PM YASASVI Scholarship: स्टूडेंट्स को मिलेंगे 1.25 लाख रुपये, जानें कौन कर सकता है आवेदन

आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के स्टूडेंट्स को पढ़ाई जारी रखने में मदद करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से पीएम यशस्वी स्कॉलरशिप योजना चलाई जा रही है. सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की इस योजना के तहत अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और गैर-अधिसूचित जनजातियों (DNT) के स्टूडेंट्स को आर्थिक सहायता दी जाती है. इस योजना का लाभ स्कूल से लेकर कॉलेज स्तर तक के छात्रों को मिल सकता है.
कक्षा 9वीं से 12वीं तक पढ़ने वाले पात्र स्टूडेंट्स को हर साल अधिकतम 1.25 लाख रुपये तक की स्कॉलरशिप दी जाती है. आइए जानते हैं इस योजना की पात्रता, स्कॉलरशिप राशि और आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेजों के बारे में.
क्या है पीएम यशस्वी छात्रवृत्ति योजना?
पीएम यंग अचीवर्स स्कॉलरशिप अवॉर्ड स्कीम फॉर वाइब्रेंट इंडिया (PM-YASASVI) का उद्देश्य पिछड़े और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के स्कॉलरशिप को शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता देना है. इसके जरिए यह सुनिश्चित करने की कोशिश की जाती है कि पैसों की कमी के कारण किसी स्टूडेंट की पढ़ाई बीच में न छूटे.
इस योजना के पांच प्रमुख घटक हैं. इनमें प्री-मैट्रिक स्कॉलरशिप, पोस्ट-मैट्रिक स्कॉलरशिप, उच्च स्तरीय स्कूली शिक्षा, उच्च स्तरीय कॉलेज शिक्षा और OBC वर्ग के लड़के-लड़कियों के लिए हॉस्टल का निर्माण शामिल है.
पीएम यशस्वी स्कॉलरशिप के लिए पात्रता
- आवेदक OBC, EWS या DNT श्रेणी से संबंधित होना चाहिए.
- छात्र कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं या 12वीं में पढ़ाई कर रहा हो.
- कक्षा 8वीं या 10वीं में कम से कम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों.
- स्टूडेंट के माता-पिता की सालाना आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए.
- आवेदन के समय सभी जरूरी दस्तावेज उपलब्ध होने चाहिए.
कितनी मिलेगी स्कॉलरशिप की राशि?
पीएम यशस्वी योजना के तहत कक्षा के आधार पर अलग-अलग स्कॉलरशिप राशि निर्धारित की गई है. इसके तहत पात्र स्कॉलरशिप को सालाना 75 हजार रुपये से लेकर 1.25 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता मिल सकती है.
- कक्षा 9वीं और 10वीं: हर साल 75,000 रुपये.
- कक्षा 11वीं और 12वीं: हर साल 1,25,000 रुपये.
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
- परिवार का आय प्रमाण पत्र.
- जाति या श्रेणी प्रमाण पत्र.
- आधार कार्ड.
- पिछली कक्षा की मार्कशीट.
- बैंक खाते की डिटेल.




