कम उम्र में भी दस्तक दे रहा पैंक्रियाटिक कैंसर, भारत में कम केस पर मौतें ज्यादा

पैंक्रियाटिक कैंसर को अब तक बुजुर्गों की बीमारी माना जाता था, लेकिन अब ये 30-40 की उम्र के लोगों में भी तेजी से दिख रहा है. भारत में इसके केस पश्चिमी देशों से कम हैं, फिर भी मौत का आंकड़ा ज्यादा है. वजह है – देर से पहचान. आकाश सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में सर्जिकल ऑन्कोलॉजी के निदेशक डॉ. अरुण कुमार गिरी का कहना है कि इस बीमारी के शुरुआती लक्षण बहुत कम होते हैं और लोगों को पता ही नहीं होता कि क्या देखना है.
जब तक बीमारी पकड़ में आती है, तब तक ट्यूमर को निकालना मुश्किल हो जाता है. जानें इससे बचाव के तरीके और किन बातों का रखना चाहिए खास ख्याल…
भारत में आंकड़े क्या कहते हैं?
भारत में हर साल करीब 10,000 से 14,000 नए केस सामने आते हैं. इंसिडेंस के मामले में ये कैंसर 24वें नंबर पर है, लेकिन मौत के मामले में 18वें नंबर पर पहुंच जाता है. पुरुषों में हर 1 लाख पर 0.5 से 2.4 और महिलाओं में 0.2 से 1.8 केस आते हैं, जो अमेरिका-यूरोप से काफी कम है. लेकिन सबसे बड़ी दिक्कत ये है कि सिर्फ 15 से 20 फीसदी मरीज ही ऐसे होते हैं जिनका ट्यूमर ऑपरेशन से निकाला जा सके.
व्हिपल प्रोसीजर या पैंक्रियाज के बॉडी-टेल को निकालना ही इलाज का इकलौता मौका है. बाकी मरीजों के लिए कीमोथेरेपी, रेडिएशन, टारगेटेड थेरेपी और पैलिएटिव केयर ही बचती है.
30-40 की उम्र में क्यों बढ़ रहा खतरा?
पिछले दो दशकों में दुनिया भर में 50 से कम उम्र के लोगों में केस लगातार बढ़े हैं. भारत में रिपोर्टिंग अधूरी है, लेकिन बड़े कैंसर सेंटरों में 30 के आखिर में मरीज ज्यादा आ रहे हैं – वो भी बिना डायबिटीज और बिना स्मोकिंग के.
भारतीय मरीजों में ये बीमारी पश्चिमी देशों की तुलना में करीब 10 साल पहले ही डायग्नोज हो जाती है. बेहतर इमेजिंग एक वजह हो सकती है, लेकिन पूरी वजह नहीं. मोटापा, बैठे रहने वाली लाइफस्टाइल, ज्यादा शराब, स्मोकिंग, गुटखा-तंबाकू और क्रोनिक पैंक्रियाटाइटिस – इन सब पर शक किया जा रहा है.
खामोश बीमारी- लक्षण पहचानना मुश्किल
पैंक्रियाज पेट में गहराई में, पेट के पीछे होता है, इसलिए बढ़ता ट्यूमर हाथ से महसूस नहीं होता और लंबे समय तक चुप रहता है. शुरुआती लक्षण रोजमर्रा की शिकायतों जैसे लगते हैं
पेट के ऊपरी हिस्से या पीठ में हल्का दर्द
पेट फूलना, अपच
थकान, भूख कम लगना
कम उम्र के मरीजों में इन्हें एसिडिटी या स्ट्रेस समझकर एंटासिड और घरेलू नुस्खों से टाल दिया जाता है, और महीनों बीत जाते हैं.
ये रेड फ्लैग नजरअंदाज न करें
डॉ. गिरी के अनुसार, इन संकेतों पर तुरंत जांच करानी चाहिए:
स्किन और आंखों का पीला पड़ना
गाढ़ा पेशाब, हल्का मल या खुजली
बिना वजह वजन घटना
पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द जो पीठ तक जाए
50 के बाद अचानक डायबिटीज होना
डायबिटीज का अचानक बेकाबू हो जाना
इनमें से कोई भी लक्षण हो तो इसका मतलब ये नहीं कि कैंसर ही है, लेकिन लगातार बने रहने वाले लक्षणों की जांच जरूर होनी चाहिए.
किन लोगों को ज्यादा सावधान रहना चाहिए?
क्रोनिक या ट्रॉपिकल कैल्सिफिक पैंक्रियाटाइटिस वाले लोग – जो दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में ज्यादा है
परिवार में पैंक्रियाटिक कैंसर की हिस्ट्री वाले लोग
ज्यादा शराब और तंबाकू इस्तेमाल करने वाले
डॉ. गिरी कहते हैं, पब्लिक एजुकेशन सिर्फ स्मोकर्स और बुजुर्गों तक नहीं, बल्कि यंग एडल्ट्स तक पहुंचनी चाहिए. प्राइमरी केयर डॉक्टरों को लगातार पेट-पीठ दर्द, बिना वजह वजन घटने और नई डायबिटीज पर जल्दी जांच का थ्रेशोल्ड कम रखना चाहिए. तंबाकू छोड़ना, शराब कम करना और वजन कंट्रोल रखना, यही सबसे प्रैक्टिकल बचाव है.


