Ramayana: रामानंद सागर की ‘रामायण’ से क्यों गायब था रावण के जीजा का किरदार, रणबीर की फिल्म में विवेक ओबेरॉय ने निभाया है ये रोल

डायरेक्टर नितेश तिवारी की भव्य और पौराणिक फिल्म ‘रामायण’ बड़े पर्दे पर रिलीज़ होकर दर्शकों के बीच तहलका मचा रही है. रणबीर कपूर (श्री राम), साई पल्लवी (माता सीता) और यश (रावण) की मुख्य भूमिकाओं से सजी इस 2000 करोड़ी फिल्म में पौराणिक कथाओं के कई ऐसे अनछुए पहलुओं को दिखाया गया है, जो इससे पहले पर्दे पर कभी देखने को नहीं मिले. इसी में से एक किरदार है रावण की बहन शूर्पणखा के पति और उसके जीजा ‘विद्युतजिव्हा’ का, जिसे फिल्म में बॉलीवुड एक्टर विवेक ओबेरॉय ने निभाया है.
थिएटर में फिल्म देखने के बाद दर्शकों के मन में ये सवाल उठ रहा है कि आखिर विद्युतजिव्हा कौन था? उसका रावण के साथ क्या संबंध था? और 39 साल पहले आई रामानंद सागर की ऐतिहासिक ‘रामायण’ से ये महत्वपूर्ण किरदार क्यों पूरी तरह गायब था? आईए इसपर विस्तार से चर्चा करते हैं.
कहा जाता है वाल्मीकि रामायण के मुताबिक, विद्युतजिव्हा दानवराज कालकेय का सेनापति और एक शक्तिशाली राजकुमार था. कालकेय दानव और रावण का राक्षस कुल एक-दूसरे के पारंपरिक और कट्टर शत्रु थे. इसी बीच रावण की बहन शूर्पणखा (फिल्म में रकुल प्रीत सिंह) को विद्युतजिव्हा से प्रेम हो गया और उसने रावण की मर्जी के बिना उससे चुपके से विवाह कर लिया. जब रावण को अपनी बहन के इस गुप्त विवाह का पता चला, तो वह बेहद क्रोधित हो गया. अपने शत्रु कुल में बहन की शादी को रावण ने अपना अपमान माना. इसके बाद जब रावण ने कालकेय दानवों पर आक्रमण किया, तो युद्ध के दौरान रावण ने विद्युतजिव्हा का वध कर दिया. अपने ही भाई के हाथों पति के मारे जाने से शूर्पणखा बुरी तरह टूट गई. पौराणिक विद्वानों का मानना है कि शूर्पणखा के मन में अपने पति की हत्या को लेकर रावण के प्रति गहरा प्रतिशोध था. इसी बदले की आग के कारण उसने पंचवटी में श्री राम और लक्ष्मण से विवाद के बाद रावण को देवी सीता का अपहरण करने के लिए उकसाया, जो अंततः रावण और उसकी सोने की लंका के सर्वनाश का कारण बना. हालांकि रामायण फिल्म में पूरी तरह से अलग कहानी बताई गई है.
ये भी पढ़ें: विवेक ओबेरॉय ने निभाया अपना वादा, रामायण से मिली पूरी फीस की दान, कैंसर से जूझ रहे 50 बच्चों की मदद
1987 की रामानंद सागर की ‘रामायण’ से क्यों गायब था ये किरदार?
1987 में प्रसारित रामानंद सागर की सुपरहिट ‘रामायण’ में शूर्पणखा का अमर किरदार एक्ट्रेस रेनू धारीवाल ने निभाया था. लेकिन उस पूरे धारावाहिक में शूर्पणखा के पति विद्युतजिव्हा का कोई जिक्र या किरदार नहीं दिखाया गया था. इसके पीछे मुख्य कारण कहानी की संरचना और धार्मिक ग्रंथों का चयन था, रामानंद सागर की ‘रामायण’ मुख्य रूप से गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित ‘रामचरितमानस’ और वाल्मीकि रामायण के भक्ति पक्ष पर आधारित थी. इस सीरियल में भगवान श्री राम के अवतार, बाल्यकाल, मर्यादा और भक्ति भावना पर मुख्य ध्यान केंद्रित किया गया है, जहां रावण के पारिवारिक इतिहास और आंतरिक युद्धों की बैकस्टोरी प्रसंगों को छोड़ दिया गया है.
View this post on Instagram
रामानंद सागर ने शूर्पणखा की एंट्री सीधे एक राक्षसी के रूप में दिखाई, जो पंचवटी में श्री राम और लक्ष्मण से मिलती है. इसमें कहानी की गति को बनाए रखने के लिए रावण के अतीत और उसके जीजा के वध वाले प्रसंग को शामिल नहीं किया गया था.
नितेश तिवारी की फिल्म में ‘विद्युतजिव्हा’ और क्रिएटिव लिबर्टी
रामानंद सागर की सीरीज से विपरीत, नितेश तिवारी की 2026 की फिल्म ‘रामायण’ में रावण के अतीत, सुमाली, कैकसी और लंका के शुरुआती इतिहास (उत्तरकांड के प्रसंगों) को बड़े पैमाने पर फिल्माया गया है. फिल्म में लंका की अंदरूनी राजनीति और युद्धों को स्थापित करने के लिए विद्युतजिव्हा के किरदार को खास जगह दी गई है. विवेक ओबेरॉय ने योद्धा के भारी-भरकम कवच और शाही मुकुट के साथ विद्युतजिव्हा के रोल में जान फूंकी है. फिल्म में दिखाया गया है कि कुंभकर्ण के जागने के बाद लंका में जश्न के दौरान विद्युतजिह्वा को एक सेविका (नौकरानी) के साथ दुर्व्यवहार करते हुए देख रावण को गुस्सा आ जाता है. साथ ही, रावण को मिलने वाले सम्मान और वर्चस्व से विद्युतजिह्वा के भीतर जलन की भावना भी भड़क उठती है. इसी अपमान और ईर्ष्या के चलते रावण और उसके बहनोई विद्युतजिह्वा के बीच भयानक युद्ध छिड़ जाता है, जिसमें रावण अपनी बहन शूर्पणखा के पति का वध कर देता है.
फिल्म में लंकापति रावण बने केजीएफ स्टार ‘यश’ और विवेक ओबेरॉय के बीच का टकराव पर्दे पर एक अलग ही विजुअल ट्रीट पेश करता है. मेकर्स ने सिनेमाई छूट लेते हुए लंका के शुरुआती संघर्षों और शूर्पणखा के अतीत को आधुनिक तकनीक और भव्यता के साथ पर्दे पर उतारा है, जो 1987 के टीवी सीरियल से बिल्कुल अलग अनुभव देता है.




