ग्लासगो यूनिवर्सिटी से फ्री में करें क्राइम राइटिंग कोर्स, 4 सप्ताह का ये प्रोग्राम ऑनलाइन संचालित होगा

क्राइम राइटिंग के क्षेत्र में करियर बनाने की चाह रखने वाले इंडियन स्टूडेंट्स के लिए बड़ा अपडेट है. ऐसे स्टूडेंट्स को ग्लासगो यूनिवर्सिटी बड़ा मौका देने जा रही है. ग्लासगो यूनिवर्सिटी इंडियन स्टूडेंट्स को फ्री क्राइम राइटिंग कोर्स ऑफर कर रही है. क्राइम राइटिंग का ये कोर्स Tartan Noir (टार्टन नॉयर) नाम से संचालित होगा, जो पूरी तरफ फ्री है. विशेष ये है कि 4 सप्ताह का ये कोर्स पूरी तरह से ऑनलाइन संचालित होगा. यानी कि इंडियन स्टूडेंट्स घर बैठे फ्री में ग्लासगो यूनिवर्सिटी से क्राइम राइटिंग का काेर्स कर सकते हैं.
आइए, विस्तार से इस कोर्स के बारे में जानते हैं. जानते हैं कि ये काेर्स कहां पर उपलब्ध है. इस कोर्स में क्या पढ़ाया जाएगा? साथ ही जानेंगे कि इस कोर्स को लेकर ग्लासगो यूनिवर्सिटी ने क्या कहा है.
इस कोर्स में क्या है खास?
ग्लासगो यूनिवर्सिटी ने टार्टन नॉयर नाम से फ्री क्राइट राइटिंग कोर्स शुरू किया है. ये कोर्स स्कॉटलैंड की खास क्राइम फिक्शन परंपरा के पीछे की कहानी कहने की तकनीकों को समझाता है. इस कोर्स में प्लॉट में आने वाले उतार-चढ़ाव, पात्रों के विकास, कहानी कहने की शैली और उन विषयों (थीम) का विश्लेषण किया गया है.
यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड ह्यूमैनिटीज में स्कॉटिश स्टडीज के लेक्चरर, डॉ. क्रेग लैमोंट के अनुसार यह कोर्स स्कॉटिश क्राइम राइटिंग को आकार देने वाले इतिहास, विषयों और तकनीकों की पड़ताल करता है. ये कोर्स स्कॉटिश क्राइम राइटिंग की साहित्यिक जड़ों से लेकर आज के आधुनिक स्वरूप तक की पड़ताल करता है. मसलन, यह कोर्स सीखने वालों को एक ऐसी साहित्यिक शैली को गहराई से समझने का मौका देता है, जो स्कॉटलैंड की साहित्यिक संस्कृति में आज भी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.
इस कोर्स की विशेषता क्या है?
ग्लासगो यूनिवर्सिटी ने क्राइम राइटिंग कोर्स की विशेषताओं को रेखांकित करते हुए कहा है कि इस कोर्स के लिए रजिस्ट्रेशन कराने वाले कैंडिडेट्स को लुईस वेल्श, क्रिस्टोफर ब्रुकमायर, लिन एंडरसन और लियाम मैकइलवेनी जैसे प्रमुख क्राइम लेखकों से चर्चा करने का मौका मिलेगा. इसके साथ ही वह इनसे इंटरव्यू और एडवाइज भी ले सकते हैं. जानकारी के मुताबिक टार्टन नॉयर कोर्स का संचालन डॉ. क्रेग लैमोंट और प्रोफेसर जेरार्ड कैरुथर्स की तरफ से किया जा रहा है
फ्यूचरलर्न प्लेटफॉर्म पर है उपलब्ध
ग्लासगो यूनिवर्सिटी की तरफ से ऑफर किया जा रहा 4 सप्ताह का क्राइम राइटिंग कोर्स फ्यूचरलर्न (FutureLearn) प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है. इस कोर्स को यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ क्रिटिकल स्टडीज के अंतर्गत ‘स्कॉटिश लिटरेचर’ (स्कॉटिश साहित्य) विभाग के सदस्यों द्वारा तैयार किया गया है. इस कोर्स का उद्देश्य स्कॉटलैंड की समृद्ध साहित्यिक विरासत को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाना है, साथ ही क्राइम राइटिंग की कला के बारे में व्यावहारिक जानकारी देना है.
कोर्स के लिए क्लिक करें




