1 रुपये की टॉफी के बदले पूरी दुकान लुटाने लगा मासूम, नन्हे दुकानदार की क्यूट हरकत वायरल

कभी-कभी बच्चों की मासूमियत ऐसे पल बना देती है, जिन्हें देखकर चेहरे पर हंसी आना तय है. सोशल मीडिया पर इन दिनों एक छोटे से दुकानदार का वीडियो खूब वायरल हो रहा है. वीडियो में एक नन्हा बच्चा दुकान संभालता नजर आ रहा है. लेकिन जब एक ग्राहक उससे सिर्फ 1 रुपये की टॉफी मांगता है, तो बच्चा कुछ ऐसा कर देता है कि देखने वाले अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं. बच्चे की मासूमियत और पैसों को लेकर उसकी कन्फ्यूजन ने इस छोटी सी खरीदारी को मजेदार किस्सा बना दिया.
दरअसल, इंस्टाग्राम यूजर प्रशांत शर्मा ने अपने अकाउंट पर यह प्यारा सा वीडियो शेयर किया है. वीडियो में प्रशांत एक दुकान पर पहुंचते हैं, जहां एक छोटा बच्चा कुर्सी पर बैठा हुआ दिखाई देता है. प्रशांत उससे कहते हैं कि उन्हें सिर्फ 1 रुपये की टॉफी चाहिए. इतना सुनते ही बच्चा अपनी जगह से उठता है और पूरी जिम्मेदारी के साथ दुकानदार की तरह काम करने लगता है.
नन्हे दुकानदार की क्यूट हरकत वायरल
वह ग्राहक से पैसे लेता है और उन्हें दुकान के गल्ले में रख देता है. इसके बाद टॉफियों से भरा एक डिब्बा उठाकर प्रशांत के पास ले आता है. यहां तक तो सब कुछ बिल्कुल सामान्य रहता है. लेकिन असली मजा इसके बाद शुरू होता है. प्रशांत बच्चे से कहते हैं कि उन्हें बाकी के पैसे यानी छुट्टे वापस चाहिए. अब शायद बच्चा उनकी बात ठीक से समझ नहीं पाता. उसे लगता है कि ग्राहक को और पैसे चाहिए. बस फिर क्या था! वह गल्ले में हाथ डालता है और उसमें से 20 रुपये का नोट निकालकर प्रशांत को पकड़ा देता है. इतना ही नहीं, उसका अंदाज ऐसा होता है जैसे वह पूछ रहा हो कि और पैसे चाहिए क्या?
प्रशांत भी बच्चे की इस हरकत को देखकर मजे लेने लगते हैं. वह हां में जवाब दे देते हैं. इसके बाद बच्चा फिर से गल्ले की तरफ जाता है और उसमें रखे बाकी पैसे निकालने लगता है. उसे पूरी तरह यकीन था कि वह ग्राहक की बात मानकर बिल्कुल सही काम कर रहा है. वहीं, वीडियो देखने वालों के लिए अपनी हंसी रोकना मुश्किल हो गया.
इस वीडियो के कैप्शन में भी मजेदार अंदाज में लिखा गया कि बच्चे ने 1 रुपये की टॉफी के बदले पूरी दुकान ही देने का ऑफर कर दिया. दरअसल, प्रशांत ने उसे 5 रुपये दिए थे और उम्मीद थी कि बच्चा 4 रुपये वापस करेगा. लेकिन नन्हे दुकानदार ने छुट्टे देने के बजाय पैसे लुटाने ही शुरू कर दिए. पोस्ट में बच्चे को प्यार से ‘लिटिल शॉपर’ कहा गया और उसकी दुकान को ‘क्यूटनेस शॉप’ बताया गया.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में पेट्रोल के दाम देखकर उड़े होश, कब्र के लिए भी देने पड़ रहे 10 हजार रुपये!
वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स भी जमकर मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. एक यूजर ने मजाक में बच्चे को संबोधित करते हुए कहा कि आखिर उसने 1 रुपये की टॉफी का इतना महंगा सौदा कैसे कर दिया. वहीं, दूसरे यूजर ने इसे दिन का सबसे प्यारा वीडियो बताया. हालांकि, कुछ लोगों ने हंसी-मजाक के बीच एक जरूरी बात भी उठाई. एक यूजर ने उम्मीद जताई कि प्रशांत ने बाद में बच्चे के सारे पैसे वापस कर दिए होंगे.
यहां देखिए वीडियो
Instagram पर यह पोस्ट देखें




