‘पंचायत’ के ये 5 सीन हैं सबूत, सीरीज का 5वां सीजन होगा दमदार, फुलेरा में क्या होने वाला है?

Panchayat 5 Trailer Best Scene: प्राइम वीडियो और TVF की पॉपुलर सीरीज ‘पंचायत’ की कहानी अब आगे बढ़ने जा रही है. 3 दिसंबर को पांचवां सीजन रिलीज होने वाला है. फुलेरा वासी एक बार फिर से हंसाने आ रहे हैं. 23 नवंबर को सीजन 5 का ट्रेलर वीडियो भी जारी हो गया. अब फुलेरा में तख्तापलट हो चुका है. ब्रजभूषण दुबे और उनकी पत्नी के हाथ से सत्ता जा चुकी है. बनराकस नया प्रधान पति और उसकी पत्नी प्रधान है. बनराकस के हाथ में सत्ता जाने से अब सचिव जी की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं. साथ ही रिंकी और सचिव के प्यार को मंजिल भी मिल सकती है.
जो ट्रेलर सामने आया है वो काफी एंटरटेनिंग है. 2 मिनट 37 सेकेंड के ट्रेलर के जरिए ही फुलेरा वासियों ने लोगों को हंसा दिया है और ये भी साबित कर दिया है कि ये नया सीजन भी बेहद दमदार होगा. चलिए ट्रेलर के पांच दमदार सीन के बारे में बात करते हैं.
सीन 1- हम लोग के लिए तो आप ही प्रधान जी रहिएगा
ट्रेलर की शुरुआत में एक सीन है, जहां ब्रजभूषण दुबे, प्रह्ललाद चा, विकास और सचिव जी साथ बैठे नजर आते हैं. चुनाव हारने के बाद उनका मन भारी हो चुका है. प्रह्ललाद उन्हें समझाता है कि निराश नहीं होना है प्रधान जी, इसपर वो कहते हैं कि किस बात के प्रधान जी, अब हम नहीं हैं प्रधान. तभी विकास बोलता है- हम लोग के लिए तो आप ही प्रधान जी रहिएगा. उसी समय सचिव जी के मोबाइल पर बनराकस का फोन आता है. सचिव जी फोन उठाते हुए कहते हैं- हां प्रधान जी.
सीन 2- बताइए, कैसे आना हुआ? टेंपू से
40 सेकेंड पर एक सीन आता है, जहां बिनोद, बनराकस और सचिव जी किसी काम से एक अधिकारी के दफ्तर मुलाकात करने जाते हैं. अधिकारी पूछता है- बताइए, कैसे आना हुआ? बिनाद जवाब में कहता है- टेंपू से.
सीन 3- आपको कैसा पर्सनल काम है? खैनी खाना है.
सचिव जी, बनराकस और उसके लोगों से परेशान हो चुके हैं. 1 मिनट 27 सेकेंड पर एक सीन आता है, जहां सचिव जी ‘पंचायत’ ऑफिस से बाहर जा रहे होते हैं. बनराकस की पत्नी पूछती है- कहां चल दिए. सचिव जी जवाब देते हुए कहते हैं कि पर्सनल काम है. बनराकस कहता- पर्सनल काम तो हमें भी है, लेकिन हम तो यहीं खड़े हैं. सचिव जी पूछते हैं आपको कैसा पर्सनल काम? इसपर बनराकस कहता है- खैनी खाना है.
सीन 4- अच्छा फोटो आया है, बहुत अच्छा फोटो आया है
1 मिनट 45 सेकेंड पर सीन है, जहां कोई खास मौका होता है. सचिव जी बनराकस को अपना फोन देते हैं और कहते हैं कि एक फोटो क्लिक कर दीजिए. बनराकस के साथ उसकी पत्नी और बिनोद भी होते हैं. बनराकस फोटो खींच रहा होता है, तभी सचिव जी के फोन पर रिंकी का हार्ट इमोज वाला मैसेज आता है. बनराकस और उसके लोगों को सचिव जी-रिंकी की प्रेम कहानी के बारे में पता चल जाता है. तभी बनराकस कहता है- बहुत अच्छा फोटो आया है. उसकी पत्नी कहती है- अच्छा फोटो आया है.
ये भी पढ़ें-
अविनाश ने दिया धोखा? भड़कीं ईशा ने दी चेतावनी- मुझे मजबूर मत कीजिए
सनी देओल के बेटे राजवीर से हो रही है सचिन तेंदुलकर की बेटी सारा की शादी? सच सामने आ गया
सीन 5- थोड़ा नर्म हो सकता है… मैं क्या भीख मांगने जा रहा हूं
बनराकस को अब रिंकी और सचिव जी के बारे में पता चल चुका है. ऐसा लगता है कि रिंकी के पिता तक भी बात पहुंच चुकी है. एक सीन में वो सचिव को थप्पड़ मारते नजर आते हैं. उसके बाद आखिर में 2 मिनट 7 सेकेंड पर सीन है, जहां विकास, उसकी पत्नी और प्रह्लाद चा बैठे हैं. उनके सामने सचिव जी प्रैक्टिस करते दिख रहे हैं कि वो कैसे रिंकी के पिता से उसका हाथ मांगेंगे. वो अलग-अलग अंदाज में अपनी बात कहते हैं कि वो जाकर कहेंगे कि प्रधान जी जो हुआ उसके लिए माफ कर दीजिए, मैं रिंकी से शादी करना चाहता हूं. सचिव जी को प्रैक्टिस करवा रहा विकास कहता है कि बोलने का लहजा थोड़ा नर्म हो सकता है. इसपर सचिव जी कहते हैं- मैं क्या भीख मांगने जा रहा हूं वहां. इन सबसे ये पता तो चलता है कि ‘पंचायत 5’ काफी दमदार होने वाला है. साथ ही ये भी पता चलता है कि इस नए सीजन में तख्तापलट से लेकर रिंकी और सचिव जी की प्रेम कहानी की आगे की कहानी दिखाई जाएगी.




