CBSE OSM विवाद से चर्चा में आए 17 साल के सार्थक को TIME 100 नेक्स्ट इंडिया की लिस्ट में क्यों मिली जगह?

झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले 17 वर्षीय सार्थक सिद्धांत ने कम उम्र में अपनी तकनीकी समझ और खोजी पहल से खास पहचान बनाई है. इस साल उन्होंने CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों को सामने लाकर शिक्षा जगत में चर्चा बटोरी थी. इतना ही नहीं उन्होंने सरकारी खरीद से जुड़े करीब 1.66 करोड़ रिकॉर्ड भी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराने की पहल की. अब उनकी उपलब्धियों को एक और पहचान मिली है. सार्थक का नाम TIME 100 नेक्स्ट इंडिया 2026 की लिस्ट में शामिल किया गया है.
कौन हैं सार्थक सिद्धांत?
सार्थक सिद्धांत ने इसी साल 12वीं की परीक्षा दी थी. उनका परिवार टेक्निकल बैकग्राउंड से जुड़ा है. उनके माता-पिता का संबंध कंप्यूटर इंजीनियरिंग से रहा है और उनके पिता कंप्यूटर एकेडमी भी चलाते थे. इसी वजह से बचपन से ही उन्हें कंप्यूटर और तकनीक के बीच रहने का मौका मिला.
सार्थक ने स्कूल की पढ़ाई के साथ खुद से भी तकनीकी विषयों को सीखना शुरू किया. कक्षा 6 और 7 में रहते हुए उन्होंने इंटरनेट की मदद से प्रोग्रामिंग सीखनी शुरू की. धीरे-धीरे उनका इंटरेस्ट कोडिंग और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट में बढ़ती गई. उन्होंने बिना किसी औपचारिक ट्रेनिंग के अलग-अलग तकनीकी विषयों की जानकारी हासिल की.
TIME100 Next India 2026 में क्यों मिली जगह?
TIME 100 नेक्स्ट इंडिया 2026 लिस्ट में भारत और भारतीय मूल के 100 ऐसे उभरते लोगों को शामिल किया जाता है, जो अपने काम, विचारों और उपलब्धियों से भविष्य को प्रभावित कर रहे हैं. इसमें मनोरंजन, कारोबार के अलावा तकनीक, शिक्षा और दूसरे क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों को भी जगह मिलती है.
CBSE की मूल्यांकन व्यवस्था पर सवाल
सार्थक को इस लिस्ट में शामिल किया जाना उनकी टेक्निकल समझ और सार्वजनिक हित से जुड़े कामों को मिली पहचान के तौर पर देखा जा रहा है. कम उम्र में CBSE की मूल्यांकन व्यवस्था पर सवाल उठाने और सरकारी खरीद से जुड़े रिकॉर्ड सामने लाने की उनकी पहल ने उन्हें एक युवा तकनीकी विश्लेषक के रूप में पहचान दिलाई है.




