दुनिया

पत्रकार की कलम से सबको न्याय चाहिए, मगर उसके परिवार की चिंता किसे है!

14 नवंबर 2026

इंद्र यादव/मुंबई! पत्रकारिता का सम्मान केवल तालियों से नहीं, उचित मेहनताना देने से भी होता है।
आज समाज में एक अजीब सोच पैदा हो गई है। हर व्यक्ति चाहता है कि पत्रकार उसकी समस्या उठाए, भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करे, अधिकारियों से सवाल पूछे, गरीबों और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए खबर प्रकाशित करे। लेकिन जब उसी पत्रकार की मेहनत का भुगतान करने की बात आती है, तो कई लोगों के पास बजट नहीं होता। आखिर यह दोहरा रवैया कब तक चलेगा!
पत्रकार कोई मशीन नहीं है, न ही उसका परिवार बिना खर्च के चलता है। उसके भी बच्चे हैं, घर है, राशन है, बिजली का बिल है, मकान का किराया है और रोजमर्रा की जरूरतें हैं। वह भी अपने परिवार का पेट पालने के लिए मेहनत करता है। फर्क सिर्फ इतना है कि उसकी मेहनत कलम, कैमरे और सच्चाई के साथ होती है।
हैरानी की बात है कि जब किसी को अपनी खबर अखबार में छपवानी होती है, तो उसे पत्रकार तुरंत याद आता है। लेकिन जब मेहनत के बदले उचित भुगतान की बात होती है, तो जवाब मिलता है— अभी बजट नहीं है, बाद में देखेंगे, अगली बार जरूर करेंगे।
त्योहारों पर बड़े-बड़े आयोजन होते हैं। लाखों रुपये सजावट, मंच, रोशनी, प्रचार और दिखावे पर खर्च कर दिए जाते हैं। नेता, व्यापारी और संस्थाएं अपने प्रचार के लिए बड़े-बड़े पोस्टर लगवाती हैं। लेकिन जब पत्रकार को विज्ञापन देने की बारी आती है, तो अचानक बजट खत्म हो जाता है। क्या पत्रकार का परिवार नहीं है? क्या उसकी मेहनत की कोई कीमत नहीं है?
सबसे दुखद स्थिति तब होती है, जब पत्रकार दिन-रात मेहनत करके किसी गांव की सड़क, अस्पताल की बदहाली, गरीब की पीड़ा, भ्रष्टाचार या किसी अधिकारी की लापरवाही को खबर बनाता है। खबर छपने के बाद उसी खबर से समाज को फायदा होता है, संबंधित अधिकारियों पर दबाव बनता है और कई बार पीड़ित को न्याय भी मिलता है। लेकिन उस खबर के पीछे पत्रकार ने कितना समय, पैसा और मेहनत लगाई, इसकी चिंता शायद ही किसी को होती है।
यहां एक बात बिल्कुल साफ होनी चाहिए— पत्रकारिता बिकाऊ नहीं होनी चाहिए, लेकिन पत्रकार की मेहनत मुफ्त भी नहीं होनी चाहिए।
ईमानदार पत्रकार का काम सच दिखाना है, किसी की झूठी तारीफ करना या पैसे लेकर खबर दबाना नहीं। विज्ञापन और खबर के बीच स्पष्ट अंतर होना चाहिए। विज्ञापनदाता को विज्ञापन का उचित भुगतान करना चाहिए और पत्रकार को अपनी कलम की ईमानदारी बनाए रखनी चाहिए। किसी को भी विज्ञापन के नाम पर खबर छापने, दबाने या मनमाफिक लिखने का अधिकार नहीं है।
पत्रकारों से भी अपेक्षा है कि वे अपने पेशे की गरिमा बनाए रखें। बिना पुष्टि के खबर न चलाएं, किसी को ब्लैकमेल न करें और विज्ञापन के लिए पत्रकारिता के सिद्धांतों से समझौता न करें। लेकिन समाज और संस्थाओं को भी समझना होगा कि ईमानदार पत्रकारिता को आर्थिक मजबूती दिए बिना उससे बड़े आदर्शों की उम्मीद करना बेमानी है।
आज जरूरत इस बात की है कि सरकार, प्रशासन, राजनीतिक दल, व्यापारिक संगठन, सामाजिक संस्थाएं और आम नागरिक पत्रकारों की मेहनत को समझें। विज्ञापन देना किसी पर एहसान नहीं, बल्कि प्रचार और संचार की एक व्यावसायिक व्यवस्था है। जिसका प्रचार हो रहा है, उसे उसका उचित मूल्य भी देना चाहिए।
एक बात याद रखिए, जब किसी गरीब की आवाज दब जाती है, जब किसी अधिकारी की लापरवाही सामने नहीं आती, जब किसी गांव की समस्या अखबार तक नहीं पहुंचती, तब सबसे पहले पत्रकार की कमी महसूस होती है।
इसलिए पत्रकार को केवल खबर छापने की मशीन मत समझिए। वह भी इसी समाज का हिस्सा है। उसकी कलम में ताकत है, लेकिन उस कलम को चलाने वाले हाथों को भी सहारे की जरूरत है।
समाज को पत्रकार से ईमानदारी चाहिए, खबर में सच्चाई चाहिए और व्यवस्था से सवाल चाहिए। बिल्कुल मिलना चाहिए! लेकिन सवाल यह भी है कि पत्रकार को उसकी मेहनत का उचित सम्मान और भुगतान कब मिलेगा!
याद रखिए, पत्रकार की कलम का सम्मान केवल मंच पर माला पहनाने से नहीं होगा। उसके परिवार की जरूरतों का सम्मान करने से होगा।
पत्रकार की कलम मत खरीदिए, उसकी मेहनत की कीमत जरूर दीजिए। क्योंकि पत्रकार मजबूत होगा, तभी समाज की आवाज भी मजबूत होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button