जापान के पवित्र मंदिर में डांस करना पड़ा भारी, स्लोवाक टीम को मांगनी पड़ी माफी, इंडियन टूरिस्ट्स के लिए भी है बड़ा सबक

सोशल मीडिया पर इन दिनों जापान के एक पवित्र मंदिर का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में स्लोवाकिया की एक डांस टीम टोक्यो के नेजु श्राइन (Tokyo’s Nezu Shrine) में लाल तोरी गेट्स के बीच डांस करती नजर आ रही है. वीडियो सामने आते ही जापान में लोगों ने इस पर जमकर नाराजगी जताई. मामला इतना बढ़ गया कि स्लोवाकिया की एंबेसी को जापान से माफी मांगनी पड़ी.
ये खबर सिर्फ जापान की नहीं है. भारत से भी हर साल लाखों लोग जापान घूमने जाते हैं और भारत में भी मंदिरों में रील बनाने को लेकर यही बहस चलती रहती है. इसलिए ये मामला इंडियन टूरिस्ट्स के लिए भी बड़ा सबक है.
वीडियो में क्या दिख रहा है?
वीडियो में स्लोवाकिया का एक डांस ग्रुप Čarovné Ostrohy टोक्यो के नेजु मंदिर में डांस करता हुआ दिख रहा है. यह डांस ग्रुप Magic Spurs नाम से भी फेमस है. वीडियो में डांस टीम के लोग मंदिर के लाल रंग के गेट्स के बीच में डांस कर रहे हैं. ये मंदिर टोक्यो के बंक्यो इलाके में है और बहुत पुराना माना जाता है. जापान में इन लाल गेट्स को बहुत पवित्र माना जाता है. लोगों का मानना है कि ये गेट आम दुनिया से भगवान की दुनिया में जाने का रास्ता हैं. इसलिए वहां डांस करना लोगों को गलत लगा और उन्हें बुरा लगा.
जापान में क्यों भड़के लोग?
जापानी यूजर्स का कहना है कि श्राइन पूजा और प्रार्थना की जगह है, ना कि परफॉर्मेंस या सोशल मीडिया कंटेंट बनाने की जगह. लोगों ने आरोप लगाया कि डांस टीम ने पवित्र जगह को रील बनाने का सेट समझ लिया. सोशल मीडिया पर लोगों ने लिखा कि पर्यटकों को लोकल कल्चर का सम्मान करना चाहिए. मामले पर नेजु श्राइन के नियमों का भी हवाला दिया जा रहा है. श्राइन में शूटिंग के लिए पहले से परमिशन लेनी होती है और जगह की गरिमा बनाए रखनी होती है. अभी तक ये साफ नहीं है कि टीम ने परमिशन ली थी या नहीं.
एंबेसी को मांगनी पड़ी माफी
मामला बढ़ने पर स्लोवाकिया की एंबेसी ने टोक्यो में माफी मांगी. एंबेसी ने कहा कि मंदिर पूजा करने की जगह है, डांस या शो करने की जगह नहीं है. एंबेसी ने ये भी साफ किया कि इस डांस टीम का स्लोवाक सरकार से कोई लेना-देना नहीं है. एंबेसी ने टीम से वीडियो हटाने को कहा. साथ ही ये भी कहा कि अब जापान जाने वाले लोगों को वहां के नियमों के बारे में पहले से बताया जाएगा.
डांस टीम ने क्या कहा?
विवाद के बाद डांस टीम ने भी इंस्टाग्राम पर माफी मांगी. टीम ने कहा कि वो सिर्फ जापान की खूबसूरती दिखाना चाहते थे, किसी का दिल दुखाना नहीं चाहते थे. टीम ने कहा कि वो दोनों देशों के बीच रिश्ते खराब नहीं करना चाहते. अपनी बात के आखिर में टीम ने लिखा- We love Japan.
यहां देखिए वायरल वीडियो
This is at the Fushimi Inari Shrine in Tokyo, sacred to Japanese people. These are members of the Slovakian dance group, Čarovné Ostrohy.
DISGUSTING. Imagine doing this in St. Peter’s in Rome.
To our European brothers and sisters: Respect the cultures of other peoples!
Thanks to @Izumi_Sunagawa
— Jared Taylor (@RealJarTaylor) November 19, 2026
इंडियन टूरिस्ट्स के लिए क्यों जरूरी है ये खबर?
भारत से जापान जाने वाले पर्यटकों की संख्या हर साल बढ़ रही है. टोक्यो, क्योटो और ओसाका इंडियन टूरिस्ट्स की फेवरेट जगह बन गई हैं. ऐसे में जापान के मंदिरों के नियम जानना जरूरी है. भारत में भी अक्सर मंदिरों, गुरुद्वारों और धार्मिक जगहों पर रील और डांस वीडियो बनाने को लेकर विवाद होता रहता है. केदारनाथ, काशी, वृंदावन जैसे धार्मिक स्थलों पर रील बनाने पर पहले भी लोगों ने आपत्ति जताई है.
विदेश में एक गलती पूरे देश की छवि करती है खराब
जापान में लोगों ने इस घटना के बाद पूरे स्लोवाकिया को लेकर टिप्पणी की. ठीक ऐसे ही विदेश में किसी इंडियन टूरिस्ट की एक गलती से पूरे भारत की छवि पर सवाल उठ जाता है.




