ई-कॉमर्स से रिटर्न हुए 550 बॉक्स खोले तो पैरों तले खिसक गई जमीन! व्यापारी के उड़े होश!

ऑनलाइन शॉपिंग ने आज हमारी जिंदगी को जितना आसान बनाया है, वहीं दूसरी तरफ इससे जुड़े फ्रॉड के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं. अभी तक आपने सुना होगा कि ग्राहकों को ऑनलाइन ऑर्डर करने पर साबुन या पत्थर मिल गया, लेकिन उत्तर प्रदेश के आगरा से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे ई-कॉमर्स सेक्टर को हिला कर रख दिया है. यहां एक ऑनलाइन सेलर (विक्रेता) के साथ ऐसा खेल हुआ कि उनके पैरों तले जमीन खिसक गई.
दरअसल, आगरा के एक जूता कारोबारी जो फ्लिपकार्ट (Flipkart) के जरिए अपने प्रोडक्ट बेचते हैं, उनके साथ रिटर्न पॉलिसी के नाम पर बहुत बड़ा धोखा हुआ है. कारोबारी ने ग्राहकों को बिल्कुल नए और चमचमाते जूते पैक करके भेजे थे. लेकिन जब ये ऑर्डर कैंसिल या रिटर्न होकर वापस उनके पास आए, तो डिब्बे खोलते ही उनके होश उड़ गए. एक या दो नहीं, बल्कि करीब 550 डिब्बों में नए जूतों की जगह बेहद पुराने, फटे-पुराने और घिसे हुए जूते भरे हुए थे.
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब मदन मोहन सोनी नाम के एक यूजर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इसका एक वीडियो शेयर किया. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे दर्जनों डिब्बों में पुराने और बेकार जूते रखे हुए हैं. आमतौर पर किसी भी व्यापारी के लिए प्रोडक्ट का रिटर्न आना एक सामान्य प्रक्रिया होती है, लेकिन यहां इस रिटर्न ने कारोबारी को लाखों रुपये का सीधा नुकसान पहुंचा दिया है. नए माल की जगह कबाड़ बन चुके जूते मिलने से व्यापारी बुरी तरह परेशान हैं और उन्होंने तुरंत आगरा पुलिस का दरवाजा खटखटाया है.
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. कई यूजर्स ने इस पूरे खेल में डिलीवरी बॉय की मिलीभगत होने का शक जताया है. एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि यह साफ तौर पर एक बड़ा स्कैम है, जिसमें कुछ लोगों के गैंग ने सामान वेरिफाई करने वाले डिलीवरी एजेंट्स के साथ हाथ मिलाकर सेलर को चूना लगाया है. वहीं, कई अन्य लोगों ने भी ई-कॉमर्स कंपनियों की रिटर्न पॉलिसी पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे मामलों में छोटे व्यापारियों की सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं है.
मामले को तूल पकड़ता देख आगरा पुलिस भी तुरंत हरकत में आ गई है. वायरल पोस्ट पर जवाब देते हुए डीसीपी वेस्ट आगरा ने बताया कि एत्मादपुर थाना प्रभारी को इस मामले की गहराई से जांच करने और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दे दिए गए हैं.
दूसरी तरफ, फ्लिपकार्ट के ऑफिशियल सपोर्ट अकाउंट ने भी इस घटना पर संज्ञान लिया है. कंपनी ने पोस्ट पर रिप्लाई करते हुए लिखा कि उन्हें इस घटना के बारे में जानकर बेहद दुख हुआ है और वे सेलर की पूरी मदद करना चाहते हैं. कंपनी ने पीड़ित व्यापारी से डायरेक्ट मैसेज (DM) के जरिए मामले की पूरी जानकारी और जरूरी डिटेल्स साझा करने को कहा है. फिलहाल, पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि यह पता चल सके कि इतने बड़े स्तर पर जूतों की यह अदला-बदली आखिर कैसे और किसकी मिलीभगत से हुई.
यहां देखिए वीडियो
Flipkart कंपनी में बेचे गए करीब 550 डिब्बे नए जूते की जगह पुराने जूते सेलर को वापस भेज दिए गए हैं। अब सेलर ने आगरा पुलिस (उत्तर प्रदेश) से न्याय की गुहार लगायी है। https://t.co/IFAnFaTouu
— Madan Mohan Soni (@madanmohansoni) November 21, 2026




