अजब-गजब

न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए 4,599 से 8,599 रुपये तक चार्ज, केरल के रिसॉर्ट की शर्त ने ग्राहक को किया परेशान

नए साल का जश्न परिवार के साथ मनाने के लिए लोग पहले से ही होटल और रिसॉर्ट की बुकिंग कर लेते हैं, ताकि आखिरी समय पर किसी तरह की परेशानी न हो. लेकिन सोचिए, आपने कई दिन पहले होटल बुक किया हो, पेमेंट भी कर दी हो और फिर अचानक होटल की तरफ से एक ईमेल आए कि अगर 31 दिसंबर को रुकना है तो आपको अलग से हजारों रुपये देने होंगे. कुछ ऐसा ही मामला केरल के मुन्नार स्थित एक 5-स्टार रिसॉर्ट से सामने आया है. यहां नए साल की पार्टी के नाम पर मेहमानों के लिए गाला डिनर अनिवार्य कर दिया गया. इतना ही नहीं, पैसे देने से इनकार करने पर बुकिंग कैंसिल करने की बात भी कही गई.

इस मामले को लेकर गोवा के रहने वाले टेक प्रोफेशनल वेदांत जी (Vedant G) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने Vibe Munnar Resort and Spa से मिले ईमेल का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए बताया कि उन्होंने नए साल पर परिवार के साथ छुट्टियां बिताने के लिए मुन्नार के इस रिसॉर्ट में पहले से बुकिंग कराई थी. उनकी बुकिंग नॉन-रिफंडेबल थी, यानी इसे कैंसिल करने पर पैसे वापस मिलने की उम्मीद भी नहीं थी.

वेदांत के मुताबिक, बुकिंग करने के बाद रिसॉर्ट की तरफ से उन्हें बताया गया कि 31 दिसंबर को होटल में ठहरने वाले सभी मेहमानों के लिए न्यू ईयर गाला डिनर में शामिल होना जरूरी है. इसके लिए कमरे की बुकिंग के अलावा अलग से पैसे देने होंगे. यही बात उन्हें खटक गई. गाला डिनर के लिए कितने रुपये देने होंगे?

रिसॉर्ट की तरफ से भेजे गए ईमेल में अलग-अलग पैकेज और उनके चार्ज की जानकारी दी गई थी. ये कीमतें कुछ इस तरह थीं:

  • टिटोटलर पैकेज: शराब नहीं पीने वाले हर Adult के लिए 4,599 रुपये.
  • बच्चों के लिए: 6 से 12 साल की उम्र के बच्चों के लिए 2,299 रुपये.
  • IMFL पैकेज: भारतीय शराब वाले पैकेज के लिए Per adult 6,599 रुपये.
  • EMFL पैकेज: विदेशी शराब वाले पैकेज के लिए Per adult 8,599 रुपये.

इन पैकेज में खाने-पीने की अलग-अलग सुविधाएं शामिल थीं. टिटोटलर पैकेज में खाना और सॉफ्ट ड्रिंक्स मिलनी थीं, जबकि IMFL पैकेज में खाने के साथ भारतीय शराब और EMFL पैकेज में खाने के साथ विदेशी शराब शामिल थी. रिसॉर्ट ने अपने ईमेल में साफ लिखा था कि 31 दिसंबर को ठहरने वाले सभी मेहमानों के लिए यह फेस्टिव सीजन सप्लीमेंट अनिवार्य है. इसका भुगतान कमरे की बुकिंग के पैसे से अलग करना होगा.

पैसे नहीं दिए तो कैंसिल हो जाएगी बुकिंग

इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात रिसॉर्ट की कैंसिलेशन वाली शर्त थी. ईमेल में कहा गया कि अगर मेहमान अनिवार्य गाला डिनर का हिस्सा नहीं बनना चाहते हैं, तो रिसॉर्ट उनकी बुकिंग बरकरार नहीं रख पाएगा और उसे कैंसिल करना होगा. यानी वेदांत के सामने दो ही रास्ते थे. या तो वह अपने परिवार के साथ डिनर के लिए अतिरिक्त पैसे देते या फिर अपनी पहले से की गई बुकिंग गंवाने का जोखिम उठाते.

वेदांत ने इसी बात पर सवाल उठाया. उनका कहना था कि अगर रिसॉर्ट में नए साल के मौके पर गाला डिनर अनिवार्य है, तो इसकी जानकारी बुकिंग के समय ही दी जानी चाहिए थी. ग्राहक को पहले कमरे की बुकिंग करने देना और बाद में अचानक हजारों रुपये का अतिरिक्त खर्च बताना कहां तक सही है? उन्होंने यह भी सवाल किया कि जब लोग पहले से अपनी छुट्टियों का बजट और ट्रैवल प्लान तैयार कर लेते हैं, तो आखिरी समय पर इस तरह की शर्तें थोपना कितना उचित है.

Kerala Cafe

वेदांत की पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर होटल की इस पॉलिसी को लेकर बहस शुरू हो गई. कई लोगों ने ग्राहक की बात का समर्थन किया. एक यूजर ने कहा कि आमतौर पर होटल की वेबसाइट या बुकिंग प्लेटफॉर्म पर अनिवार्य गाला डिनर की जानकारी पहले से दी जाती है. अगर ऐसा नहीं किया गया था, तो ग्राहक को पूरा रिफंड मिलना चाहिए. वहीं, एक अन्य यूजर ने सुझाव दिया कि अगर होटल पैसे वापस करने से इनकार करता है, तो वेदांत अपने क्रेडिट कार्ड के जरिए चार्जबैक का विकल्प तलाश सकते हैं. हालांकि, यह सुविधा पेमेंट के तरीके और संबंधित बैंक की शर्तों पर निर्भर करेगी.

यह भी पढ़ें: कंपनी हो तो ऐसी! दिवाली पर कर्मचारियों को बांटे iPhone 16, वीडियो देख लोग बोले- वैकेंसी है क्या?

दूसरी तरफ कुछ लोग होटल के समर्थन में भी नजर आए. एक यूजर ने कहा कि होटल भी एक बिजनेस है और उसे कमाई करने का पूरा अधिकार है. वह कोई चैरिटी नहीं चला रहा. फिलहाल इस मामले ने एक बार फिर होटल बुकिंग की शर्तों और ग्राहकों को दी जाने वाली जानकारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं. खासकर फेस्टिव सीजन में अगर कोई अतिरिक्त चार्ज अनिवार्य है, तो उसकी जानकारी बुकिंग से पहले साफ-साफ देना जरूरी है, ताकि ग्राहक अपनी मर्जी और बजट के हिसाब से फैसला ले सकें.

Disclaimer: यह खबर वायरल सोशल मीडिया पोस्ट और नेटिजन्स की प्रतिक्रियाओं पर आधारित है. TV9 भारतवर्ष इस पोस्ट में किए गए किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है.

Related Articles

Back to top button