मनोरंजन

‘रामायण’ में साई पल्लवी के एक्शन सीन पर क्या बोलीं पुरानी सीता दीपिका चिखलिया?

नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण: पार्ट वन’ में साई पल्लवी के सीता वाले किरदार को लेकर इन दिनों काफी चर्चा हो रही है. खासतौर पर फिल्म में सीता को राक्षसों से लड़ते हुए दिखाने वाले एक्शन सीन पर दर्शकों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. कुछ लोगों को सीता का यह अंदाज पसंद आ रहा है, तो कुछ का मानना है कि यह रामायण की उन कहानियों से अलग है, जिन्हें उन्होंने अब तक देखा और सुना है. अब इस विवाद पर रामानंद सागर की 1987 में आई टीवी सीरीज ‘रामायण’ में सीता का किरदार निभाने वाली दीपिका चिखलिया ने भी भी रिएक्शन दिया है.

दीपिका का सीता के किरदार से खास जुड़ाव रहा है. करीब चार दशक बाद भी लोग उन्हें इसी भूमिका के लिए याद करते हैं. दीपिका ने कहा कि उन्होंने वाल्मीकि और तुलसीदास की रामायण में ऐसे सीन नहीं पढ़े या देखे हैं. हालांकि, एक्ट्रेस ने फिल्म के मेकर्स की सोच को गलत भी नहीं बताया है. उनका कहना है कि देश में रामायण की कई अलग-अलग कहानियां और रूप मौजूद हैं, जिनमें काफी अंतर देखने को मिलता है.

एक्शन सीन को लेकर क्या बोलीं दीपिका?

रामायण में माता सीता बनीं साई पल्लवी के एक्शन के बारे में पूछे जाने पर एक्ट्रेस ने कहा, ‘हां, मैंने इंस्टाग्राम पर वह सीन देखा है. मुझे सच में नहीं पता. वाल्मीकि रामायण और तुलसीदास की रामायण को लेकर मेरी जो यादें हैं, जिन पर हमारी रामायण काफी हद तक आधारित थी, उनमें मुझे कहीं भी ऐसे सीन याद नहीं आते.’ उन्होंने आगे कहा, ‘लेकिन हमारे देश में 300 से ज्यादा रामायण हैं. हर कहानी और हर रामायण एक-दूसरे से थोड़ी अलग है. हो सकता है कि मेकर्स ने किसी ऐसी रामायण से कुछ लिया हो, जिसके बारे में मुझे जानकारी नहीं है.’ दीपिका के इस जवाब की खास बात यह रही कि उन्होंने फिल्म के सीन को सीधे तौर पर गलत नहीं बताया है. उन्होंने साफ किया कि उनकी समझ रामायण के उन संस्करणों पर आधारित है, जिनसे वह परिचित रही हैं.

क्या दीपिका ने देखी नितेश तिवारी की रामायण?

दिलचस्प बात यह है कि दीपिका ने अभी तक नितेश तिवारी की पूरी फिल्म भी नहीं देखी है. उन्होंने सिर्फ इंस्टाग्राम पर सीता के एक्शन सीन की झलक देखी थी. एक्ट्रेस का कहना है कि वह दिवाली के बाद पूरी फिल्म देखने का इरादा रखती हैं.

नितेश तिवारी ने सीता को क्यों दिखाया योद्धा के रूप में?

फिल्म में साई पल्लवी की सीता को एक्शन करते हुए दिखाने के बाद यह बहस शुरू हुई थी. कुछ इसके समर्थन में थे तो कुछ खिलाफ. हालांकि, निर्देशक नितेश तिवारी ने फिल्म रिलीज होने से पहले ही इस फैसले के पीछे की वजह बताई थी. लॉस एंजिल्स में फिल्म के प्रीमियर के दौरान अंतरराष्ट्रीय मीडिया से बातचीत में नितेश ने बताया था कि सीता के इस रूप के लिए ‘अद्भुत रामायण’ से प्रेरणा ली गई है. इस रामायण में सीता को देवी शक्ति के एक बेहद शक्तिशाली और उग्र रूप में दिखाया गया है.

Related Articles

Back to top button