DU Exam 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी ने बढ़ाई UG-PG सेमेस्टर परीक्षा फॉर्म की लास्ट डेट, अब 19 नवंबर तक मौका

दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) में दिसंबर 2026 में होने वाली सेमेस्टर परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की लास्ट डेट बढ़ा दी है. स्टूडेंट 19 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. वहीं, लेट फीस के साथ फॉर्म जमा करने की अंतिम तारीख 25 नवंबर कर दी गई है. इससे उन छात्रों को अतिरिक्त समय मिल गया है, जो किसी कारण से पहले तय समय तक आवेदन नहीं कर पाए थे. विश्वविद्यालय के अनुसार, अब तक 2.55 लाख से ज्यादा स्टूडेंट परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं.
दिल्ली विश्वविद्यालय की एग्जामिनेशन ब्रांच ने दिसंबर में होने वाली सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए आवेदन की समयसीमा बढ़ाने का फैसला लिया है. पहले छात्रों को 15 नवंबर तक परीक्षा फॉर्म भरना था, लेकिन अब यह तारीख बढ़ाकर 19 नवंबर कर दी गई है. वहीं, जो स्टूडेंट तय समय तक आवेदन नहीं कर पाएंगे, वो लेट फीस के साथ 25 नवंबर तक फॉर्म जमा कर सकते हैं. पहले लेट फीस के साथ आवेदन करने की अंतिम तारीख 22 नवंबर थी.
कितने छात्रों ने कराया रजिस्ट्रेशन?
विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 16 नवंबर 2026 तक कुल 2,55,243 स्टूडेंट्स ने परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है. इनमें से 83,302 छात्रों के आवेदन कॉलेज स्तर पर वेरीफाई हो चुके हैं. वहीं, 1,61,774 स्टूडेंट्स के आवेदन का वेरिफिकेशन अभी बाकी है. इसके अलावा 9,990 छात्र ऐसे हैं, जिन्होंने रजिस्ट्रेशन तो कर लिया है, लेकिन अपना परीक्षा फॉर्म पूरा नहीं भरा है. ऐसे में स्टूडेंट्स को सलाह दी गई है कि वो जल्द से जल्द समर्थ पोर्टल पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें. पोर्टल पर तकनीकी दिक्कतों के कारण भी कई छात्र फॉर्म नहीं भर पाए हैं.
कॉलेज से आवेदन का वेरिफिकेशन कराना जरूरी
परीक्षा में शामिल होने के लिए केवल रजिस्ट्रेशन करना पर्याप्त नहीं है. छात्रों को परीक्षा फॉर्म भरने के बाद कॉलेज से उसका वेरिफिकेशन भी कराना होगा. इसके लिए स्टूडेंट रेगुलर रूप से अपने आवेदन का स्टेटस चेक करते रहें. अगर आवेदन का वेरिफिकेशन लंबित दिखाई देता है तो संबंधित कॉलेज के परीक्षा विभाग से संपर्क करना चाहिए. समय रहते सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करने से परीक्षा के समय होने वाली परेशानियों से बचा जा सकता है.
4 दिसंबर से शुरू होंगी परीक्षाएं
दिल्ली विश्वविद्यालय में पहले, तीसरे, पांचवें और सातवें सेमेस्टर की परीक्षाएं 4 दिसंबर 2026 से शुरू होने वाली हैं. ऐसे में स्टूडेंट्स को सलाह है कि वो अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना अपना परीक्षा फॉर्म भर दें और कॉलेज से उसका वेरिफिकेशन भी सुनिश्चित कर लें.




