Bigg Boss 20: कैप्टेंसी के लिए आपा खो बैठीं लव गिल! तीखी बहस के बीच माही विज को काटा

Love Gill Angry: रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के घर में हर दिन के साथ मुकाबला और भी ज्यादा आक्रामक होता जा रहा है. आमतौर पर शो के टास्क में कंटेस्टेंट्स के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की देखने को मिलती है, लेकिन इस बार घर की सत्ता यानी कैप्टेंसी की जंग ने बेहद चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, हालिया कैप्टेंसी टास्क के दौरान कंटेस्टेंट लव गिल और एक्ट्रेस माही विज के बीच झड़प इतनी बढ़ गई कि लव ने माही के हाथ पर काट लिया.
जानकारी के अनुसार, घर का नया कैप्टन बनने की रेस में सभी सदस्य पूरी ताकत झोंक रहे थे. इसी टास्क के दौरान लव गिल और माही विज के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते दोनों के बीच तनाव इतना बढ़ गया कि मामला सामान्य कहासुनी से आगे निकल गया. दावा किया जा रहा है कि गुस्से में आपा खोते हुए लव गिल ने माही विज के हाथ पर काट लिया.
हालांकि, दोनों के बीच इस टकराव की असल वजह क्या थी और किस बात पर विवाद भड़का, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आ पाई है. इसके अलावा, यह भी साफ नहीं हो पाया है कि इस घटना के बाद माही विज को हाथ में कोई गंभीर चोट आई है या नहीं.
क्या लव गिल पर गिरेगी ‘बिग बॉस’ की गाज?
‘बिग बॉस’ के घर का सबसे बड़ा नियम यही है कि टास्क के जोश में कोई भी कंटेस्टेंट किसी को शारीरिक नुकसान नहीं पहुंचा सकता. ऐसे में लव गिल के इस कथित कदम ने घर के अंदर और बाहर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि इस हरकत के बाद बिग बॉस या मेकर्स की तरफ से लव गिल के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है या नहीं.
अब दर्शकों की निगाहें आने वाले एपिसोड पर टिकी हैं, जहां यह साफ होगा कि टास्क के दौरान असल में क्या हुआ था और क्या ‘बिग बॉस’ या वीकेंड का वार पर होस्ट सलमान खान इस गंभीर मामले पर लव गिल को कोई कड़ी सजा सुनाते हैं.




