शिक्षा

BITS हैदराबाद के स्टूडेंट ने सेना के लिए बनाया खास रेडियो, बिना SIM और नेटवर्क के भी होगा संपर्क

देश की रक्षा तकनीक को मजबूत बनाने की दिशा में BITS पिलानी के हैदराबाद परिसर के एक स्टूडेंट ने खास कम्युनिकेशन सिस्टम तैयार किया है. थर्ड ईयर के स्टूडेंट समर्थ आलोक श्रीवास्तव ने ‘क्रैथ कंट्रोल’ नाम का एक छोटा रेडियो डिवाइस विकसित किया है. इसकी खासियत है कि यह बिना मोबाइल टावर, सिम कार्ड या सैटेलाइट के भी सैनिकों को आपस में जोड़ सकता है. यह डिवाइस एक सुरक्षित मेश नेटवर्क बनाकर आवाज और डेटा साझा करने में मदद करता है. भारतीय सेना की दो यूनिट्स इसके प्रोटोटाइप का मूल्यांकन भी कर चुकी हैं. टीम अब इसमें सुधार कर रही है.

20 वर्षीय समर्थ आलोक श्रीवास्तव BITS हैदराबाद में एमएससी फिजिक्स और बीई मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं. रक्षा क्षेत्र में काम करने का विचार उन्हें ड्रोन स्टार्टअप अपोलोन डायनेमिक्स के साथ काम करते समय आया. वहां वो ड्रोन बनाने और उनकी टेस्टिंग से जुड़े थे. इसी दौरान उन्होंने महसूस किया कि सेना को भी ऐसे क्षेत्रों में कम्यूनिकेशन की समस्या होती है, जहां मोबाइल नेटवर्क और दूसरे कम्यूनिकेशन साधन उपलब्ध नहीं होते.

कब शुरु किया यह काम?

इस समस्या को समझने के लिए उन्होंने सेना के लोगों से बातचीत की और अप्रैल 2026 में अपना काम शुरू किया. बाद में उनके सहपाठी श्रेष्ठ प्रकाश सिंह सह-संस्थापक के रूप में जुड़े. दर्शन भंडारी और सानिका रेवटकर भी टीम का हिस्सा हैं. चारों स्टूडेंट्स ने मिलकर इस तकनीक को विकसित कर रहे हैं.

क्या है क्रैथ कंट्रोल और कैसे करता है काम?

स्टार्टअप क्रैथवेल प्राइवेट लिमिटेड का पहला प्रोडक्ट क्रैथ कंट्रोल है. इसका वजन 180 ग्राम से कम है. यह सैनिक के स्मार्टफोन से कनेक्ट होकर दूसरे डिवाइस के साथ एन्क्रिप्टेड मेश नेटवर्क बनाता है. इसमें मोबाइल टावर, सिम कार्ड या सैटेलाइट की जरूरत नहीं पड़ती. इस सिस्टम से सैनिक आवाज और डेटा साझा करने के साथ अपनी लोकेशन भी देख सकते हैं. वो टीम के दूसरे सदस्यों की स्थिति जानने, मैप पर जानकारी देखने और जरूरी फाइलें भेजने में भी सक्षम होंगे. इसकी खासियत यह है कि अगर कोई एक डिवाइस खराब हो जाए तो नेटवर्क दूसरे रास्तों से जानकारी पहुंचा सकता है. कई डिवाइस मिलकर मजबूत नेटवर्क तैयार करते हैं.

कम कीमत पर तैयार करने का लक्ष्य

टीम का लक्ष्य इस डिवाइस को कम लागत में तैयार करना है. समर्थ के मुताबिक, इसी तरह के आयातित सिस्टम की कीमत करीब 2 लाख रुपये हो सकती है, जबकि क्रैथवेल इसे 40 से 50 हजार रुपये में उपलब्ध कराने की योजना बना रहा है. शुरुआती प्रोटोटाइप बनाने में 25 से 35 हजार रुपये खर्च हुए हैं.

सेना ने किया प्रोटोटाइप का मूल्यांकन

क्रैथवेल की तकनीक का भारतीय सेना की दो इकाइयों और आर्मी डिफेंस कॉलेज के सामने प्रदर्शन किया जा चुका है. सेना ने डिवाइस की आउटपुट पावर 1 वाट करने और एंटीना में सुधार करने का सुझाव दिया है. टीम अगले दो से तीन महीनों में इसका नया वर्जन तैयार करना चाहती है. फिलहाल यह तकनीक प्रोटोटाइप स्तर पर है. इसे अभी औपचारिक प्रमाणन नहीं मिला है और न ही सेना में शामिल किया गया है. DPIIT से मान्यता प्राप्त यह स्टार्टअप अब अपने अगले विकास चरण के लिए इनक्यूबेशन की दिशा में काम कर रहा है.

Related Articles

Back to top button