शिक्षा

IIT में 6,000 नई सीटें बढ़ाने की तैयारी, रोबोटिक्स और फिजिकल AI समेत इन क्षेत्रों में मिलेगा मौका

देश के IITs में पढ़ाई करने की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स के लिए अच्छी खबर है. अब उन्हें रोबोटिक्स, फिजिकल AI और स्पेस इंजीनियरिंग जैसे एडवांस तकनीकी क्षेत्रों में पढ़ाई के ज्यादा अवसर मिलेंगे. भूपत और ज्योति मेहता फैमिली फाउंडेशन (MFF) ने कई IITs के साथ मिलकर इन विषयों में करीब 6,000 नई सीटें जोड़ने की योजना बनाई है. यह पहल 2027 से शुरू हो सकती है.

इसके तहत बीटेक, मास्टर और पीएचडी स्तर के प्रोग्राम शुरू किए जाएंगे. इन कोर्सों का उद्देश्य तकनीकी क्षेत्र में स्किल्ड एक्सपर्ट्स तैयार करना है.

2027 से जुड़ेंगी 6,000 नई सीटें

भूपत और ज्योति मेहता फैमिली फाउंडेशन के अनुसार, इस पहल के तहत कुल 6,000 सीटें जोड़ी जाएंगी. इनमें 5,000 सीटें रोबोटिक्स और फिजिकल AI के लिए होंगी, जबकि 1,000 सीटें स्पेस इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में रखी जाएंगी.

सीटों का बंटवारा किस तरह होगा?

  • रोबोटिक्स और फिजिकल AI: 2,500 बीटेक, 1,200 मास्टर और 1,300 पीएचडी सीटें.
  • स्पेस इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी: 500 बीटेक, 300 मास्टर और 200 पीएचडी सीटें.

इन प्रोग्रास को संचालित करने के लिए 120 से ज्यादा समर्पित फैकल्टी सदस्यों का सहयोग मिलने की उम्मीद है.

रोबोटिक्स और फिजिकल AI में क्या पढ़ाया जाएगा?

इन कोर्सों में छात्रों को मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के साथ सॉफ्टवेयर, मशीन लर्निंग, कंप्यूटर विजन, सेंसर और कंट्रोल सिस्टम की जानकारी दी जाएगी. पढ़ाई में थ्योरी के साथ प्रैक्टिकल काम पर भी जोर रहेगा. स्टूडेंट ह्यूमनॉइड रोबोट, लेग्ड रोबोट, स्वार्म रोबोटिक्स, सॉफ्ट रोबोटिक्स, डिजिटल ट्विन और फाउंडेशन मॉडल जैसे विषयों पर काम कर सकेंगे. इन तकनीकों का इस्तेमाल स्वास्थ्य सेवा, रक्षा, कृषि और औद्योगिक उत्पादन जैसे क्षेत्रों में किया जा सकेगा.

इंडस्ट्री के साथ काम करने का मिलेगा मौका

इन प्रोग्राम में इंडस्ट्री से जुड़े प्रोजेक्ट भी शामिल किए जाएंगे. छात्रों को किसी भाग लेने वाले IIT में पेड इंडस्ट्री रेजिडेंसी सेमेस्टर करने का अवसर मिलने की उम्मीद है. कोर्सों में भारत की परिस्थितियों को ध्यान में रखा जाएगा. इसमें गर्मी, धूल, बिजली की उपलब्धता और तकनीक की लागत जैसी चुनौतियां शामिल होंगी.

स्पेस टेक्नोलॉजी में भी होगी पढ़ाई

इस पहल के तहत एक IIT में स्पेस साइंस एंड टेक्नोलॉजी स्कूल स्थापित करने की योजना है. यहां सैटेलाइट नेविगेशन, स्पेस रोबोटिक्स और ह्यूमन स्पेस फ्लाइट जैसे विषयों पर पढ़ाई और रिसर्च होगी. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि इस स्कूल की मेजबानी कौन-सा IIT करेगा.

पहले भी छह IITs के साथ काम कर चुका है फाउंडेशन

फाउंडेशन 2019 से छह IITs के साथ मिलकर काम कर रहा है. इसके सहयोग से डेटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, हेल्थकेयर, बायोमेडिकल इंजीनियरिंग और सस्टेनेबिलिटी जैसे क्षेत्रों में आठ स्कूल और सेंटर स्थापित किए जा चुके हैं. इनसे बीटेक, एमटेक और पीएचडी प्रोग्राम में 4,000 से ज्यादा स्टूडेंट्स को एडमिशन मिला है.

Related Articles

Back to top button