भारत में लोगों ने सस्ते स्मार्टफोन खरीदना छोड़ा? अब 25 हजार से महंगे फोन की बढ़ी डिमांड, जानें क्यों बदला ट्रेंड

भारत के स्मार्टफोन मार्केट में इन दिनों बड़े बदवाव का दौर चल रहा है. इस बदलाव का सबसे बड़ा असर सस्ते स्मार्टफोन खरीदने वाले कस्टमर्स की जेब पर पड़ रहा है.ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारत में 7 हजार रुपये से कम कीमत वाले स्मार्टफोन की सेल में 94 प्रतिशत की चौंकाने वाली गिरावट रिकार्ड हुई है. आखिर अचानक लोग सस्ते फोन खरीदने से पीछे क्यों हट रहे हैं और स्मार्टफोन मार्केट में ऐसा क्या बदला है कि बजट फोन की सेल ही धड़ाम हो गई? आइए समझते हैं…
भारत में स्मार्टफोन खरीदने वालों की संख्या में तेजी से गिरावट दर्ज हुई है. इसी साल यानी 2026 के जुलाई से सितंबर के बीच देश में स्मार्टफोन शिपमेंट में सालाना आधार पर 20 फीसदी की कमी आई है. साइबरमीडिया रिसर्च यानी CMR की नई रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस गिरावट का सबसे ज्यादा असर सस्ते स्मार्टफोन पर पड़ा है. वहीं, महंगे और प्रीमियम स्मार्टफोन खरीदने वालों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है. खास बात यह है कि एक ओर जहां बजट फोन की सेल में गिरावट दर्ज हुई है, वहीं 25 हजार रुपये से ज्यादा कीमत वाले स्मार्टफोन की मांग बनी हुई है.
सस्ते स्मार्टफोन की बिक्री में सबसे ज्यादा गिरावट
CMR की रिपोर्ट के मुताबिक, 7 हजार रुपये से कम कीमत वाले स्मार्टफोन सेगमेंट में शिपमेंट 94 फीसदी तक गिर गया है. वहीं 7 हजार से 24,999 रुपये की कीमत वाले फोन की शिपमेंट में भी सालाना आधार पर 42 फीसदी की कमी आई है.
स्मार्टफोन मार्केट में हो रहे इस बड़े बदलाव के पीछे की वजह है मेमोरी और दूसरे जरूरी कंपोनेंट की बढ़ती कीमतें. मेमोरी और जरूरी कंपोनेंट की कीमत बढ़ने के कारण कंपनियों के लिए सस्ते फोन पेश करना मुश्किल हो रहा है. इसका असर सीधे कस्टमर्स की जेब पर पड़ रहा है. कई लोग नया फोन खरीदने की जगह पर अपने पुराने स्मार्टफोन को ही काफी समय तक यूज कर रहे हैं. यही कारण है कि बजट स्मार्टफोन पर निर्भर रहने वाली कंपनियों को ज्यादा समस्या का सामना करना पड़ रहा है.
स्मार्टफोन मार्केट में इस गिरावट का असर बड़ी स्मार्टफोन कंपनियों पर भी देखने को मिला. Vivo और Oppo की शिपमेंट में सालाना आधार पर 25 फीसदी की कमी आई है. Xiaomi और Poco की शिपमेंट भी 28 फीसदी कम हो गई है. Samsung 17 फीसदी मार्केट हिस्सेदारी के साथ भारत की सबसे बड़ी स्मार्टफोन कंपनी बनी रही, लेकिन इसकी शिपमेंट में भी 8 फीसदी की गिरावट रिकार्ड हुई है.
महंगे स्मार्टफोन की बढ़ रही मांग
एक तरफ सस्ते स्मार्टफोन के लिए मुश्किल का दौर है, तो वहीं प्रीमियम स्मार्टफोन मार्केट की तस्वीर ही कुछ अलग है. 25 हजार से 49 हजार रुपये की कीमत वाले स्मार्टफोन सेगमेंट में 38 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज हुई है. 50 हजार से 1 लाख रुपये की कीमत वाले सुपर प्रीमियम स्मार्टफोन की शिपमेंट में भी 32 फीसदी का बढ़ोत्तरी हुई है. यानी अब कस्टमर महंगे मॉडल की तरफ रुख कर रहे हैं.
वहीं बात करें Apple की, तो भारतीय स्मार्टफोन बाजार में Apple की हिस्सेदारी 9 फीसदी रही. कंपनी की कुल शिपमेंट में iPhone 17 सीरीज की हिस्सेदारी 53 फीसदी रही. वहीं, OnePlus की कुल शिपमेंट में 27 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई. 20 हजार रुपये से कम कीमत वाले सेगमेंट में कंपनी की शिपमेंट 500 फीसदी बढ़ी, लेकिन यह बढ़ोतरी कम आधार से हुई है. इसके साथ ही Ai+ ने भी सालाना आधार पर 247 फीसदी की शानदार ग्रोथ दर्ज की.
ये भी पढ़ेंः GTA 6: बुर्ज खलीफा से भी महंगा बजट, तोड़ डाले कमाई के सारे रिकॉर्ड, आखिर क्यों ये इतनी दीवानगी
ये भी पढे़ंः GTA 6 की धमाकेदार एंट्री, पीएम मोदी की पोस्ट भी वायरल; जानें भारत से इसका खास कनेक्शन और गेम के 5 बड़े बदलाव




