Gunmaaster G9 Review: ट्विस्ट, एक्शन और इमोशन का तड़का, कैसी है इमरान हाशमी-जेनेलिया देशमुख की ‘गनमास्टर G9’?

Gunmaaster G9 Review: इमरान हाशमी, जेनेलिया देशमुख और अपारशक्ति खुराना की मच-अवेटेड एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘गनमास्टर G9’ आज थिएटर में दस्तक दे चुकी है और हम भी थिएटर से ये फिल्म देखकर आ गए हैं. ये कहानी एक ऐसे पूर्व शूटर की है जो अपने खून-खराबे वाले अतीत को दफन कर डेयरी फार्म चलाता है, लेकिन वक्त का पहिया ऐसा घूमता है कि उसे अपने परिवार की खातिर फिर से गोलियों की भाषा बोलनी पड़ती है.
अब बंदूक और दूध की बाल्टी के इस अजीबोगरीब कॉम्बिनेशन में कितना दम है और ये फिल्म टिकट के पैसे वसूल करती है या नहीं, यह जानने के लिए आपको आगे का पूरा रिव्यू पढ़ना होगा.
फिल्म की कहानी
कहानी की शुरुआत होती है ईश्वर (इमरान हाशमी) से, जो अब बंदूक छोड़कर गाय-भैंस पालता है और दूध-दही का बढ़िया बिजनेस चला रहा है. उसकी दुनिया पत्नी आरती (जेनेलिया देशमुख) और गोद ली हुई बेटी जिया (इनायत वर्मा) के इर्द-गिर्द सिमटी है. जिया, आरती को मां मानती तो है, लेकिन ‘मां’ कहकर बुलाने से कतराती है. सब कुछ मक्खन की तरह चल रहा होता है कि तभी पुलिस ऑफिसर राणा (अभिषेक सिंह) की एंट्री ईश्वर की जिंदगी में भूचाल ले आती है. राणा को भनक लग जाती है कि यह सीधा-सादा डेयरी वाला दरअसल अंडरवर्ल्ड का वही पुराना और खूंखार शूटर ‘गनमास्टर’ है, जिसके नाम से कभी अपराधी थर-थर कांपते थे.
इमरान हाशमी, जेनेलिया देशमुख
पुलिस ईश्वर को ब्लैकमेल करती है कि वह अपने पुराने गैंग में वापस जाए और गैंग के नए आका देसू राठी (अपारशक्ति खुराना) का खेल खत्म करे, क्योंकि देसू अब देश के दुश्मनों से हाथ मिला चुका है. परिवार की सलामती के लिए ईश्वर मजबूरन पुरानी दुनिया में कदम तो रख देता है, मगर शातिर देसू को उस पर शक हो जाता है और वो ईश्वर की आंखों के सामने उसके परिवार को तबाह करने की कसम खा लेता है. अब ईश्वर अपने परिवार को इस खूनी जाल से कैसे बचाएगा और कहानी के अंत में जो ‘टू बी कंटीन्यूड’ का पेंच फंसा है उसका क्या राज है, इसके लिए तो आपको थिएटर जाकर पूरी फिल्म देखनी होगी.
कैसी है फिल्म?
फिल्म की बात करें तो ‘गनमास्टर G9’ शुरुआत से ही दर्शकों को सीट से बांधने की कोशिश करती है. कहानी में हर थोड़ी देर बाद ऐसे मोड़ आते हैं जो आपको चौंकाते हैं, हालांकि इंटरवल से पहले स्क्रीनप्ले बार-बार अतीत में (कभी 7 साल पहले, तो कभी 14 साल पहले) इतना गोते लगाता है कि कभी-कभी दिमाग की बत्ती गुल होने लगती है और कहानी उलझी हुई महसूस होती है. लेकिन अच्छी बात ये है कि फिल्म में बेवजह का रोना-धोना कम और एक्शन का तड़का ज्यादा है. इमरान हाशमी यहां अपने चिर-परिचित रोमांटिक या डार्क अंदाज से बाहर निकलकर सलमान खान स्टाइल में ताबड़तोड़ एक्शन करते दिखते हैं. फिल्म की रफ्तार ठीक-ठाक है, लेकिन इसका क्लाइमैक्स थोड़ा खिंचा हुआ और फीका लगता है. देसू जैसे हैवान विलेन का अंत जिस तरह दिखाया गया है, वो दर्शकों की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा नहीं उतरता, मन करता है कि ऐसे दरिंदे को इससे कहीं ज्यादा करारा सबक मिलना चाहिए था.
