रंगोली में छलका किसान का दर्द, जंगलों की बर्बादी पर प्रहार! बोरीवली में रंगों ने दिखाई समाज की कड़वी सच्चाई

23 नवंबर 2026
इंद्र यादव/मुंबई! बोरीवली,रंगोली सिर्फ घरों के आंगन को सजाने का जरिया नहीं है, बल्कि इसके जरिए समाज की सच्चाई, लोगों का दर्द और देश की संस्कृति भी दिखाई जा सकती है। इसका शानदार नजारा मुंबई के बोरीवली में आयोजित महा रंगोली प्रदर्शनी में देखने को मिल रहा है। यहां कलाकारों ने रंगों के माध्यम से ऐसी तस्वीरें बनाई हैं, जिन्हें देखकर लोग रुकने और सोचने पर मजबूर हो रहे हैं।

इस प्रदर्शनी में कहीं किसानों की बर्बादी की कहानी है, तो कहीं जंगलों की कटाई पर सवाल उठाए गए हैं। कहीं नाशिक कुंभ की भव्यता दिखाई गई है, तो कहीं भारतीय संविधान और महापुरुषों के विचारों को रंगों के जरिए पेश किया गया है।
कहीं किसान की बेबसी, तो कहीं मौसम की मार
प्रदर्शनी में सबसे ज्यादा ध्यान खींच रही है किसानों की हालत पर बनाई गई रंगोली। महाराष्ट्र का किसान कभी बेमौसम बारिश तो कभी सूखे की मार झेल रहा है। खेतों में फसल बर्बाद हो रही है और मेहनत करने वाला अन्नदाता आर्थिक संकट से जूझ रहा है।
कलाकारों ने ‘ओला दुष्काल’ यानी बारिश से होने वाली तबाही और ‘कोरडा दुष्काल’ यानी सूखे की समस्या को बेहद प्रभावशाली तरीके से दिखाया है।

रंगोली में 1972 के भयंकर अकाल से लेकर आज के कृषि संकट तक की तस्वीर पेश की गई है। संदेश साफ है कि मौसम की मार और सरकारी व्यवस्था की चुनौतियों के बीच आखिर किसान कब तक संघर्ष करता रहेगा?
नाशिक कुंभ की रंगोली ने बनाया भक्तिमय माहौल
एक तरफ किसानों का दर्द है, तो दूसरी तरफ नाशिक के सिंहस्थ कुंभमेले की भव्यता भी रंगों में दिखाई गई है। गोदावरी नदी के घाट, उगता सूरज, धर्मध्वज, साधु-संतों का शाही स्नान और धार्मिक वातावरण को कलाकारों ने खूबसूरती से उकेरा है।
‘हर हर गंगे, हर हर गोदा’ के संदेश के साथ बनाई गई यह रंगोली लोगों को आस्था और संस्कृति से जोड़ रही है।
जंगल काटने वालों पर कलाकारों का करारा सवाल
प्रदर्शनी में कलाकार ओमकार नलावडे (कांजुरमार्ग) की बनाई ‘वृक्षतोड़’ रंगोली भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
इसमें विकास के नाम पर काटे जा रहे जंगलों और बेघर होते वन्यजीवों का दर्द दिखाया गया है। मशीनों से उजड़ते जंगल को देखते हिरण और अपने बच्चे को सीने से लगाए बंदर की तस्वीर लोगों को भावुक कर रही है।
कलाकृति एक बड़ा सवाल खड़ा करती है कि आखिर विकास की कीमत जंगल और बेजुबान जानवर ही क्यों चुकाएं?
बाबा साहेब से लेकर वंदे भारत तक की झलक
प्रदर्शनी में संविधान निर्माता डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और भारतीय संविधान की भी शानदार रंगोली बनाई गई है। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, महाराष्ट्र के प्रमुख नेताओं, वंदे भारत ट्रेन और देश में हो रहे बुनियादी ढांचे के विकास को भी रंगों के माध्यम से दिखाया गया है।
विधायक और नगरसेवक ने की कलाकारों की तारीफ
इस महा रंगोली प्रदर्शनी को देखने के लिए स्थानीय विधायक मनीषा चौधरी और नगरसेवक शिवानंद शेट्टी भी पहुंचे। दोनों ने अलग-अलग रंगोलियों का निरीक्षण किया और कलाकारों की मेहनत, कला और सामाजिक संदेश की सराहना की।
रंगों से उठे समाज के बड़े सवाल
बोरीवली की यह महा रंगोली प्रदर्शनी सिर्फ मनोरंजन का कार्यक्रम नहीं है। यहां कलाकारों ने रंगों के जरिए किसानों की पीड़ा, पर्यावरण की चिंता, धार्मिक आस्था, संविधान और देश के विकास जैसे मुद्दों को सामने रखा है।
सच कहें तो रंगोली के इन रंगों में सिर्फ खूबसूरती नहीं, बल्कि समाज की तस्वीर छिपी है। कहीं किसान की आंखों में आंसू हैं, कहीं जंगल उजड़ने का दर्द है और कहीं आस्था की भव्यता। यही इस प्रदर्शनी की असली खासियत है।




