मनोरंजन

FWICE Warning On Netflix: 4 तारीख को शो आया तो 5 से शूटिंग रोकेंगे! पाकिस्तानी कंटेंट पर FWICE ने दी चेतावनी

फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉयज (FWICE) ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तानी कंटेंट और नेटफ्लिक्स पर आने वाले शो को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कड़ी चेतावनी दी है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा गया कि यदि 4 तारीख को शो रिलीज किया गया, तो 5 तारीख से देशभर में इसकी शूटिंग नहीं होने दी जाएगी और फेडरेशन से जुड़े कलाकार, तकनीशियन व वर्कर काम से पीछे हटेंगे. इस कांफ्रेंस ने साफ कहा कि देश की भावनाओं और सुरक्षा बलों के सम्मान से बढ़कर कुछ नहीं है. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ये भी कहा गया कि फिल्म निर्माण से जुड़े कामकाज में फेडरेशन की बड़ी भागीदारी है और यदि निर्देशों की अनदेखी होती है तो इसका सीधा असर कामकाज पर पड़ सकता है.

प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीएन तिवारी ने कहा कि यदि शो 4 तारीख को टेलीकास्ट किया जाता है, तो 5 तारीख से भारत में इसकी कोई शूटिंग नहीं होने दी जाएगी. उनके मुताबिक, फेडरेशन ऑल इंडिया फिल्म एम्प्लॉइज कॉन्फेडरेशन के तहत काम करता है, जिसमें मुंबई और साउथ के साथ छह फेडरेशन शामिल हैं, और यदि निर्देशों को नजरअंदाज किया गया तो 5 तारीख के बाद कहीं भी शूटिंग नहीं हो पाएगी. ये भी कहा गया कि यदि कोई भारतीय कलाकार, निर्माता या निर्देशक इस शो का समर्थन करता है, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई पर विचार किया जाएगा, और जो देश के खिलाफ या पाकिस्तानी कंटेंट के पक्ष में खड़ा होगा, उसका विरोध किया जाएगा. साथ ही ये भी कहा गया कि देश के विरोध या आपत्तिजनक कंटेंट के खिलाफ फेडरेशन सख्त रुख अपनाने से पीछे नहीं हटेगा.

26/11 की बरसी, आतंकी हमलों और सरकारी पत्र का जिक्र

इस दौरान ये भी कहा गया कि 26/11 मुंबई हमले की बरसी के मद्देनजर और पुलवामा व पहलगाम जैसे हमलों को देखते हुए पाकिस्तान से जुड़े किसी भी कंटेंट या कलाकार को स्वीकार नहीं किया जा सकता. प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये भी दावा किया गया कि फेडरेशन द्वारा मुद्दा उठाए जाने के बाद भारत सरकार ने नेटफ्लिक्स इंडिया को पत्र लिखकर 18 मई 2025 के निर्देश की याद दिलाई, जिसमें पाकिस्तानी कंटेंट स्ट्रीम न करने की बात कही गई थी. साथ ही, प्रधानमंत्री और नेटफ्लिक्स को पत्र भेजने का जिक्र करते हुए कहा गया कि यदि इसके बावजूद कंटेंट आता है तो फेडरेशन अपने स्तर पर कलाकारों और शोज को लेकर संवेदनशीलता जरूरी है और आतंकी हमलों के पीड़ितों की भावनाओं को अनदेखा नहीं किया जा सकता.

विदेश में परफॉर्मेंस और बयानबाजी पर सख्त रुख

इस दौरान जनरल सेक्रेटरी अशोक दुबे ने कहा कि फेडरेशन का स्टैंड 2019 के सर्कुलर और 2025 के पत्र के बाद से स्पष्ट है कि पाकिस्तानी कलाकारों के साथ काम नहीं होगा. प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये भी कहा गया कि विदेशों में शो करने वाले भारतीय कलाकारों पर नजर रखी जाती है. इस दौरान कैलाश खेर और जसविंदर नरूला को पत्र भेजे जाने का जिक्र किया गया और फिल्मफेयर के एक ट्वीट पर भी तीखी आपत्ति जताई गई. इसके अलावा, ये तर्क भी रखा गया कि पाकिस्तानी कंटेंट या कलाकारों को मौका मिलने से आर्थिक लाभ पहुंचता है और सुरक्षा बलों व आतंकी हमलों के पीड़ितों की भावनाओं का सम्मान सर्वोपरि है. प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में यह भी दोहराया गया कि यदि कंटेंट सामने आता है तो फेडरेशन अपनी ताकत के जरिए शूटिंग रोकने समेत अन्य कदम उठाने के लिए तैयार है. उनका विरोध संवेदनशीलता और देशहित के मुद्दे पर केंद्रित है और वे अपने स्टैंड पर कायम रहेंगे.

Related Articles

Back to top button