पैसे देते हुए बनाते हैं वीडियो, फिर छीन लेते हैं… शरद कपूर के साथ मदद के नाम पर फर्जीवाड़ा! छलका दर्द

Actor Sharad Kapoor: ‘जोश’, ‘लक्ष्य’ और ‘तमन्ना’ जैसी चर्चित फिल्मों में अपनी अदाकारी का लोहा मनवा चुके एक्टर शरद कपूर इन दिनों अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं. पैर में गंभीर चोट और खराब सेहत के साथ-साथ आर्थिक तंगी से जूझ रहे शरद का हाल ही में एक भावुक वीडियो सामने आया था, जिसमें वो वॉकर के सहारे चलते हुए फिल्म इंडस्ट्री और फैंस से काम व मदद की गुहार लगाते दिखे थे. हालात इतने बिगड़ गए थे कि उन्हें अपने चार पालतू कुत्तों को भी एनिमल शेल्टर होम भेजना पड़ा. लेकिन अब शरद कपूर ने एक नया वीडियो साझा कर सोशल मीडिया पर चल रहे एक बेहद शर्मनाक फर्जीवाड़े की पोल खोली है.
शरद कपूर को मुश्किल दौर से गुजरता देख जहां एक तरफ सोनू सूद और सलमान खान जैसे सितारे मदद के लिए आगे आए, तो वहीं दूसरी तरफ कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने उनकी मजबूरी को कंटेंट बनाने का जरिया बना लिया. शरद ने खुलासा किया कि कई लोग उनके पास आकर कैमरे के सामने पैसे थमाते हुए वीडियो रिकॉर्ड करते हैं, ताकि सोशल मीडिया पर खुद को मसीहा दिखा सकें और वीडियो बनते ही पैसे वापस ले लेते हैं.
शरद कपूर ने जताई नाराजगी
इस हरकत पर नाराजगी और हैरानी जताते हुए शरद ने कहा, “सोशल मीडिया पर गलत चीजें दिखाई जा रही हैं कि हाथ में पैसा दिया…पता ही नहीं चला कि कौन क्या कर रहा है. समझ ही नहीं आ रहा है मतलब. आप समझ रहे हैं ना? आप अचानक सोच में पड़ जाते हैं कि क्या है भाई? मैं कहता हूं कि मुझे नहीं चाहिए, तो कहते हैं कि नहीं-नहीं आप पकड़िए तो सही एक बार. तो मैं सोचता हूं कि ये क्या बदतमीजी हो रही है. लेकिन फिर भी आप कुछ कह नहीं सकते हैं, क्योंकि वो ऐसे लोग हैं. तो इसीलिए अब मैं मिलूंगा नहीं बस नमस्ते कर लूंगा. आपको अब कोई भी जरूरत हो, तो आप प्लीज मुझे डायरेक्ट मैसेज कर दीजिए.”
View this post on Instagram
क्यों भावुक हुए शरद कपूर?
इस कड़वे अनुभव के बीच शरद कपूर ने उन लोगों का दिल से आभार भी जताया जो वाकई निस्वार्थ भाव से उनके साथ खड़े हैं. अपने चारों पालतू कुत्तों को शेल्टर होम में रखने का जिक्र करते हुए वो भावुक हो गए. उन्होंने कहा, “मैं फिल्म इंडस्ट्री का, अपने फैंस का और उन लोगों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, जो मेरी बहुत ज्यादा फिक्र करते हैं. मैं सभी का बहुत शुक्रगुजार हूं. जिस तरह मेरे चार बच्चे (पेट डॉग्स) शेल्टर्स में हैं, वहां पर बाकी जितने भी बच्चे हैं, वो भी मेरे ही बच्चे हैं अब. ये मेरी फैमिली है जो मेरे बच्चों का ख्याल रख रही है.
ये भी पढ़ें-
ग्रैमी 2027 में इस सिंगर को मिले 11 नॉमिनेशन, तमिल गाने ने रचा इतिहास
बर्फीले पानी में 6 घंटे शूटिंग करते थे सलमान, डायरेक्टर ने खोला राज
बिना कुछ बोले आंखों से आंसू निकल आते हैं
फैंस और इंडस्ट्री के साथियों से मिल रहे सच्चे समर्थन पर बात करते हुए शरद कपूर की आंखें भर आईं. उन्होंने कहा कि लोगों ने उन्हें इतना प्यार दिया है जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी. एक्टर के मुताबिक कई बार तो बिना कुछ बोले ही उनकी आंखों से आंसू निकल आते हैं. उन्होंने अपने चाहने वालों से यही प्यार बनाए रखने की अपील की और साफ कर दिया कि अब वो किसी भी तरह के दिखावे या फर्जी वीडियो का हिस्सा नहीं बनेंगे.




