शिक्षा

IIT खड़गपुर को 46 करोड़ की मदद देगा गूगल, CEO सुंदर पिचाई का ऐलान

दुनिया की दिग्गज कंपनी गूगल ने आईआईटी खड़गपुर को आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है. गूगल ने शनिवार को कहा कि वह एआई (AI) रिसर्च को विकसित करने और उसे गति देने के लिए आईआईटी खड़गपुर को 50 लाख डॉलर यानी करीब 46 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देगा. भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) खड़गपुर के 75वें स्थापना दिवस के मौके पर संस्थान के निदेशक सुमन चक्रवर्ती ने कहा कि एप्लायड AI रिसर्च के लिए इस वित्तीय सहायता की परिकल्पना संस्थान के पूर्व छात्र और गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने की है.

कंपनी ने एक ब्लॉग पोस्ट में कहा, ‘गूगल की ओर से आईआईटी खड़गपुर को 50 लाख डॉलर की आर्थिक मदद देने का उद्देश्य एडवांस्ड AI रिसर्च को बढ़ावा देने के साथ भारत की अगली पीढ़ी के वैज्ञानिकों और तकनीकी विशेषज्ञों को तैयार करना है’. कंपनी के मुताबिक, इस सहयोग के तहत संस्थान के शोधकर्ताओं और छात्रों को तीन प्रमुख क्षेत्रों में सहायता दी जाएगी. इनमें एडवांस्ड AI रिसर्च, शैक्षणिक अवसरों का विस्तार और AI क्षमता निर्माण शामिल हैं.

AI के इस्तेमाल को दिया जाएगा बढ़ावा

एडवांस्ड AI रिसर्च के तहत भारतीय भाषाओं, मैटेरियल साइंस, एग्रीकल्चर (कृषि) और एजुकेशनल टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए AI के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जाएगा. गूगल CEO सुंदर पिचाई ने कहा, ‘आईआईटी खड़गपुर भारतीय भाषाओं, एग्रीकल्चर और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम कर रहा है. गूगल इस नई साझेदारी के जरिए इन प्रयासों को गति देने को लेकर उत्साहित है’.

‘इनोवेशन के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा भारत’

उन्होंने आगे कहा कि आईआईटी खड़गपुर ने उनके जीवन को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और उन्हें उम्मीद है कि यह सहयोग छात्रों की अगली पीढ़ी के भविष्य को दिशा देने में मदद करेगा. पिचाई ने कहा कि भारत इनोवेशन के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है. इस तरह के कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस दृष्टिकोण को साकार करने में मदद करेंगे, जिसके तहत देश के प्रत्येक व्यक्ति तक AI का लाभ पहुंचाना है.

ये भी पढ़ें: CM रेखा गुप्ता का तोहफा, DU के इस कॉलेज की छात्राओं के लिए दो रूट पर चलेंगी यू-स्पेशल बसें

Related Articles

Back to top button