Naagzilla: कार्तिक आर्यन की ‘नागजिला’ में रवि किशन की एंट्री, ‘इच्छाधारी नाग’ से होगी जबरदस्त टक्कर!

Naagzilla: कार्तिक आर्यन के पास प्रोजेक्ट्स की फिलहाल कोई कमी नहीं है. अभी कई बड़ी फिल्में उनके नाम हैं, जिस पर एक्टर लगातार काम कर रहे हैं. वहीं, ‘नागजिला’ भी उनमें से एक है, जिसे लेकर अब एक बेहद दिलचस्प और बड़ा अपडेट सामने आया है. इस फैंटेसी-कॉमेडी फिल्म में अब एक्टर रवि किशन की एंट्री हो गई है. जो पर्दे पर कार्तिक आर्यन के साथ दो-दो हाथ करते नजर आएंगे.
दरअसल फिल्म ‘नागजिला’ में रवि किशन विलेन ‘पाइथन’ का किरदार निभाने जा रहे हैं. फिल्म में कार्तिक आर्यन एक इच्छाधारी नाग ‘प्रियंवदेश्वर प्यारे चंद’ का रोल कर रहे हैं. ऐसे में एक इच्छाधारी नाग और पाइथन के बीच होने वाली यह टक्कर लोगों के लिए काफी मजेदार होने वाली है. अपनी दमदार आवाज, खास अंदाज और बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग के लिए रवि किशन पॉपुलर हैं. अब उनके जुड़ने से फिल्म की स्टारकास्ट और भी मजबूत हो गई है.
कार्तिक की ‘नागजिला’ में रवि किशन की एंट्री
‘नागजिला’ का डायरेक्शन ‘फुकरे’ जैसी सुपरहिट फ्रेंचाइजी बनाने वाले डायरेक्टर मृगदीप सिंह लांबा कर रहे हैं. जबकि इसकी कहानी गौतम मेहरा ने लिखी है. फिल्म को करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के बैनर तले बनाया जा रहा है. लोककथाओं, फैंटेसी और कॉमेडी के अनोखे मेल वाली यह फिल्म जल्द रिलीज होगी. जो कार्तिक आर्यन के करियर के सबसे अलग प्रोजेक्ट्स में से एक है. जिसमें भरपूर मनोरंजन और विजुअल इफेक्ट्स देखने को मिलेंगे. दरअसल इस प्रोजेक्ट में एक्ट्रेस प्रीति मुकुंदन भी एक अहम किरदार में दिखाई देंगी.
फिल्म की रिलीज डेट को लेकर भी ताजा जानकारी सामने आई है. पहले इस फिल्म को साल 2026 में रिलीज करने की प्लानिंग थी. लेकिन अब मेकर्स ने इसे आगे बढ़ाते हुए वैलेंटाइन वीकेंड का खास स्लॉट चुना है. ‘नागजिला’ अब 12 फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. बड़े पर्दे पर पहली बार कार्तिक आर्यन और रवि किशन की यह जुगलबंदी और टक्कर देखने को मिलेगी. जिसे देखने के लिए फैन्स अभी से काफी एक्साइटेड हैं.




