‘रामायण’ का हिंदी वर्जन देखना पसंद कर रहे विदेशी दर्शक, इंग्लिश डब को बताया अधूरा

भारत की अब तक की सबसे बड़ी फिल्म मानी जा रही ‘रामायण’ को दुनियाभर में बड़े स्तर पर रिलीज किया गया है. फिल्म को इंटरनेशनल लेवल पर किसी भी भारतीय फिल्म के मुकाबले ज्यादा स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया. फिल्म के मेकर्स ने विदेशी दर्शकों को ध्यान में रखते हुए इसका एक छोटा वर्जन भी तैयार किया है, जिसका नाम ‘रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड’ रखा गया है. इसे अंग्रेजी में डब किया गया है और इसकी लंबाई हिंदी वर्जन से करीब 30 मिनट कम है.
मेकर्स को उम्मीद थी कि छोटा और एक्शन से भरपूर वर्जन पश्चिमी देशों के दर्शकों को ज्यादा पसंद आएगा. हालांकि, शुरुआती प्रतिक्रियाएं कुछ अलग ही कहानी बयां कर रही हैं. विदेशी दर्शक छोटे इंग्लिश वर्जन के बजाय फिल्म का लंबा हिंदी वर्जन देखना ज्यादा पसंद कर रहे हैं.
‘रामायण’ के दो अलग-अलग वर्जन
‘रामायण’ का हिंदी वर्जन 3 घंटे 18 मिनट का है, जबकि इंटरनेशनल वर्जन ‘राइज ऑफ ए लीजेंड’ की अवधि 2 घंटे 48 मिनट है. यानी दोनों के बीच करीब 30 मिनट का अंतर है. छोटे वर्जन में कई गाने, म्यूजिकल सीक्वेंस और कहानी को समझाने वाले कुछ अहम हिस्से हटा दिए गए हैं. इनमें वह सीन भी शामिल है, जिसमें भगवान इंद्र रावण से हारने के बाद भगवान विष्णु से मदद मांगने पहुंचते हैं. इसके अलावा, इंटरनेशनल वर्जन को अंग्रेजी में डब किया गया है. इसमें ब्रह्मा AI टेक्नोलॉजी की मदद से किरदारों के होंठों की मूवमेंट को अंग्रेजी डायलॉग के साथ मैच किया गया है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स चाहते थे कि विदेशी दर्शकों के लिए फिल्म को ज्यादा छोटा और एक्शन से भरपूर बनाया जाए. लेकिन शुरुआती रिव्यू में कई लोगों ने लंबे हिंदी वर्जन को बेहतर बताया. उनका मानना था कि हिंदी वर्जन में कहानी को जल्दबाजी में नहीं दिखाया गया है और हर चीज को समझने का पूरा मौका मिलता है. अब दर्शकों की प्रतिक्रियाएं भी इसी तरफ इशारा कर रही हैं.
विदेशी दर्शकों को क्यों पसंद आ रहा हिंदी वर्जन?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर एक दर्शक ने जब बताया कि अंग्रेजी वर्जन से फिल्म के कई गाने हटा दिए गए हैं, तो इस पर लोगों ने नाराजगी जताई. एक यूजर ने लिखा, “यह मेरी समझ से बाहर है कि कोई भारतीय संस्कृति के इतने अहम ग्रंथ पर बनी बॉलीवुड फिल्म बिना म्यूजिकल सीन्स के क्यों देखना चाहेगा. फिल्म का सबसे अच्छा हिस्सा तो यही होता है!” एक दूसरे यूजर ने भी इसी बात का समर्थन करते हुए लिखा, “गाने हटा दिए? बॉलीवुड और टॉलीवुड फिल्मों का सबसे अच्छा हिस्सा तो यही होता है!”
लंबा हिंदी वर्जन देखने वाले कई दर्शकों का कहना है कि फिल्म के गाने सिर्फ मनोरंजन के लिए नहीं हैं, बल्कि कहानी का अहम हिस्सा हैं. अमेरिका के एक दर्शक ने लिखा कि फिल्म में आम सामूहिक जश्न के अलावा रावण का एक खास डांस सीक्वेंस है, जो उसके ताकतवर बनने के बाद दिखाया गया है और काफी शानदार है.
एक अन्य दर्शक ने कहा कि फिल्म से गाने हटाने पर कहानी का अनुभव ही बदल जाता है. उनके मुताबिक, फिल्म के म्यूजिकल सीक्वेंस बॉलीवुड के आम गाने और डांस वाले अंदाज से अलग हैं. उन्होंने लिखा, “मैंने अभी फिल्म देखी है. मेरी सलाह है कि लंबे वर्जन को ही देखें. इसमें म्यूजिकल सीक्वेंस बॉलीवुड के आम गाने और डांस वाले अंदाज जैसे नहीं हैं. इन्हें फिल्म से हटाने पर कहानी का एक हिस्सा अजीब तरीके से कटा हुआ लगता है.”
सबटाइटल के साथ हिंदी फिल्म देखने की सलाह
कई विदेशी दर्शकों ने अंग्रेजी में डब फिल्म देखने के बजाय हिंदी वर्जन को अंग्रेजी सबटाइटल के साथ देखने की सलाह दी है. एक यूजर ने लिखा, “हिंदी वर्जन को सबटाइटल के साथ देखें. करीब 3 घंटे 15 मिनट वाला वर्जन देखने लायक है. इसमें कहानी का कोई भी अहम हिस्सा छूटता नहीं है, जबकि अंग्रेजी वर्जन में ऐसा लगता है.” इस तरह शुरुआती प्रतिक्रियाओं से साफ है कि विदेशी दर्शकों को भी ‘रामायण’ का पूरा हिंदी वर्जन पसंद आ रहा है. उनके लिए फिल्म के गाने, म्यूजिकल सीक्वेंस और कहानी की बारीकियां इसे और खास बना रही हैं.




