मनोरंजन

Global Peace Honours 2026: पहलगाम, 26/11 और दिल्ली ब्लास्ट के शहीदों को शाहरुख का सलाम! सुनाईं 4 ऐसी लाइनें, गूंज उठा पूरा हॉल

Global Peace Honours 2026: बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान ‘ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026’ समारोह में शामिल हुए, जहां उन्होंने आतंकवादी हमलों के पीड़ितों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सुरक्षाकर्मियों को सलाम किया. अमृता फडणवीस द्वारा शुरू किए गए इस वार्षिक कार्यक्रम में आतंकवाद के खिलाफ साहस दिखाने वालों को सम्मानित किया जाता है. इस मौके पर क्रिकेट दिग्गज सचिन तेंदुलकर, रणवीर सिंह, सुनील शेट्टी और विक्रांत मैसी समेत कई चर्चित हस्तियां मौजूद रहीं. इस खास मौके पर शाहरुख खान ने मुंबई के 26/11 आतंकी हमले, पहलगाम आतंकी हमले और हालिया दिल्ली धमाकों में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों और शहीद जवानों को याद किया.

शाहरूख खान ने कहा, “26/11 आतंकी हमले, पहलगाम आतंकी हमले और हाल के दिल्ली धमाकों में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि और इन हमलों में शहीद हुए हमारे बहादुर सुरक्षाकर्मियों को मेरा आदरपूर्ण सलाम. आज मुझसे देश के वीर सैनिकों और जवानों के लिए ये चार खूबसूरत पंक्तियां सुनाने को कहा गया है…”

शाहरुख ने जवानों के लिए सुनाईं ये चार दमदार पंक्तियां

देश के सैनिकों के साहस और सेवा को समर्पित चार पंक्तियां पढ़ते हुए शाहरुख ने कहा, हमें हर बात से सहमति नहीं दिखानी, पर हमें समझनी है हर शख्स की कहानी। हम खूब करें नादानी, पर किसी को ना हो हमसे परेशानी। हम सर कटाने से डरते नहीं, पर इज्जत से कभी-कभार सर झुका भी लेते हैं, क्योंकि हमारा दिल है हिंदुस्तानी। किंग खान ने आगे जाति, पंथ और भेदभाव को भुलाकर एक साथ शांति की ओर कदम बढ़ाने और इंसानियत के रास्ते पर चलने की अपील की, ताकि देश की शांति के लिए हमारे वीरों की शहादत व्यर्थ न जाए.

26/11 की सर्वाइवर देविका को बताया असली हीरो

इवेंट के दौरान शाहरुख खान ने 26/11 मुंबई हमले की सबसे कम उम्र की सर्वाइवर और चश्मदीद गवाह रहीं देविका रोटावन से मंच पर बातचीत की और उन्हें विशेष सम्मान से नवाजा. देविका के साहस को सलाम करते हुए शाहरुख ने कहा कि मंच पर बैठे कलाकार असली हीरो-हीरोइन नहीं हैं, बल्कि सबसे बड़ी हीरो देविका हैं और पूरा देश उनके साथ खड़ा है. इस दौरान एक्टर विक्रांत मैसी और बोमन ईरानी ने सुझाव दिया कि शाहरुख का आइकॉनिक बाहें फैलाने वाला पोज पूरी दुनिया के लिए ‘पीस पोज’ बन सकता है. जब दोनों ने उनसे यह पोज सिखाने को कहा, तो शाहरुख ने समझाया कि इसके लिए पहले दिल में दूसरों की मदद करने और किसी जरूरतमंद का सहारा बनने का जज्बा ‘फील’ करना पड़ता है, ताकि इंसान गर्व से कह सके,”मैं हूं ना”. इस बीच शाहरुख ने विक्रांत मैसी के साथ दोनों के नेशनल अवॉर्ड विनर होने को लेकर हल्की-फुल्की चुटकी भी ली.

DDLJ के आइकॉनिक अंदाज में दिया शांति का संदेश

दरअसल कार्यक्रम में देरी से पहुंचने पर शाहरुख ने अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में कहा, “सॉरी आई वाज अ लिटिल लेट (माफ करना, मैं थोड़ा देरी से पूछा), बट ट्रैफिक का कुछ करेंगे थोड़े दिन के अंदर.” वहीं, जब उन्होंने ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ का डायलॉग दोहराया, तो पहले मजाक में कहा कि उम्र के साथ अब उनकी आवाज मोटी हो गई है और फिर भारी आवाज में बोले, “बड़े-बड़े देशों में छोटी-छोटी बातें होती रहती हैं, सेनोरिटा.” इसके तुरंत बाद उन्होंने इसमें एक नया संदेश जोड़ते हुए कहा, “लेकिन आज मैं कहूंगा कि बड़े-बड़े देशों में बड़े-बड़े फैसलों के बीच इंसानियत की छोटी सी बात को कभी भी छोटा मत समझिएगा, क्योंकि यही छोटी बात इतिहास बदल सकती है.”

Related Articles

Back to top button