अजब-गजब

दिवाली पर सेठ ने खोला दिल, 50 कर्मचारियों को दिया ₹1-1 लाख का बोनस, हर तरफ हो रही तारीफ!

दिवाली का त्योहार आते ही कंपनियों में कर्मचारियों को बोनस और गिफ्ट देने का सिलसिला शुरू हो जाता है. कहीं मिठाई बांटी जाती है तो कहीं सैलरी के साथ कुछ अतिरिक्त पैसे दिए जाते हैं. लेकिन राजस्थान के एक कारोबारी ने इस बार अपने कर्मचारियों के लिए जो किया, उसने लोगों का दिल जीत लिया. उनकी इस पहल की चर्चा अब सोशल मीडिया से लेकर देशभर में हो रही है. वजह भी बेहद खास है. कारोबारी ने अपने कर्मचारियों को सिर्फ दिवाली की बधाई नहीं दी, बल्कि उनकी खुशियों को दोगुना करने के लिए हर किसी को एक बड़ी रकम तोहफे में दे दी.

दरअसल, राजस्थान के बीकानेर से ताल्लुक रखने वाले और गुजरात के सूरत में कपड़ों का बड़ा कारोबार करने वाले उद्योगपति रामस्वरूप मूंड ने इस दिवाली अपने स्टाफ को ऐसा सरप्राइज दिया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. उन्होंने अपने यहां काम करने वाले 50 कर्मचारियों में से हर एक को 1 लाख रुपये नकद बोनस दिया. इसके साथ ही सभी को खास गिफ्ट भी दिए गए. यानी उनके कर्मचारियों के लिए इस बार की दिवाली सचमुच यादगार बन गई.

अहसान नहीं हक है इन लोगों का

इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद लोग रामस्वरूप मूंड की जमकर तारीफ कर रहे हैं. कोई उन्हें बड़े दिल वाला इंसान बता रहा है तो कोई कह रहा है कि असली अमीरी बैंक बैलेंस से नहीं, बल्कि दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाने से दिखाई देती है.

लेकिन इस कहानी की सबसे खास बात सिर्फ एक लाख रुपये का बोनस नहीं, बल्कि इसके पीछे छिपी कारोबारी की सोच है. वायरल वीडियो में रामस्वरूप मूंड ने अपनी बात रखते हुए कहा कि उनका यह कदम किसी तरह का दिखावा नहीं है. वे खुद जानते हैं कि नौकरी करने, मेहनत करने और अपने परिवार की जिम्मेदारियां उठाने में कितनी मुश्किलें आती हैं. इसलिए वे चाहते हैं कि उनके साथ काम करने वाले लोगों के घरों में भी दिवाली की खुशियां उसी तरह आएं, जैसे उनके अपने घर में आती हैं.

उन्होंने यह भी बताया कि उनके पास कोई ऐसी दौलत की पोटली नहीं है, जिसे बांटकर वे किसी पर एहसान कर रहे हों. उनके मुताबिक, कारोबार में जो कुछ भी हासिल हुआ है, उसमें उनकी टीम की मेहनत का बहुत बड़ा योगदान है. अगर कर्मचारी दिन-रात मेहनत नहीं करेंगे तो कोई भी कारोबार अकेले आगे नहीं बढ़ सकता.

रामस्वरूप मूंड का मानना है कि त्योहार की खुशियां सिर्फ मालिक के घर तक सीमित नहीं रहनी चाहिए. जिस टीम के भरोसे कारोबार चलता है, उस टीम के परिवारों को भी खुशियां बांटने का पूरा हक है. उनके लिए कर्मचारी सिर्फ काम करने वाले लोग नहीं, बल्कि परिवार का हिस्सा हैं.

यह भी पढ़ें: वर्क फ्रॉम कैफे बना मालिकों के लिए सिरदर्द, ग्राहकों की इस आदत से घट रहा बिजनेस

वैसे यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने अपने कर्मचारियों के लिए इतना बड़ा कदम उठाया हो. पिछले साल भी धनतेरस के मौके पर उन्होंने स्टाफ को पैसे बांटे थे और तब भी उनका वीडियो खूब वायरल हुआ था. लोगों ने उनकी सोच और दरियादिली की जमकर सराहना की थी.

यहां देखिए वीडियो

Related Articles

Back to top button