‘मैं खुद से नफरत करने लगा था’…मेहजबीन से शादी को लेकर मुनव्वर फारूकी का बड़ा खुलासा

कॉमेडियन और एक्टर मुनव्वर फारूकी ने बिग बॉस 17 जीतने के बाद अपनी जिंदगी में आए मुश्किल दौर के बारे में खुलकर बात की है. उन्होंने बताया कि शो जीतने के बाद उन्हें पैसा, काम और खूब शोहरत मिली, लेकिन उनकी निजी जिंदगी उस दिशा में जा रही थी, जिससे वह खुश नहीं थे. उन्हें इस बात की भी चिंता सताने लगी थी कि उनके फैसलों का उनके छोटे बेटे पर क्या असर पड़ेगा. सानिया मिर्जा के पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान मुनव्वर ने बताया कि बिग बॉस जीतने के बाद वह कुछ दिनों के लिए खुद को दुनिया से अलग कर चुके थे. इसी दौरान उनकी मुलाकात फिर से मेहजबीन कोटवाला से हुई.
दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और कुछ ही दिनों बाद मुनव्वर ने उन्हें शादी के लिए प्रपोज कर दिया. इसके करीब एक महीने बाद दोनों ने शादी कर ली. मुनव्वर और मेहजबीन ने मई 2024 में निकाह किया था. यह शादी बिग बॉस 17 जीतने के करीब चार महीने बाद हुई थी.
बिग बॉस जीतने के बाद मुश्किल दौर से गुजरे मुनव्वर
मुनव्वर ने बताया, “बिग बॉस के बाद फरवरी से अप्रैल तक करीब ढाई-तीन महीने मेरी जिंदगी पर काफी ध्यान दिया जा रहा था. शो में आने से पहले मेरी शादी हो चुकी थी और मेरा 5-6 साल का बेटा था. शो में जाने से पहले मुझे पता चला कि मेरी एक्स वाइफ दूसरी शादी कर रही हैं और वह मेरे बेटे को अपने साथ नहीं रख रही हैं. ऐसे में अब मेरा बच्चा मेरे पास आ सकता था.”
उन्होंने आगे बताया कि बेटे के वापस आने से वह बहुत खुश थे, लेकिन उन्हें यह भी पता था कि बच्चे को काफी देखभाल की जरूरत है. इसलिए उन्होंने अपनी बहन से बेटे को छह महीने तक संभालने के लिए कहा था. उनका इरादा था कि शो से लौटने के बाद वह खुद बेटे की जिम्मेदारी उठाएंगे. हालांकि, बिग बॉस जीतने के बाद महिलाओं से मिलने वाले अटेंशन ने उन्हें परेशान करना शुरू कर दिया.
खुद से नफरत करने लगे थे मुनव्वर
मुनव्वर ने बताया कि उनके पास काम की कमी नहीं थी और आर्थिक स्थिति भी अच्छी हो गई थी, लेकिन वह अपनी जिंदगी से खुश नहीं थे. धीरे-धीरे उन्हें अपने फैसलों पर सवाल उठने लगे और उन्होंने खुद को संभालने के लिए दुआ का सहारा लिया. मुनव्वर ने आगे बताया, “मैं नमाज पढ़ता था और रोते हुए अल्लाह से दुआ करता था कि मेरी जिंदगी में ठहराव आ जाए. मैंने खुद को तीन-चार दिनों तक लिविंग रूम में बंद कर लिया था. बाहर की दुनिया मेरा इंतजार कर रही थी और सब कुछ अच्छा दिख रहा था. लेकिन जैसे ही मैं बाहर निकलता था, मुझे खुद से नफरत होने लगी थी. मुझे अपनी वह जिंदगी पसंद नहीं थी. तभी मुझे एहसास हुआ कि मैं शादी करना चाहता हूं.”
View this post on Instagram
मेहजबीन को कैसे किया था प्रपोज?
मेहजबीन के साथ अपने रिश्ते के बारे में बात करते हुए मुनव्वर ने बताया कि दोनों की पहली मुलाकात शादी से करीब डेढ़ साल पहले एक कॉमन दोस्त के जरिए हुई थी. उस समय मेहजबीन अपने दोस्त के साथ एक फिल्म देखने आई थीं और दोनों ने साथ में फोटो भी खिंचवाई थी. हालांकि, इसके बाद दोनों के बीच ज्यादा बातचीत नहीं हुई. मुनव्वर ने बताया, “मेहजबीन हमारे एक कॉमन दोस्त की कजिन थीं. उनसे मेरी मुलाकात करीब डेढ़ साल पहले हुई थी. रमजान के बाद हमने एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी. उन्होंने मुझे एक गिफ्ट भेजा और फिर हमारी तीन-चार दिनों तक बातचीत हुई.” बाद में मुनव्वर को पता चला कि मेहजबीन का अपने पहले पति से अलगाव हो चुका है और उनकी एक बेटी भी है. इसके बाद उन्होंने मेहजबीन से मिलने का फैसला किया. मुलाकात के दौरान ही मुनव्वर ने उन्हें शादी के लिए प्रपोज कर दिया.
बता दें कि मुनव्वर और मेहजबीन की एक बेटी हुई है, जिसका नाम कपल ने बेरिराह रखा है. वहीं, पहली शादी से मुनव्वर का एक बेटा है और मेहजबीन की एक बेटी.




