अजब-गजब

शर्मनाक! मसूरी में विदेशी पर्यटक उठाती रही कूड़ा, भारतीय देखते रहे तमाशा; VIDEO वायरल

‘पहाड़ों की रानी’ कहे जाने वाले मसूरी में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने हम सबको सोचने पर मजबूर कर दिया है. जहां एक तरफ हम अपनी खूबसूरत वादियों और पर्यटन पर गर्व करते हैं, वहीं दूसरी तरफ हमारी लापरवाही की वजह से विदेशी मेहमानों के सामने देश की नाक कट रही है. हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें एक ताइवानी पर्यटक मसूरी के एक प्रसिद्ध हिलटॉप पर खुद कचरा साफ करती नजर आ रही है, जबकि आसपास खड़े भारतीय सैलानी तमाशा देख रहे थे.

दलाई हिल्स पर पसरा था गंदगी का अंबार

यह पूरा मामला मसूरी की खूबसूरत ‘हैप्पी वैली’ में स्थित प्रसिद्ध दलाई हिल्स (Dalai Hills) का है. यह जगह अपनी विशाल बुद्ध की मूर्ति, रंग-बिरंगे प्रार्थना झंडों और हिमालय के मनमोहक नजारों के लिए जानी जाती है. यहां बौद्ध मंदिर होने के कारण इसे एक पवित्र स्थल भी माना जाता है.

लेकिन जब इंटरनेट पर @onroadindian के नाम से मशहूर यूट्यूबर अनंत एम अपने ताइवानी दोस्त को अपना होमटाउन दिखाने वहां पहुंचे, तो नजारा बेहद निराशाजनक था. पवित्र और सुंदर पहाड़ प्लास्टिक की बोतलों, चिप्स के रैपर्स और खाने के कचरे सेटे हुए थे.

जब विदेशी दोस्त ने खुद उठाई सफाई की जिम्मेदारी

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे दोनों दोस्तों ने बिना किसी झिझक के जमीन से कचरा उठाना शुरू कर दिया. अनंत ने वीडियो में बताया कि उन्हें इस बात का बेहद अफसोस हुआ कि एक विदेशी पर्यटक को हमारे देश के टूरिस्ट स्पॉट को साफ करना पड़ रहा है.

उन्होंने यह भी शेयर किया कि जब उन्होंने अपने दोस्त को कचरा उठाने से मना किया, तो उनके दोस्त ने साफ कहा कि इस खूबसूरती को ऐसे गंदा नहीं छोड़ा जा सकता. वह खुद कचरा डालने के लिए एक बैग की तलाश करने निकल पड़े. सबसे शर्मनाक बात यह थी कि आसपास दर्जनों भारतीय पर्यटक मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी आगे आकर उनकी मदद करने की जहमत नहीं उठाई.

सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा

यह वीडियो सामने आते ही इंटरनेट पर वायरल हो गया और लोग इस पर तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. सोशल मीडिया यूजर्स ने भारतीय पर्यटकों में सिविक सेंस की भारी कमी पर गहरी नाराजगी जताई है. लोगों ने ताइवानी पर्यटक की इस पहल की दिल खोलकर तारीफ की है, साथ ही उन सैलानीयों की आलोचना की है जो सिर्फ गंदगी फैलाने का काम करते हैं. कई लोगों ने कमेंट किया कि हम अपनी लापरवाही से मसूरी और अन्य हिल स्टेशनों की प्राकृतिक खूबसूरती को लगातार नष्ट कर रहे हैं.

यहां देखिए वायरल वीडियो

View this post on Instagram

A post shared by Anant M (@onroadindian)

Related Articles

Back to top button