अजब-गजब

कपड़ों से लेकर शगुन तक, शादी में शामिल होने का पूरा हिसाब-किताब हुआ वायरल

दुनिया के ज्यादातर हिस्सों में सर्दियों का मौसम छुट्टियां मनाने और आराम करने के लिए जाना जाता है, लेकिन भारत में सर्दियां आते ही शुरू हो जाता है ‘शादियों का सीजन’. भव्य सजावट, महंगे और डिजाइनर कपड़े, तरह-तरह के पकवान और कई दिनों तक चलने वाले फंक्शन भारतीय शादियां किसी बड़े त्योहार से कम नहीं होतीं. इन शादियों में लाखों-करोड़ों रुपये पानी की तरह बहाए जाते हैं. लेकिन अब यह खर्च सिर्फ शादी करने वाले परिवार तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि मेहमानों की जेब भी ढीली कर रहा है.

हाल ही में अनूप नाम के एक शख्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट शेयर कर बताया कि 2026 में एक इंडियन शादी में शामिल होना कितना महंगा सौदा हो गया है. उन्होंने एक आम मेहमान के होने वाले बेसिक खर्चों का पूरा हिसाब-किताब सामने रखा.

महंगी शादियों की पोल!

अनूप ने अपनी पोस्ट में लिखा कि 2026 में एक भारतीय शादी में शामिल होने का खर्च…कपड़ों पर Rs 2,000, आने-जाने (ट्रैवल) पर Rs 1,500, गिफ्ट पर Rs 1,000 और रास्ते के चाय-पानी पर Rs 500.” इस हिसाब से शादी में जाने से पहले या वहां होने वाले बाकी खर्चों को जोड़े बिना ही कुल बिल Rs 5,000 तक पहुंच जाता है.

हालांकि, अनूप ने यह भी साफ किया कि दिक्कत सिर्फ पैसों की नहीं है. शादी के माहौल पर तंज कसते हुए उन्होंने आगे लिखा, “दूल्हा-दुल्हन के साथ एक फोटो खिंचवाने के लिए 40 मिनट तक लाइन में खड़े रहो. फिर अपना फोन चेक करते हुए जल्दी-जल्दी खाना खाओ, क्योंकि अगले ही दिन सुबह दूसरा फंक्शन शुरू होना है. अपनी बात को खत्म करते हुए उन्होंने एक बड़ी गहरी लाइन लिखी कि अब हम शादियों में शामिल नहीं होते, बल्कि हम ‘वेडिंग एक्सपेंस’ (शादी के खर्च) मैनेज करते हैं.

अनूप की यह पोस्ट देखते ही देखते वायरल हो गई और लोगों ने इस पर जमकर अपनी भड़ास निकाली. ज्यादातर यूजर्स इस बात से सहमत नजर आए कि आजकल शादियों में जाना वाकई बहुत खर्चीला और थकाऊ काम हो गया है. एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि भारतीय शादियां अब प्यार का जश्न मनाने के बजाय बजट, महंगे कपड़ों और सामाजिक दिखावे को मैनेज करने का जरिया बन गई हैं. वहीं एक दूसरे शख्स ने चुटकी लेते हुए कहा, “अब शादियां, शादी जैसी लगती ही नहीं हैं.

यह भी पढ़ें: सस्ती कॉफी मंगवाकर खुश था शख्स, लेकिन डिलीवरी एजेंट की बात सुनकर होने लगा पछतावा

एक अन्य यूजर ने बड़े मजेदार अंदाज में लिखा कि शादियां अब फ्री के खाने के साथ एक ‘फाइनेंशियल प्रोजेक्ट’ बन गई हैं. किसी ने इस बात पर अफसोस जताया कि हम रिश्तों का जश्न मनाने के बजाय अपना शेड्यूल और बजट संभालने में ज्यादा समय बर्बाद कर रहे हैं, जिससे सादगी भरी मुलाकातों की असली खुशी कहीं खो गई है.

यहां देखिए पोस्ट

Related Articles

Back to top button