Who Is Behind Desi Batman: कैसे तैयार हुई ‘देसी बैटमैन’ की दुनिया? ‘साजन साजन’ गाने को कर दिया वायरल, IIM के लड़के ने काटा गदर

इन दिनों सोशल मीडिया पर हॉलीवुड का मशहूर सुपरहीरो ‘बैटमैन’ अपनी हाई-टेक कार बैटमोबाइल छोड़कर एक देसी भैंस की पीठ पर सवार नजर आ रहा है. गोथम सिटी की अंधेरी गलियों के बजाय भारत की धूल भरी सड़कों, चाय की टपरी, भीड़भाड़ वाले बाजारों और रेलवे ट्रैक पर जोकर का पीछा करते इस ‘देसी बैटमैन’ ने इंटरनेट पर तहलका मचा रखा है. इंस्टाग्राम रील्स से लेकर यूट्यूब शॉर्ट्स तक, इस अनोखी सीरीज को महज दो हफ्तों में 25 मिलियन (2.5 करोड़) से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं. इस वायरल कमाल के पीछे महाराष्ट्र के रहने वाले सुजल जायसवार (Sujal Jaiswar) का दिमाग और उनकी क्रिएटिविटी है.
मूल रूप से महाराष्ट्र से ताल्लुक रखने वाले सुजल जायसवार सिर्फ एक सोशल मीडिया क्रिएटर नहीं हैं, बल्कि वो मार्केटिंग, विज्ञापन और वीडियो प्रोडक्शन की दुनिया का तजुर्बा रखते हैं. उन्होंने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIM रांची से पांच साल का इंटीग्रेटेड प्रोग्राम इन मैनेजमेंट पूरा किया है. पढ़ाई के दौरान ही उनकी दिलचस्पी फिल्ममेकिंग और वीडियो प्रोडक्शन में बढ़ी. मार्च 2023 में उन्होंने अपने दोस्त ललित कृष्णा के साथ मिलकर ‘न्यूडेन प्रोडक्शंस’ की शुरुआत की. इसके अलावा उन्होंने बेंगलुरु स्थित ‘हाउस ऑफ एडटेक’ में मई से नवंबर 2026 तक AI जनरलिस्ट के तौर पर भी काम किया है.
View this post on Instagram
भैंस-मोबाइल और ‘साजन-साजन’ गाने ने जमाया रंग
नवंबर 2026 की शुरुआत में सुजल ने इस अनोखी सीरीज की शुरुआत की थी, जिसके अब तक 9 से अधिक पार्ट आ चुके हैं और इसमें ‘देसी सुपरमैन’ की एंट्री भी हो चुकी है. वीडियो में बैटमैन कभी भैंस (जिसे लोग मजाक में ‘भैंस-मोबाइल’ कह रहे हैं) पर बैठकर मिशन पर निकलता है, तो कभी साइकिल और ऑटो-रिक्शा पर जोकर को खदेड़ता है. इस पूरे सीन को सबसे ज्यादा मजेदार बनाता है इसका बैकग्राउंड म्यूजिक, जहां बैटमैन के गंभीर चेहरे के पीछे 1999 की फिल्म ‘आरज़ू’ का सुपरहिट गाना ‘साजन-साजन तेरी दुल्हन’ (गायिका अलका याग्निक, संगीत अनु मलिक) बजता है. बैटमैन के सीरियस अंदाज और 90 के दशक के इस रोमांटिक गाने के अनोखे मेल ने इसे इतना बड़ा ट्रेंड बना दिया कि खुद अमेजन म्यूजिक इंडिया ने भी माधुरी दीक्षित के इस गाने की क्लिप शेयर कर मजेदार पोस्ट लिखा.

सिर्फ 2,500 से 5,000 रुपये में बना एक-एक एक्शन सीन
इस सीरीज की सबसे चौंकाने वाली बात इसका बजट और तकनीक है. जहां हॉलीवुड की सुपरहीरो फिल्मों पर करोड़ों रुपये खर्च होते हैं, वहीं उस खर्चे के मुकाबले सुजल ने हर एक्शन सीक्वेंस महज $30 से $60 (लगभग ₹2,500 से ₹5,000) के खर्च में अकेले तैयार किया है. हालांकि, ये वीडियो सिर्फ किसी AI टूल में एक लाइन लिखकर तैयार नहीं किए गए हैं. सुजल ने इसके लिए असली लोकेशन पर लाइव-एक्शन फुटेज शूट किए और फिर जनरेटिव AI टूल्स (जैसे Higgsfield AI Cinema Studio, Google Veo और Runway) के साथ VFX, कंपोजिटिंग, कलर ग्रेडिंग और साउंड डिजाइन का बेहतरीन इस्तेमाल किया.
View this post on Instagram
‘उरी’ और ‘धुरंधर’ के डायरेक्टर आदित्य धर भी हुए कायल
सुजल के काम की चर्चा अब आम यूजर्स से निकलकर बॉलीवुड गलियारों तक पहुंच गई है. इंस्टाग्राम पर 6 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स जुटा चुके सुजल को ‘उरी’ और ‘धुरंधर’ फेम मशहूर फिल्ममेकर आदित्य धर भी फॉलो करते हैं. सोशल मीडिया पर दर्शक सुजल के इस देसी प्रयोग की तुलना कल्ट पैरोडी फिल्म ‘मालेगांव के शोले’ से कर रहे हैं.




