NCERT Class 10th Books: दिसंबर तक आ सकती हैं एनसीईआरटी क्लास 10वीं की नई किताबें, टीचर्स को मिलेगी ट्रेनिंग

राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (NCERT) नए सिलेबस के अनुसार कक्षा 10 की संशोधित टेक्सटबुक्स जारी करने की तैयारी कर रही है. इन पुस्तकों के दिसंबर 2026 के अंत तक उपलब्ध होने की उम्मीद है. वहीं, हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत और उर्दू की किताबें नवंबर के अंत तक जारी की जा सकती हैं. नए सिलेबस को स्कूलों में लागू करने के लिए NCERT देशभर के करीब 60 लाख टीचर्स को ट्रेनिंग भी देगा. यह बदलाव 2027-28 के एकेडमिक ईयर से लागू करने की योजना है.
NCERT कक्षा 10 की नई टेक्सटबुक्स को एक साथ जारी करने के बजाय अलग-अलग चरणों में उपलब्ध कराएगी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत और उर्दू सहित भाषा की किताबें नवंबर 2026 के अंत तक जारी होने की संभावना है. वहीं, फिजिकल एजुकेशन, वोकेशनल एजुकेशन और आर्ट एजुकेशन जैसे विषयों की किताबें दिसंबर के अंत तक उपलब्ध हो सकती हैं.
अगले सेशन की तैयारी करने में होगी आसानी
नई किताबें समय पर मिलने से स्कूलों को अगले सेशन की तैयारी करने में आसानी होगी. खासकर उन स्कूलों को इसका फायदा मिलेगा, जहां कक्षा 9 का सिलेबस पूरा होते ही कक्षा 10 की पढ़ाई शुरू कर दी जाती है. इससे छात्रों को भी नए सिलेबस और विषयों को समझने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा.
60 लाख शिक्षकों को प्रशिक्षित करेगा NCERT
नए सिलेबस को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए NCERT टीचर ट्रेनिंग प्रोग्राम भी शुरू करने की योजना बना रहा है. इसके तहत ‘रीइमैजिन्ड निष्ठा’ पहल के माध्यम से देशभर के लगभग 60 लाख टिचर्स को ट्रेनिंग दी जाएगी. इसके लिए करीब 60 हजार प्रमुख संसाधन व्यक्तियों (KRP) को तैयार किया जाएगा. ये प्रशिक्षक अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में टिचर्स को नई टीचिंग मेथड की जानकारी देंगे. प्रशिक्षण में योग्यता आधारित शिक्षा, नए पढ़ाने के तरीके और असेसमेंट की संशोधित प्रक्रिया पर जोर दिया जाएगा.
कक्षा 10 के नए सिलेबस में होंगे 10 विषय क्षेत्र
कक्षा 10 का नया सिलेबस राष्ट्रीय विद्यालय शिक्षा पाठ्यक्रम (NCF-SE) 2023 की सिफारिशों के आधार पर तैयार किया जा रहा है. इसके तहत माध्यमिक स्तर पर 10 विषय क्षेत्र शामिल होंगे. इनमें तीन भाषाएं, मैथ्स और कम्प्यूटेशनल थिंकिंग, साइंस, सोशल साइंस, शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य, कला शिक्षा, वोकेशनल एजुकेशन और एक अंतर्विषयक (interdisciplinary) विषय शामिल हैं. क्लास 10th के लिए अंतर्विषयक विषय के रूप में एनवायरमेंट एजुकेशन को शामिल किया जाएगा. इसके लिए NCERT नया टीचिंग मटेरियल भी तैयार कर रहा है. नई किताबों और शिक्षक प्रशिक्षण के जरिए NCERT का लक्ष्य 2027-28 के एकेडमिक ईयर से संशोधित सिलेबस को सुचारू रूप से लागू करना है.