निर्देशन और वायरिंग
निर्देशन और लेखन के मोर्चे पर आदित्य दत्त ने करीब 21 साल बाद ‘आशिक बनाया आपने’ की अपनी पुरानी जोड़ी यानी इमरान हाशमी और हिमेश रेशमिया के साथ वापसी की है. आदित्य का ट्रीटमेंट स्टाइलिश है और वह ट्विस्ट को बड़े सलीके से पेश करते हैं, भले ही वे उनकी पुरानी मास्टरपीस ‘टेबल नंबर 21’ के स्तर के न हों. सारिम मोमिन और जुनैद वसी की लिखावट में कुछ डॉयलॉग्स सीधे दिल पर लगते हैं, खासकर वो सीन जहां आरती कहती है कि अतीत जानने की जिद तो कंपनियां करती हैं, दो इंसानों को साथ आने के लिए पुराने जख्म कुरेदने की जरूरत नहीं. हालांकि, लेखकों ने देशविरोधी गतिविधियों वाले एंगल को बस छूकर छोड़ दिया है, जो थोड़ा अधूरा लगता है. इसके अलावा, निर्देशक को हिंसा दिखाने में थोड़ी लगाम लगानी चाहिए थी, क्योंकि मासूम जिया के सामने जिस तरह की क्रूरता दिखाई गई है, वो कई जगह असहज कर देती है. संगीत की बात करें तो हिमेश रेशमिया की आवाज में ‘अफसाना अफसाना’ कानों को सुकून देता है.
अपारशक्ति खुराना और इमरान
एक्टिंग
एक्टिंग की बात करें तो इमरान हाशमी पूरी फिल्म की जान हैं. वह बिना किसी अतिरिक्त मेहनत के अपने किरदार में उतर जाते हैं और इस बार उनके हिस्से में एक ऐसा डार्क किरदार आया है जिसका अंत सकारात्मक है, जो देखकर अच्छा लगता है. जेनेलिया देशमुख का किरदार फर्स्ट हाफ में भले ही साधारण लगे, लेकिन सेकंड हाफ में वह ऐसा सरप्राइज देती हैं कि आप दंग रह जाएंगे, उनका रोल सिर्फ शोपीस नहीं है. उन्होंने अपने किरदार को ईमानदारी से निभाया है, हालांकि असली बाजी मार ले गए हैं अपारशक्ति खुराना. अपनी सॉफ्ट और कॉमिक इमेज को तोड़ते हुए उन्होंने देसू के किरदार में जो हैवानियत दिखाई है, वह वाकई काबिले-तारीफ है. लगता है उन्होंने विलेन बनने का पूरा लुत्फ उठाया है. बाल कलाकार इनायत वर्मा ने हमेशा की तरह प्यारा और सधा हुआ काम किया है, जबकि पुलिस अफसर बने अभिषेक सिंह थोड़ा निराश करते हैं. शाद रंधावा, मनीष चौधरी और स्नेहल दीक्षित मेहरा के हिस्से में करने को कुछ खास नहीं था.
देखें या न देखें
अब सीधा सवाल कि यह फिल्म देखें या नहीं? अगर खूबियों की बात करें तो इमरान हाशमी का नया एक्शन अवतार, अपारशक्ति खुराना की खूंखार अदाकारी, जेनेलिया का चौंकाने वाला ट्विस्ट और फिल्म को बांधे रखने वाले ट्विस्ट आपको बोर नहीं होने देते. वहीं दूसरी तरफ इंटरवल से पहले की उलझी हुई टाइमलाइन, जरूरत से ज्यादा हिंसा, जेनेलिया की कमजोर डायलॉग डिलीवरी और मुख्य विलेन का ठंडा क्लाइमैक्स फिल्म का मजा थोड़ा किरकिरा जरूर करते हैं.
इमरान का एक्शन
कुल मिलाकर, गनमास्टर G9 उस संतुलन को दर्शाती है जहां कुछ खामियों के बावजूद मनोरंजन की गाड़ी पटरी से नहीं उतरती. कमजोर कड़ियां जरूर दिखती हैं, लेकिन इमरान हाशमी का नया एक्शन अंदाज, अपारशक्ति खुराना की खूंखार अदाकारी, बीच-बीच में आने वाले ट्विस्ट और भावनात्मक पलों का तड़का इसे भीड़ से थोड़ा अलग खड़ा कर देता है. टिकट के हिसाब से ये एक वाजिब और पैसा वसूल फिल्म है.




