हमदाबाद कॉन्सर्ट में दिलजीत दोसांझ के 4 गानों पर आपत्ति, प्रोफेसर ने दी कोर्ट जाने की चेतावनी

Diljit Dosanjh: मशहूर सिंगर दिलजीत दोसांझ ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ टूर पर हैं. जहां वो भारत के कई शहरों में कॉन्सर्ट कर रहे हैं. लेकिन जब से उनका ये टूर शुरु हुआ है तो काफी मुश्किलें आ रही हैं. पहले दिल्ली कॉन्सर्ट को रद्द कर दिया गया था. इसके बाद इंदौर में कुछ गाने न गाने की मांग की गई थी. अब सिंगर का कॉन्सर्ट अहमदाबाद में होने जा रहा है. लेकिन इस पर भी विवाद हो गया है. दिलजीत दोसांझ के फैंस जहां उनके कॉन्सर्ट के लिए एक्साइटेड हैं. वहीं, कुछ ऐसे भी लोग हैं जो उनके गानों पर आपत्ति जता रहे हैं.
जी हां, दरअसल, चंडीगढ़ के एक प्रोफेसर ने सिंगर से अपने शो की लिस्ट से चार गाने हटाने की मांग की है. इतना ही नहीं डॉ. पंडित राव धरेनावर ने इन गानों को लेकर गुजरात हाईकोर्ट में कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी है. वहीं, कॉन्सर्ट में भारी भीड़ को देखते हुए अहमदाबाद पुलिस ने सुरक्षा के बड़े इंतजाम किए हैं.
दिलजीत दोसांझ के इन 4 गानों पर उठाई आपत्ति
ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, चंडीगढ़ के PGGC-46 में सोशियोलॉजी के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पंडित राव धरेनावर ने दिलजीत के चार गानों ‘पटियाला पेग’, ‘पंज तारा’, ‘जे बिछो फीम लब्बिया’ और ‘जट्ट उत्ते फायर करदा’ पर आपत्ति जताई है. उनका कहना है कि इन गानों के बोल शराब, नशे और हथियारों को बढ़ावा देते हैं. इसलिए वह चाहते हैं कि दिलजीत अपने अहमदाबाद कॉन्सर्ट में इन चारों गानों को न गाएं.
अपनी बात रखते हुए प्रोफेसर ने कहा, “इन गानों के बोल शराब, ड्रग्स और गन कल्चर को बढ़ावा देते हैं, जिसका बच्चों पर गलत असर पड़ सकता है. पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने 2019 में मेरे केस पर सुनवाई के दौरान साफ निर्देश दिया था कि शराब, ड्रग्स और नशीले पदार्थों के सेवन को बढ़ावा देने वाले गाने स्टेज पर नहीं गाए जाने चाहिए. इसके बावजूद दिलजीत दोसांझ ने इंदौर और दिल्ली के कॉन्सर्ट में ये गाने गाए थे.”
नशा मुक्त भारत अभियान का भी दिया हवाला
प्रोफेसर ने केंद्र सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, “देश में नशा मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है., सरकार, जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद और दूसरे लोग नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए काम कर रहे हैं. ऐसे में बच्चों के बीच इस तरह के गानों को बढ़ावा देना गलत और गैरकानूनी है.” उन्होंने दिलजीत को चेतावनी देते हुए कहा, “अगर उन्होंने ये गाने गाए तो मैं गुजरात हाईकोर्ट का रुख करूंगा और अदालत की अवमानना का केस दर्ज करूंगा.”
कॉन्सर्ट के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम
दूसरी तरफ, अहमदाबाद पुलिस ने दिलजीत के कॉन्सर्ट को लेकर सुरक्षा की तैयारियां तेज कर दी हैं. अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गेहलोत ने बताया कि कार्यक्रम में भीड़ को संभालने के लिए बड़े स्तर पर इंतजाम किए गए हैं. कॉन्सर्ट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 2,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा.




