म्यूजिक प्रोड्यूसर देवन एकंबरम ने रचा इतिहास, ग्रैमी अवॉर्ड में नॉमिनेट हुआ उनका गाना, बोले- यह मेरी जिंदगी का…

सिंगर, कंपोजर और म्यूजिक प्रोड्यूसर देवन एकंबरम ने इतिहास रच दिया है. उनका गाना ‘वरुवाई’ (Varuvaaiy) ग्रैमी अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट होने वाला पहला तमिल गाना बन गया है. 69वें ग्रैमी अवॉर्ड्स में इस गाने को ‘बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक परफॉर्मेंस’ कैटेगरी में नॉमिनेशन मिला है. यह गाना तमिल कवि भारथियार के एक पुराने गाने का नया वर्जन है, जिसमें सिंगर सुशा ने भी अपनी आवाज दी है.
इतनी बड़ी उपलब्धि के बाद देवन एकंबरम काफी खुश हैं. उन्होंने वैरायटी इंडिया को इंटरव्यू दिया है. देवन एकंबरम ने अपने करीब तीन दशक लंबे म्यूजिक करियर, ए. आर. रहमान और हैरिस जयराज जैसे दिग्गजों के साथ काम करने के अनुभव और इस ग्रैमी नॉमिनेशन से जुड़ी अपनी खुशी के बारे में बात की है.
नॉमिनेशन पर क्या बोले देवन एकंबरम
देवन एकंबरम ने वैरायटी इंडिया के साथ बातचीत में कहा – यह मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा दिन है. मैं करीब 30 साल से इंडिपेंडेंट आर्टिस्ट के तौर पर काम कर रहा हूं. जब मैंने 20 साल की उम्र में अपना सफर शुरू किया था, तब से लेकर आज तक संगीत मेरे लिए सब कुछ रहा है. मैंने इस प्रोजेक्ट की शुरुआत जून में अचानक ही की थी. इसके पीछे कोई बहुत बड़ी योजना नहीं थी. मैं तमिल के मशहूर कवि भारथियार के काम से जुड़ा कुछ करना चाहता था. महिलाओं के अधिकार, भेदभाव और जातिवाद के खिलाफ उनके विचार और उनका निडर अंदाज मुझे बहुत प्रेरित करता है.
गाने को लेकर क्या बोले सिंगर?
मेरी दोस्त सुशा करीब 20 साल से मेरी जान-पहचान में हैं. वह बहुत अच्छी कर्नाटक सिंगर हैं. कोविड के बाद मैंने उन्हें सोशल मीडिया पर अपने गाने के वीडियो शेयर करते देखा और उनके साथ काम करने का फैसला किया. हमने भारथियार का गाना ‘वरुवाई’ चुना, जिसे राग देश में तैयार किया गया है. सुशा ने इसे मेरे होम स्टूडियो में रिकॉर्ड किया.
इसके बाद मैंने इस गाने को तैयार करना शुरू किया. इसमें अनिल श्रीनिवासन ने पियानो और प्रकाश सोंटक्के ने गिटार बजाया. प्रकाश ने पहले रिकी केज के एल्बम में भी काम किया है और वह रिकॉर्डिंग एकेडमी के सदस्य भी हैं. इसके अलावा कुछ नए कलाकारों ने गिटार, बास और तबला बजाया. मेरा मकसद सिर्फ इतना था कि लोग इस गाने को सुनें.
कैसे ग्रैमी में नॉमिनेट हुआ गाना
इसे लेकर देवन ने बताया कि मैं रिकॉर्डिंग एकेडमी का वोटिंग मेंबर हूं, इसलिए मैंने अगस्त में इसे बस ऐसे ही नॉमिनेशन के लिए भेज दिया था. मुझे बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि इसे नॉमिनेशन मिल जाएगा. जब यह खबर आई, तब मैं एक मंदिर में था. लॉस एंजिल्स में रहने वाले मेरे दोस्तों ने मुझे मैसेज करना शुरू किया. इस कैटेगरी में सबसे पहले मेरे नाम का ऐलान हुआ था. मंदिर में ही मेरी आंखों से आंसू निकल आए और तब से मैं ठीक से सो भी नहीं पाया हूं. मेरा फोन लगातार बज रहा है. इस पूरे अनुभव से मैंने एक बात सीखी है कि सफलता सिर्फ काबिलियत पर निर्भर नहीं करती, बल्कि सही समय पर भी निर्भर करती है. मुझे लगता है कि अब मेरा समय आ गया है.




