अजब-गजब

जब अपनों ने नहीं, अजनबियों ने निभाया फर्ज, राहगीरों ने दिखाई ऐसी दरियादिली कि जीत लिया दिल

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर आपके चेहरे पर भी मुस्कान आ जाएगी. वीडियो में कुछ राहगीर एक अनजान युवक की मदद करते नजर आ रहे हैं. दरअसल, युवक अपनी बहन की शादी के निमंत्रण कार्ड लेकर कहीं जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसके साथ कुछ ऐसा हुआ कि वह अचानक मुश्किल में पड़ गया. हालांकि, वहां मौजूद लोगों ने जिस तरह उसकी मदद की, उसने एक बार फिर साबित कर दिया कि इंसानियत आज भी जिंदा है.

बताया जा रहा है कि युवक अपनी बहन की शादी के कार्ड एक बैग में रखकर सफर कर रहा था. इसी दौरान हाईवे पर अचानक उसका बैग खुल गया या फट गया. देखते ही देखते बैग में रखे शादी के सभी कार्ड सड़क पर इधर-उधर बिखर गए. हाईवे पर तेज रफ्तार से गाड़ियां गुजर रही थीं और सड़क पर फैले कार्ड हवा में उड़ रहे थे. यह देखकर युवक के होश उड़ गए.

अजनबियों ने निभाया इंसानियत का फर्ज

उसके सामने सबसे बड़ी परेशानी यह थी कि आखिर वह करे तो क्या करे. एक तरफ बहन की शादी के जरूरी निमंत्रण कार्ड थे, जिन्हें समेटना उसके लिए बेहद जरूरी था. दूसरी तरफ हाईवे पर लगातार दौड़ रहे वाहन उसके लिए खतरा बने हुए थे. वह अपनी जान की परवाह करते हुए भी किसी तरह सड़क पर बिखरे कार्ड उठाने की कोशिश कर रहा था.

युवक अकेले ही कार्ड इकट्ठा करने में लगा था. इसी बीच वहां से गुजर रहे कुछ लोगों की नजर उस पर पड़ी. उन्होंने जब युवक को इस तरह परेशान देखा तो बिना देर किए अपने वाहन रोक दिए. इसके बाद वे भी उसकी मदद के लिए सड़क पर उतर आए. कुछ ही देर में वहां कई लोग इकट्ठा हो गए. कोई सड़क पर दूर तक बिखरे कार्ड उठा रहा था, तो कोई उन्हें इकट्ठा करके एक जगह रख रहा था. धीरे-धीरे सभी लोगों ने मिलकर काफी सारे कार्ड समेट लिए. जिस मुश्किल में युवक कुछ देर पहले अकेला जूझ रहा था, अब उसमें कई लोग उसका साथ दे रहे थे.

इस पूरे मामले की सबसे खूबसूरत बात यही रही कि मदद करने वाले लोगों का युवक से कोई लेना-देना नहीं था. न वे उसके रिश्तेदार थे और न ही उसे पहले से जानते थे. इसके बावजूद उन्होंने अपना सफर रोका और एक अनजान इंसान की परेशानी को अपनी परेशानी समझकर उसकी मदद की.

आज के समय में जब हर कोई अपनी मंजिल तक जल्दी पहुंचने की कोशिश में लगा रहता है, तब किसी अनजान व्यक्ति के लिए रुकना और उसकी मदद करना वाकई बड़ी बात है. अक्सर लोग दूसरों को मुश्किल में देखकर भी अनदेखा कर देते हैं, लेकिन इन राहगीरों ने कुछ मिनट निकालकर एक परिवार की खुशी से जुड़ी चीजों को संभालने में मदद की.

यह भी पढ़ें: 1 रुपये की टॉफी के बदले पूरी दुकान लुटाने लगा मासूम, नन्हे दुकानदार की क्यूट हरकत वायरल

सोशल मीडिया पर इस वीडियो को देखकर लोग राहगीरों की जमकर तारीफ कर रहे हैं. कई यूजर्स का कहना है कि दुनिया में आज भी ऐसे लोग मौजूद हैं, जो बिना किसी स्वार्थ के दूसरों के काम आते हैं. सच कहें तो इस घटना ने एक छोटी सी बात फिर याद दिला दी कि इंसानियत दिखाने के लिए किसी बड़े काम की जरूरत नहीं होती.

यहां देखिए वीडियो

Related Articles

Back to top button