मनोरंजन

Bigg Boss 20: ‘ज्ञानी बाबा’ और ‘प्रोफेसर’ कहकर उकसाया, रुलाने की दी धमकी! काजी तौकीर पर भड़कीं मनीष गोयल की पत्नी पूनम नरूला

Bigg Boss 20: रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के घर में इन दिनों एक्टर मनीष गोयल और सिंगर काजी तौकीर के बीच का टकराव नया मोड़ ले चुका है. शो के लेटेस्ट प्रोमो में देखने को मिला कि काजी द्वारा ‘प्रोफेसर’ कहे जाने पर मनीष गोयल का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया और वे बुरी तरह भड़क उठे. अब इस पूरे विवाद पर मनीष की पत्नी पूनम नरूला ने चुप्पी तोड़ी है और सोशल मीडिया पर लंबा पोस्ट लिखकर बताया है कि आखिर मनीष के इस गुस्से के पीछे की असली वजह क्या थी.

पूनम नरूला ने इंस्टाग्राम पर एक बयान जारी कर काजी तौकीर पर उनके पति को लगातार उकसाने और नीचा दिखाने के आरोप लगाए हैं. पूनम ने लिखा, “जब से मनीष घर में गए हैं, काजी उन्हें लगातार ‘ज्ञानी बाबा’ और ‘प्रोफेसर’ जैसे नामों से चिढ़ा रहे हैं. शुरुआत में यह एक मजाक (प्रैंक) की तरह शुरू हुआ था, जिसमें बाकी घरवाले भी शामिल हो गए थे. मनीष को इसका अंदाजा नहीं था, फिर भी उन्होंने इसे खेल भावना से लिया. लेकिन काजी ने इसे हद से आगे बढ़ा दिया और अपमानजनक टिप्पणियों के साथ उनकी उम्र का मजाक उड़ाने लगे.”

पूनम ने किया चौंकाने वाला खुलासा

पूनम ने आगे एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि जब मनीष ने आखिरकार एक सीमा तय करते हुए काजी को ऐसा करने से रोका, तो काजी ने कैमरे की तरफ देखकर कहा कि वे मनीष को रुलाकर रहेंगे और बिल्कुल नहीं रुकेंगे. पूनम के मुताबिक, ‘प्रोफेसर’ शब्द सुनते ही मनीष के भड़कने के पीछे यही असली कारण था.

फुटेज के लिए नहीं लड़ते मनीष

अपने पति के स्वभाव का बचाव करते हुए पूनम ने कहा कि मनीष एक बेहद नेक फैमिली मैन हैं, जो कभी खुद जाकर काजी से झगड़ा मोल नहीं लेते. उन्होंने लिखा, “उन्हें स्क्रीन टाइम या फुटेज की कोई परवाह नहीं है. वे भावुक हैं, कभी-कभी थोड़े ड्रामैटिक हो जाते हैं और अपनी बात रखते हैं. वे 70 के दशक में जन्मे एक नॉर्थ इंडियन मर्द हैं और यही उनकी शख्सियत है. अगर आज की युवा पीढ़ी उनके बोलने के अंदाज से जुड़ाव महसूस नहीं कर पाती, तो इसका मतलब यह नहीं कि वे दिखावा कर रहे हैं. वे शुद्ध हिंदी बोलते हैं और उन्हें इस पर गर्व है. वे बेवजह चिल्लाने, गाली-गलौज करने या भद्दे जोक्स का हिस्सा बनने वालों में से नहीं हैं.” पूनम ने दर्शकों को यह भी याद दिलाया कि जिस काजी के लिए लोग आज आवाज उठा रहे हैं, उसी काजी को बचाने के लिए मनीष ने अपनी कीमती लाइफलाइन तक कुर्बान कर दी थी.

Poonam Post

एडिटेड क्लिप्स देखकर न करें जज

पूनम नरूला ने ‘बिग बॉस’ के दर्शकों से अपील की है कि वे मनीष का पक्ष जाने बिना आंख मूंदकर काजी तौकीर का समर्थन न करें. उन्होंने कहा कि 51 वर्षीय मनीष को वैसे ही स्वीकार किया जाना चाहिए जैसे वे हैं, न कि उनसे हर किसी की तरह शोर मचाने की उम्मीद की जाए. पूनम ने दर्शकों से गुजारिश की कि वे सिर्फ एडिटेड क्लिप्स देखकर मनीष के बारे में कोई राय न बनाएं, क्योंकि उनके चेहरे के भाव साफ दिखाते हैं कि वे अंदर से कितने आहत हैं. अंत में पूनम ने साफ कहा कि इस मुश्किल घड़ी में वे और उनका पूरा परिवार मनीष के साथ खड़ा है.

Related Articles

Back to top button