मनोरंजन

Anime India 2026: ‘कहानियां सुनाने पर ध्यान दें…’ TV9 से बातचीत में युवाओं को जापानी एनीमे डायरेक्टर Abe San की खास सलाह

Anime India 2026: हैदराबाद में 14 और 15 नवंबर को एनीमे इंडिया कार्यक्रम का आयोजन हुआ. इस दो दिवसीय कार्यक्रम में 25 हजार से भी ज्यादा एनीमे और जापानी पॉप-कल्चर के फैंस के शामिल हुए. जापान और भारत के कई बड़े क्रिएटर्स की मौजूदगी भी इस इवेंट में रही. भारतीय और जापानी एनीमे इंडस्ट्री को जोड़ने के उद्देश्य से हुए इस कार्यक्रम में एनीमे पर तो बातचीत हुई ही, साथ ही जे-पॉप कॉन्सर्ट भी हुए.

जापान के मशहूर एनीमे डायरेक्टर आबे सान (ABE SAN), जिन्होंने ‘ब्लीच’ और Yu Yu Hakusho जैसे लोकप्रिय शोज बनाए हैं, वो एनीमे इंडिया कार्यक्रम का हिस्सा बने. उनके अलावा जे-पॉप गायिका माएना (MAENA) और मारे (MARE), साथ ही एनीमे टाइम्स और एवेक्स पिक्चर्स के अध्यक्ष कात्सुमाता सान (Katsumata San) ने भी इस इवेंट में शिरकत की. TV9 ने इन चारों हस्तियों से खास बातचीत की. आबे सान ने एनीमे इंडस्ट्री में आने वाले युवाओं को खास सलाह भी दी.

युवाओं को डायरेक्टर आबे सान की सलाह

बातचीत के दौरान डायरेक्टर आबे सान ने भारतीय एनिमेटरों पर भी बात की. उनसे पूछा गया कि आप उन युवा भारतीय एनिमेटरों और कहानीकारों को क्या सलाह देंगे, जो एनीमे में काम करने का सपना देखते हैं?

इस सवाल का जवाब देते हुए आबे सान ने कहा, “भारत यात्रा के दौरान मुझे एहसास हुआ कि जापान में रची गई कहानियां और भावनाएं भारतीय दर्शकों से भी गहराई से जुड़ सकती हैं. इससे मुझे समझ आया कि कहानी कहने की कोई सीमा नहीं होती. युवा भारतीय क्रिएटर्स को मेरी यही सलाह है कि वे उन कहानियों को सुनाने पर ध्यान दें जिन्हें वे सच में सुनाना चाहते हैं, बजाय इस बात की चिंता करने के कि दूसरे देशों के दर्शक उनके विचारों को अपनाएंगे या नहीं. अगर आपको अपनी कहानियों पर भरोसा है और आप उन्हें ईमानदारी और पूरे जोश के साथ पेश करते हैं, तो जापान सहित दुनियाभर में ऐसे लोग जरूर मिलेंगे जो आपकी कहानियों से जुड़ेंगे. एनीमे की कोई सीमा नहीं होती, इसलिए मैं युवा क्रिएटर्स को प्रोत्साहित करता हूं कि वे अपने क्रिएटिव विजन पर अडिग रहें और अपने विचारों को बेहतरीन ढंग से पेश करें.”

माएना सुगिमोतो ने जे-पॉप और एनीमे पर क्या कुछ कहा?

जापान की एक जे-पॉप गायिका माएना सुगिमोतो से सवाल हुआ कि क्या उन्हें लगता है कि एनीमे ने जे-पॉप को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने में मदद की है? इस सवाल पर उन्होंने हां में जवाब दिया.

माएना ने कहा कहा, “बिल्कुल, ऐसे कई लोकप्रिय जे-पॉप गाने हैं जिन्हें एनीमे के जरिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है. ये एक बहुत ही सुंदर जुड़ाव है. मुझे लगता है कि जापानी संगीत को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाने में एनीमे ने एक अहम भूमिका निभाई है. असल में मुझे तो ये भी लगता है कि भारत की इस यात्रा जैसे मौकों के पीछे भी एनीमे का ही योगदान है.साथ ही मुझे उम्मीद है कि जे-पॉप भी के-पॉप की तरह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाएगा और एनीमे के दायरे से बाहर निकलकर और भी ज्यादा लोगों तक पहुंचेगा. जे-पॉप अपने आप में बहुत सुंदर है और मैं चाहूंगी कि ज्यादा से ज्यादा लोग इसे स्वतंत्र रूप से खोजें और इसकी सराहना करें.”

एनीमे साउंडट्रैक गाना चाहती हैं मारे

जे-पॉप गायिका मारे ने इस सवाल पर अपनी बात रखी कि अगर उन्हें किसी एनीमे साउंडट्रैक गाने का मौका मिले, तो वो किस तरह की कहानी या सीरीज चुनेंगी.

मारे ने अपनी बात रखते हुए कहा, “मुझे कभी न कभी किसी एनीमे साउंडट्रैक पर काम करने का मौका मिले तो मुझे बहुत खुशी होगी. एक कलाकार के तौर पर मैं जरूर इस क्षेत्र को आजमाना चाहूंगी और मुझे उम्मीद है कि भविष्य में मुझे किसी एनीमे सीरीज में अपना संगीत देने का अवसर जरूर मिलेगा.”

ये भी पढ़ें-

प्रियंका चोपड़ा की बेटी मालती ने सुनाया गायत्री मंत्र, क्यूट वीडियो ने जीता फैंस का दिल

ग्लोबल मंच पर बाप-बेटे का जलवा, शाहरुख खान को मिला सम्मान, आर्यन ने TIME100 में बनाई जगह

भारतीय एनीमे मार्केट पर क्या बोले कात्सुमाता सान?

एनीमे टाइम्स और एवेक्स पिक्चर्स के अध्यक्ष कात्सुमाता सान ने भारतीय एनीमे मार्केट को लेकर बात की. उनसे पूछा गया कि आप भारतीय एनीमे मार्केट की संभावनाओं को कैसे देखते हैं?

कात्सुमाता सान ने जवाब देते हुए कहा, “हमारा मानना ​​है कि भारतीय मार्केट में अपार संभावनाएं हैं. बात सिर्फ आबादी की नहीं है, बल्कि युवा पीढ़ी की भी है, जिनकी रुचि जापानी एनिमेशन से गहराई से जुड़ी हुई है. ऐसे कई बच्चे और परिवार हैं, जिन्हें एनिमेशन पसंद है और इसमें कई तरह का ऐसा कंटेंट है जो भारतीय दर्शकों के लिए बिल्कुल उपयुक्त है. हम भारत में और अधिक जापानी एनिमेशन लाना चाहते हैं और भविष्य में मिलकर कुछ नया बनाने के मौकों की तलाश करना चाहते हैं. हम जापानी एनिमेशन कंटेंट को भारतीय बाजार के हिसाब से ढालने पर भी विचार कर रहे हैं. एनीमे इंडिया में हमारा आइडिया कॉन्टेस्ट इन्हीं संभावनाओं को तलाशने की दिशा में एक पहल है.”

Related Articles

Back to top button