दोस्त ने WhatsApp पर भेजा पार्टी इनविटेशन तो बिना ऐप डाउनलोड किए भी देख सकेंगे डिटेल्स, जानें कैसे

WhatsApp अपने यूजर्स के लिए एक ऐसा फीचर लाने की तैयारी कर रहा है, जिससे पार्टी, बर्थडे या किसी फैमिली फंक्शन की प्लानिंग करना आसान हो जाएगा. अब किसी को इवेंट में बुलाने के लिए यह जरूरी नहीं होगा कि उसके फोन में WhatsApp इंस्टॉल हो. आप ऐसे लोगों को भी इनविटेशन भेज पाएंगे, जो इस ऐप का इस्तेमाल नहीं करते हैं. सामने वाला व्यक्ति सिर्फ एक लिंक खोलकर कार्यक्रम की पूरी जानकारी देख सकेगा और यह भी बता पाएगा कि वह आने वाला है या नहीं. यानी अब पार्टी में बुलाने के लिए ऐप डाउनलोड करने की झंझट खत्म होने वाली है.
बिना WhatsApp अकाउंट के भी मिलेगा पार्टी का इनविटेशन
Meta ने WhatsApp Events में एक नया बदलाव किया है. इसकी मदद से यूजर्स उन लोगों को भी पार्टी या किसी दूसरे कार्यक्रम में बुला सकेंगे, जिनके फोन में WhatsApp नहीं है. इसके लिए सबसे पहले आपको WhatsApp पर एक इवेंट तैयार करना होगा. इसमें कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी और कवर फोटो जोड़ने का ऑप्शन मिलेगा. इसके बाद आप इनविटेशन लिंक बनाकर किसी को भी भेज सकेंगे. लिंक मिलने पर सामने वाला व्यक्ति इसे अपने मोबाइल या कंप्यूटर के ब्राउजर में खोल सकेगा. उसे इवेंट की डिटेल्स देखने के लिए WhatsApp डाउनलोड करने या नया अकाउंट बनाने की जरूरत नहीं होगी.
इतना ही नहीं, वह RSVP के जरिए अपनी मौजूदगी की जानकारी भी दे सकेगा. इससे इवेंट आयोजित करने वाले व्यक्ति को मेहमानों की संख्या का अंदाजा लगाने में आसानी होगी.
WhatsApp में मिलेगा नया Events Home सेक्शन
इस अपडेट के साथ कंपनी इवेंट मैनेज करने के लिए एक अलग सेक्शन भी जोड़ रही है. WhatsApp की Settings में मिलने वाले Events Home में आपके सभी पुराने और आने वाले कार्यक्रमों की जानकारी एक साथ दिखाई देगी.
यहां आप खुद बनाए गए इवेंट और दूसरों की तरफ से भेजे गए इनविटेशन देख सकेंगे. इसके अलावा नए इनविटेशन तैयार करने, मेहमानों के जवाब चेक करने और उन्हें रिमाइंडर भेजने जैसे ऑप्शन भी मिलेंगे. एक और काम का फीचर प्लस-वन (Plus-One) होगा. इसकी मदद से मेहमान बता सकेंगे कि वे अकेले आएंगे या अपने साथ किसी दूसरे व्यक्ति को भी लाएंगे.
फोन नंबर और प्राइवेसी का भी रखा गया ध्यान
WhatsApp ने इस फीचर में यूजर्स की प्राइवेसी को लेकर भी कुछ इंतजाम किए हैं. कंपनी के मुताबिक, अनजान मेहमानों को इवेंट आयोजित करने वाले व्यक्ति का फोन नंबर नहीं दिखेगा. वहीं, जिन लोगों के पास WhatsApp अकाउंट नहीं है, उन्हें कार्यक्रम का पता तभी दिखाई देगा, जब वे RSVP के जरिए अपनी मौजूदगी की पुष्टि कर देंगे. कंपनी ने यह भी बताया है कि WhatsApp पर होने वाली निजी चैट और कॉल पहले की तरह एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहेंगी.
कब मिलेगा WhatsApp का नया फीचर?
WhatsApp ने इस नए अपडेट का ऐलान कर दिया है. कंपनी इसे आने वाले कुछ हफ्तों में सभी यूजर्स के लिए जारी करने वाली है. इस फीचर का मकसद इवेंट का न्योता भेजने और मेहमानों की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया को आसान बनाना है. इससे WhatsApp इस्तेमाल नहीं करने वाले लोग भी आसानी से किसी पार्टी या कार्यक्रम का हिस्सा बन सकेंगे.
यह भी पढ़ें- दिवाली पर महंगे कैमरे की नहीं पड़ेगी जरूरत! स्मार्टफोन की इन सेटिंग्स से आएगी शानदार फोटो और वीडियो
Jio यूजर्स की हो गई मौज! 10 महीने के रिचार्ज में 15 महीने चलेगा Wi-Fi, बस करना होगा ये छोटा सा काम




