अजब-गजब

आधी रात को Zomato से खाना मंगाना 17 साल के लड़के को पड़ा भारी, डिलीवरी पार्टनर ने मांगे ₹5,000!

ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप Zomato से खाना ऑर्डर करना आजकल आम बात है. लोग घर बैठे कुछ ही मिनटों में अपना पसंदीदा खाना मंगा लेते हैं. लेकिन कई बार छोटी-सी डिलीवरी भी अजीब और परेशान करने वाले अनुभव में बदल जाती है. ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां 17 साल के एक लड़के को देर रात खाना ऑर्डर करना भारी पड़ गया. आरोप है कि खाना पहुंचाने के बाद डिलीवरी पार्टनर ने उससे पहले एक्स्ट्रा टिप मांगी और फिर ₹5,000 ऑनलाइन ट्रांसफर करने की मांग कर दी.

यह पूरा मामला Reddit के r/TeenIndia कम्युनिटी में शेयर किया गया है. किशोर ने अपनी पोस्ट का टाइटल ‘Delievery partner started shouting at my door’ रखा. पोस्ट के मुताबिक, घटना रात करीब 2 बजे की है. लड़के ने Zomato से खाना ऑर्डर किया था.

आधी रात को करने लगा ऐसी डिमांड

डिलीवरी पार्टनर खाना देने के बाद वहां से चला गया और लड़का भी खाना लेकर घर के अंदर चला गया, लेकिन कुछ देर बाद अचानक बाहर से आवाज आने लगी. डिलीवरी पार्टनर उसे आवाज लगाते हुए कह रहा था, ‘बेटा इधर आओ.’ यह सुनकर लड़का जल्दी से गेट पर पहुंचा और पूछा कि आखिर क्या बात है.

किशोर के मुताबिक, डिलीवरी पार्टनर ने उससे टिप मांगी. लड़के ने बताया कि वह ऐप के जरिए पहले ही टिप दे चुका है. इसके बावजूद डिलीवरी पार्टनर ने उससे 20 रुपये और देने को कहा. रात के करीब 2 बजे का समय था और लड़का अपने माता-पिता को जगाकर कोई परेशानी खड़ी नहीं करना चाहता था. इसलिए उसने बिना बहस किए 20 रुपये भी दे दिए.

हालांकि, लड़के को लगा कि अब मामला खत्म हो गया होगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. वह वापस अपने कमरे में चला गया. तभी कुछ देर बाद डिलीवरी पार्टनर ने दोबारा जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया. इतना ही नहीं, उसने घर के मेन गेट पर भी जोर-जोर से दस्तक देनी शुरू कर दी. लड़के का कहना था कि इस वजह से उसके माता-पिता और आसपास के पड़ोसियों की नींद भी खराब हो सकती थी.

इसके बाद डिलीवरी पार्टनर ने जो मांग रखी, उसे सुनकर किशोर हैरान रह गया. आरोप है कि उसने लड़के से कहा कि वह ऑनलाइन ₹5,000 ट्रांसफर कर दे और बदले में उसे कैश दे दिया जाएगा. 17 साल के लड़के को समझ नहीं आया कि आखिर डिलीवरी के बाद उससे इस तरह की मांग क्यों की जा रही है.

Reddit पर यह पोस्ट सामने आने के बाद कई यूजर्स ने अपनी प्रतिक्रियाएं दीं. कुछ लोगों ने अपने साथ हुए ऐसे ही अनुभव भी शेयर किए. एक यूजर ने बताया कि उसने आधी रात को करीब 3,000 रुपये का माउस ऑर्डर किया था. डिलीवरी में देरी होने के बाद भी डिलीवरी पार्टनर उससे बार-बार टिप मांग रहा था.

वहीं, एक अन्य यूजर ने किशोर को सलाह दी कि वह इस घटना के बारे में अपने माता-पिता को जरूर बताए. कुछ लोगों ने टिप मांगने के इस तरीके पर नाराजगी जताई. एक यूजर ने कहा कि टिप कल्चर को बढ़ावा नहीं देना चाहिए, वरना आगे चलकर ऐसी परेशानियां बढ़ सकती हैं.

यह भी पढ़ें: विदेश की चमक-धमक के पीछे की असली कहानी, भारतीय महिला ने खोला अपनी कमाई और खर्चों का पूरा चिट्ठा

फिलहाल, यह मामला Reddit पर शेयर किए गए किशोर के दावे पर आधारित है. इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. लेकिन इस घटना ने एक बार फिर ऑनलाइन डिलीवरी के दौरान ग्राहकों की सुरक्षा और डिलीवरी पार्टनर्स के व्यवहार को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Related Articles

Back to top button