मनोरंजन

दुनिया के सबसे बड़े म्यूजिक फेस्टिवल में दिखेगा गुरु रंधावा का जलवा, स्टीव आओकी के साथ करेंगे परफॉर्म

मशहूर सिंगर गुरु रंधावा अपने धमाकेदार गानों के लिए जाने जाते हैं. उनकी आवाज के लाखों लोग दीवाने हैं. गुरु के कई गाने ब्लॉकबस्टर साबित हुए हैं. अब सिंगर एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने जा रहे हैं. वह दुनिया के सबसे बड़े डांस म्यूजिक फेस्टिवल्स में से एक Electric Daisy Carnival (EDC) के मेन स्टेज पर परफॉर्म करने वाले हैं. खास बात ये है कि गुरु पहले भारतीय होंगे जो इस फेस्टिवल में परफॉर्म करेंगे. इस खास मौके पर गुरु रंधावा दो बार ग्रैमी अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट हो चुके मशहूर इलेक्ट्रॉनिक म्यूजिक आर्टिस्ट स्टीव आओकी के साथ नजर आएंगे.

स्टीव आओकी 7 नवंबर को फेस्टिवल के दूसरे दिन अपनी परफॉर्मेंस देंगे. इसी दौरान दोनों अपने हालिया कोलैबोरेशन ‘सिर्रा’ (Sirra) का रीमिक्स भी पहली बार पेश करेंगे. Electric Daisy Carnival (EDC) Orlando का आयोजन 6 से 8 नवंबर तक अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित ऑरलैंडो के ऐतिहासिक टिंकर फील्ड में हो रहा है.

फेस्टिवल के दूसरे दिन परफॉर्म करेंगे गुरु

फेस्टिवल के दूसरे दिन स्टीव आओकी मुख्य कलाकार के तौर पर परफॉर्म करेंगे. उनके सेट के एक हिस्से में गुरु रंधावा भी स्टेज पर उनके साथ जुड़ेंगे. इस दौरान दोनों अपने गाने ‘सिर्रा’ का रीमिक्स पहली बार लाइव पेश करेंगे. गुरु रंधावा का ओरिजिनल गाना ‘सिर्रा’ अब स्टीव आओकी के रीमिक्स के बाद डांस फ्लोर एंथम बन गया है. इसमें पंजाबी पॉप म्यूजिक की धुनों को इलेक्ट्रॉनिक म्यूजिक के साथ मिलाया गया है.

EDC म्यूजिक फेस्टिवल के बारे में

EDC दुनिया का सबसे बड़ा डांस म्यूजिक फेस्टिवल माना जाता है, जिसका आयोजन अलग-अलग जगहों पर किया जाता है. पिछले साल इसके लास वेगास एडिशन में करीब 5 लाख लोग शामिल हुए थे. वहीं, ऑरलैंडो में होने वाला यह फेस्टिवल अमेरिका के ईस्ट कोस्ट के सबसे बड़े डांस म्यूजिक इवेंट्स में से एक है.

गुरु रंधावा ने जताई खुशी

EDC के मेन स्टेज पर अपनी पहली परफॉर्मेंस को लेकर गुरु रंधावा ने खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा, ‘EDC के मेन स्टेज पर भारत और अपने म्यूजिक को रिप्रेजेंट करना मेरे लिए बहुत बड़े सम्मान की बात है. स्टीव आओकी और मैंने ‘सिर्रा’ के रीमिक्स के साथ कुछ खास तैयार किया है, जिसमें दो अलग-अलग म्यूजिक स्टाइल को एक साथ लाया गया है.’ उन्होंने आगे कहा कि नई दिल्ली में होने वाले अपने बड़े होमकमिंग स्टेडियम शो से पहले वह EDC के मेन स्टेज पर परफॉर्म करने और दर्शकों के सामने ‘सिर्रा’ की एनर्जी दिखाने के लिए काफी एक्साइटेड हैं.

ये भी पढ़ें: Bigg Boss 20: स्क्रीन टाइम मैं तय नहीं करता काजी तौकीर के फैन्स पर भड़के बिग बॉस, दिया करारा जवाब

Related Articles

Back to top button