गेम PS5, Xbox Series X और S के साथ PS5 Pro पर भी 30 FPS पर ही चलता है. PS5 Pro में बेहतर ग्राफिक्स और रे ट्रेसिंग जैसे फीचर जरूर मिलते हैं, लेकिन 60 FPS मोड़ नहीं दिया गया है.
इसके साथ ही गेम का फिजिकल डिस्क वर्जन भी नहीं है. बॉक्स में सिर्फ डिजिटल डाउनलोड कोड दिया जा रहा है. गेम को इंस्टॉल करने के लिए लगभग 212GB तक की स्पेस की जरूरत हो सकती है. भारत में स्टैंडर्ड एडिशन की कीमत 5,999 रुपये और अल्टीमेट एडिशन की कीमत 7,499 रुपये रखी गई है. वहीं, PC गेमर्स को अभी इसके विंडोज वर्जन के लिए इंतजार ही करना होगा.
GTA 6 में हुए ये 5 बड़े बदलाव
अब दो ही मेन किरदार
GTA 5 में माइकल, फ्रैंकलिन और ट्रेवर तीन मेन कैरेक्टर थे, लेकिन GTA 6 में जेसन डुवाल और लूसिया कैमीन्स ही दो मेन कैरेक्टर हैं. लूसिया इस सीरीज के एडवांस मेन गेम की पहली महिला लीड कैरेक्टर है. खिलाड़ी दोनों किरदारों के साथ मिशन पूरे कर सकेंगे.
खिलाड़ी के फैसलों से बदलेगा रिश्ता
जेसन और लूसिया के बीच का रिश्ता पहले जैसा फिक्स नहीं है. खिलाड़ी के फैसलों और दोनों के साथ बिताए समय के आधार पर उनकी नजदीकियां बढ़ेंगी या कम होंगी.
सोशल मीडिया से मिलेंगे नए मिशन
गेम में सोशल मीडिया को ज्यादा रियल बनाया गया है. Snapmatic पर वीडियो और लाइवस्ट्रीम देखने के साथ ही पोस्ट और खबरों के जरिए नए मिशन भी मिल सकते हैं.
पुलिस से बचना होगा मुश्किल
अब पुलिस क्राइम के बाद सिर्फ चेहरे से पहचान नहीं करेगी, बल्कि कपड़े, हथियार और गाड़ी जैसी चीजों को भी देखेगी. पहचान से बचने के लिए खिलाड़ियों को अपना पूरा लुक बदलना होगा.
NPC पहले से ज्यादा समझदार
गेम में सड़क पर घूमने वाले आम लोग यानी NPC अब ज्यादा रियल तरीके से रिप्लाई करेंगे. लगातार पीछा करने पर वे भाग सकते हैं या प्रतिक्रिया भी दिखा सकते हैं. कुछ किरदारों से फिर से मुलाकात हो सकती है.
भारत से क्या है इसका कनेक्शन
GTA 6 का भारत से भी एक खास कनेक्शन है. इस गेम को बनाने में भारत का भी योगदान माना जा सकता है. इस गेम की डेवलपर कंपनी रॉकस्टार गेम्स का एक बड़ा स्टूडियो रॉकस्टार इंडिया भारत के बेंगलुरु शहर में स्थित है. इस गेम की विशाल खुली दुनिया, बेहतरीन ग्राफिक्स, इमारतों के डिजाइन, वाहनों और बारीकियों को तैयार करने में बेंगलुरु स्टूडियो के 1,600 से ज्यादा भारतीय डेवलपर्स, आर्टिस्ट्स और इंजीनियर्स ने काम किया है.
इस तरह से कहा जा सकता है कि लियोनिडा शहर की जिस दुनिया को दुनियाभर के लोग पसंद कर रहे हैं, उसे बनाने में भारतीय टैलेंट की खास भूमिका रही है.
ये भी पढे़ंः कैमरा और डिस्प्ले का डबल डोज! Xiaomi ने ग्लोबली लॉन्च किया दो 200MP कैमरे वाला फोन
ये भी पढे़ंः किस सीन पर लगाया पॉज, क्या किया स्किप? OTT ऐसे रखता है आपकी हर एक्टिविटी का हिसाब




