अजब-गजब

5 महीने पहले शुरू की नौकरी, 12 घंटे की शिफ्ट के बाद भी नहीं मिली राहत, वायरल हुई चैट

हैदराबाद के एक IT फ्रेशर की कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है. मामला एक ऐसे कर्मचारी का है, जो रोजाना करीब 12 घंटे तक काम कर रहा था. कंपनी में नौकरी करते हुए उसे अभी सिर्फ पांच महीने ही हुए थे, लेकिन काम का दबाव इतना ज्यादा था कि उसे लगातार वीकेंड और देर रात तक भी ऑफिस के काम निपटाने पड़ रहे थे. इसके बावजूद जब उसने अपनी शिफ्ट पूरी होने के बाद लॉगआउट किया, तो एक छोटी सी परेशानी को लेकर उसके सीनियर ने उसे जमकर फटकार लगा दी.

इस पूरी घटना के स्क्रीनशॉट कर्मचारी ने सोशल मीडिया पर शेयर किए, जिसके बाद मामला तेजी से वायरल हो गया. पोस्ट सामने आने के बाद लोग ऑफिस में काम के बढ़ते दबाव, कर्मचारियों के निजी समय और वर्क-लाइफ बैलेंस को लेकर चर्चा करने लगे. दरअसल, यह कर्मचारी पिछले करीब पांच महीनों से एक कंपनी में फुल टाइम IT प्रोफेशनल के तौर पर काम कर रहा है. उसने बताया कि प्रोजेक्ट काफी demanding था और उस पर काम का दबाव लगातार बढ़ रहा था. उसके सीनियर को दूसरे प्रोजेक्ट्स की जिम्मेदारी भी मिल गई थी, क्योंकि वह इस प्रोजेक्ट को अकेले ही अच्छी तरह संभाल रहा था.

आखिर क्या है मामला?

कर्मचारी के मुताबिक, हाल ही में प्रोजेक्ट में एक मेजर टेक्निकल प्रोब्लम आई. इसे ठीक करने के लिए उसे शनिवार, रविवार और सोमवार को पूरी रात जागकर काम करना पड़ा. काफी मेहनत के बाद टीम ने उस बड़ी समस्या को सुलझा लिया था. हालांकि, एक छोटी सी दिक्कत बाकी रह गई थी, जिसे अगले दिन आसानी से ठीक किया जा सकता था.

उसने बताया कि वह सुबह 10 बजे से काम कर रहा था और रात करीब 10:30 बजे तक क्लाइंट की तरफ से आए सभी जरूरी रिक्वेस्ट पूरे कर चुका था. इसके बाद उसने अपना काम खत्म किया और लॉगआउट कर दिया, लेकिन लॉगआउट करने के कुछ ही देर बाद क्लाइंट की तरफ से एक छोटी सी समस्या सामने आ गई. कर्मचारी उस समय ऑनलाइन नहीं था, इसलिए वह उसे तुरंत ठीक नहीं कर पाया. बस इसी बात पर उसके सीनियर नाराज हो गए और उसे मैसेज करके फटकार लगाने लगे.

कर्मचारी ने अपनी पोस्ट में बताया कि उसका सीनियर आमतौर पर काफी अच्छा व्यवहार करता था और काम के दौरान उसकी मदद भी करता था. लेकिन इस बार सीनियर का रवैया उसे बिल्कुल पसंद नहीं आया. सीनियर ने मैसेज में अपनी निराशा जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें उससे ऐसी उम्मीद नहीं थी. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि लॉगआउट करने से पहले उसे अपनी अनुपलब्धता के बारे में जानकारी देनी चाहिए थी.

इस पर कर्मचारी ने भी जवाब देते हुए अपनी नाराजगी जाहिर कर दी. उसने साफ कहा कि वह हर समय काम के लिए उपलब्ध नहीं रह सकता. उसने अपने मैसेज में लिखा कि वह क्लाइंट के हाइपरकेयर के लिए खाना, नहाना, सोना और अपनी सेहत को नजरअंदाज नहीं कर सकता. आखिरकार उसे भी किसी समय काम बंद करके कुछ घंटे आराम करने की जरूरत है. उसने यह भी बताया कि वह सुबह जल्दी काम शुरू करना पसंद करता है, इसलिए रात में समय पर सोना उसके लिए जरूरी है.

यह भी पढ़ें: गेम का इंतजार था, लेकिन जिंदगी ने ही छोड़ दिया साथ, GTA 6 फैन Jerry Stephens की दर्दनाक मौत

कर्मचारी ने आगे कहा कि ऐसा नहीं है कि उसने काम में कभी लचीलापन नहीं दिखाया. उसने पूरा वीकेंड काम किया, गंभीर समस्या आने पर देर रात तक जागा और अपनी तरफ से पूरी कोशिश की. इसके बाद भी अगर उसके काम को लेकर सीनियर की यही राय है, तो उसके पास खुद को सही साबित करने के लिए कहने को कुछ नहीं बचता. हालांकि, उसने अपने मैसेज में यह भी कहा कि वह अपने सीनियर का सम्मान करता है और अगर कंपनी उसके खिलाफ कोई फैसला लेती है, तो वह उसे समझने की कोशिश करेगा.

यहां देखिए पोस्ट

Posts from the indianworkplace
community on Reddit

Disclaimer: यह खबर वायरल सोशल मीडिया पोस्ट और नेटिजन्स की प्रतिक्रियाओं पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इस पोस्ट में किए गए किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है.

Related Articles

Back to top button