उत्तर प्रदेश

फोन चलाने की आदत से हो रहे हैं परेशान? आज ही बदल दें ये 5 सेटिंग्स, खुद छूट जाएगी आदत

आज के डिजिटल युग में लगभग हर किसी के हाथ में स्मार्टफोन है. एक तरफ तो डिजिटल लाइफ लोगों के काम को आसान बना रही है, तो दूसरी तरफ इसके नुकसान भी कम नहीं हैं. स्मार्टफोन हाथ में होने के कारण इसका इस्तेमाल भी ज्यादा होता है, जिसका असर दिमाग से लेकर आंखों तक होता है. बहुत से लोग तो ऐसे हैं, जो मेट्रो में सफर हो, किसी कैफे में बैठना हो या फिर सुबह-शाम का टहलना, हर जगह मोबाइल फोन ही इस्तेमाल करते रहते हैं. रील्स और शॉर्ट्स जैसे छोटे वीडियो देखने की आदत भी लोगों में काफी बढ़ गई है.

अगर आप भी इसी समस्या से परेशान हैं और इसे दूर करना चाहते हैं, तो आपको अपने स्मार्टफोन की सेटिंग्स में कुछ बदलाव करना होगा. जिससे न सिर्फ स्मार्टफोन की लत कम होगी, बल्कि दूसरे जरूरी कामों पर ध्यान लगाना भी आसान हो सकता है. आइए जानते हैं ऐसे 5 तरीके, जिनकी सहायता से आप अपने स्मार्टफोन की लत को कम कर सकते हैं.

1. सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले ऐप्स पर लगाएं टाइमर

स्मार्टफोन इस्तेमाल करते समय अक्सर यूजर भूल जाते हैं कि वह कितनी देर से ऐप्स पर एक्टिव हैं.ऐसे में यह जानना जरूरी होता है कि आपका समय किन ऐप्स पर ज्यादा खर्च हो रहा है. इसी के लिए एंड्रॉयड स्मार्टफोन में Google का Digital Wellbeing फीचर होता है. जिसकी सहायता से आप यह चेक कर सकते हैं कि किस ऐप्स को आप कितनी देर इस्तेमाल करते हैं. इसके साथ ही इस फीचर में ऐप्स पर टाइमर लगाने का ऑप्शन मिलता है. आप यहां से ऐप्स पर एक फिक्स टाइमर सेट कर सकते हैं. समय पूरा होने पर ऐप का इस्तेमाल रोकने में यह फीचर मदद करता है.

2. फोन की स्क्रीन को ब्लैक एंड व्हाइट करें

स्मार्टफोन की कलरफुल स्क्रीन हमें लंबे समय तक फोन से कनेक्ट किए रखती है. अगर आप स्मार्टफोन ज्यादा चलाने की लत को कम करना चाहते हैं, तो डिस्प्ले को ग्रेस्केल यानी ब्लैक एंड व्हाइट मोड कर सकते हैं. एंड्रॉयड स्मार्टफोन में Bedtime Mode के जरिए यह फीचर मिलता है. इसके साथ ही फिक्स टाइम पर इस फीचर की सहायता से नोटिफिकेशन और अलर्ट भी साइलेंट किए जा सकते हैं. इससे फोन पहले जितना आकर्षक नहीं लगेगा और बिना किसी खास काम के उसे बार-बार चेक करने का मन नहीं करेगा.

3. होम स्क्रीन को बनाएं नार्मल

फोन की लत को कम करने के लिए फोन को खाली रखना चाहिए. सरल शब्दों में कहें तो स्मार्टफोन में ऐसे ऐप्स नहीं रखना चाहिए, जो बिना जरूरत भी किसी ऐप को खोलने के लिए प्रेरित करते हैं. ऐसे में होम स्क्रीन को जितना नार्मल रखा जाए, उतना ही अच्छा होता है.एंड्रॉयड यूजर्स इसके लिए Minimalist Launcher को ऑन कर सकते हैं. ये लॉन्चर फोन की होम स्क्रीन और ऐप ड्रॉअर का लुक बदल देते हैं. इसके साथ ही अगर आप चाहें तो आइकन की जगह सिर्फ ऐप्स के नाम दिखाने वाला टेक्स्ट बेस्ड लॉन्चर भी सेलेक्ट कर सकते हैं. इससे बार-बार सोशल मीडिया ऐप्स खोलने की आदत को कम करने में मदद मिल सकती है.

4. छोटे वीडियो की जगह लंबा कंटेंट देखें

स्मार्टफोन ज्यादा इस्तेमाल करने की पीछे की सबसे बड़ी वजह है रील्स और शॉर्ट वीडियो को ज्यादा देखना. अगर आप फोन कम चलाना चाहते हैं, तो आप अपने खाली समय में लंबे कंटेंट को जगह दें. इसके लिए स्मार्टफोन पर ई-बुक, PDF, पॉडकास्ट, डॉक्यूमेंट्री या लंबे वीडियो देख सकते हैं. अगर आप सफर के दौरान इंटरनेट से कनेक्ट नहीं हैं तो अपनी पसंद का कंटेंट डाउनलोड कर लें. किताब पढना या किसी विषय पर लंबी वीडियो देखना आपको एक ही काम पर ज्यादा समय तक ध्यान लगाने का मौका देता है. धीरे-धीरे इससे लगातार कंटेंट बदलने और स्क्रॉल करते रहने की आदत कम करने में मदद मिलती है.

5. गैरजरूरी नोटिफिकेशन को करें बंद

कई बार स्मार्टफोन पास होने के बाद भी हम इस्तेमाल नहीं कर रहे होते हैं, लेकिन एक नोटिफिकेशन आते हैं, हम फोन में लग जाते हैं. इस समस्या को कम करने के लिए आपको गैरजरूरी नोटिफिकेशन को बंद करना होगा. फोन की सेटिंग्स में जाकर देख लें कि किन ऐप्स से सबसे ज्यादा अलर्ट आते हैं और उनमें से कौन से आपके लिए जरूरी हैं. एंड्रॉयड स्मार्टफोन में Settings के अंदर App Info में जाकर किसी भी ऐप के नोटिफिकेशन को बंद किया जा सकता है. आप चाहें तो सभी अलर्ट बंद ऑफ करने की जगह पर सिर्फ गैरजरूरी कैटेगरी के नोटिफिकेशन बंद कर सकते हैं.

आज के इस दौर में स्मार्टफोन जरूरी है. पढ़ाई, ऑफिस, बैंकिंग, पेमेंट और डेलीलाइफ के बहुत सारे कामों के लिए फोन की जरूरत होती है. ऐसे में इसका इस्तेमाल बंद करने के बजाय अपनी आदतों को सुधारना ज्यादा जरूरी है.

अब WhatsApp से भर सकेंगे बिल और मिलेगा उधार! AI फीचर्स भी होंगे शामिल

Related Articles

Back to top button