BPSC का नया एग्जाम कैलेंडर जारी, TRE-4 पर अब भी सस्पेंस

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने भर्ती परीक्षाओं को लेकर नया एग्जाम कैलेंडर जारी किया है. इसमें आगामी परीक्षाओं की संभावित तारीखों के साथ कुछ परीक्षाओं के स्थगित होने की जानकारी भी दी गई है. कैलेंडर में सबसे अहम 72वीं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा (72nd CCE) की प्रिलिम्स परीक्षा की संभावित तारीख 17 जनवरी 2027 बताई गई है. वहीं, सहायक राजस्व एवं लेखा अधिकारी और सहायक नगर कल्याण एवं निबंधन अधिकारी की परीक्षाएं टाल दी गई हैं. दूसरी ओर, शिक्षक भर्ती TRE-4 का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को अभी तारीख के लिए और इंतजार करना होगा.
BPSC के नए परीक्षा कैलेंडर में कुछ भर्तियों की परीक्षा तारीखों में बदलाव किया गया है. आयोग ने सहायक राजस्व एवं लेखा अधिकारी भर्ती परीक्षा को स्थगित कर दिया है. इसके अलावा सहायक नगर कल्याण एवं निबंधन अधिकारी भर्ती की परीक्षा भी फिलहाल टाल दी गई है. इन परीक्षाओं के लिए नई तारीखों का इंतजार करना होगा.
72वीं CCE की परीक्षा जनवरी 2027 में संभावित
BPSC की 72वीं एकीकृत संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा (72nd CCE) को लेकर भी कैलेंडर में जानकारी दी गई है. इसके मुताबिक प्रारंभिक परीक्षा 17 जनवरी 2027 को आयोजित होने की संभावना है. इस परीक्षा की तारीख पिछले करीब छह महीने से टल रही थी. ऐसे में नई संभावित तारीख सामने आने से अभ्यर्थियों को तैयारी की योजना बनाने में मदद मिलेगी.
अन्य परीक्षाओं का शेड्यूल
- आयोग के कैलेंडर में दूसरी भर्तियों से जुड़ी परीक्षाओं और रिजल्ट की तारीखें भी दी गई हैं.
- सिमुलतला आवासीय विद्यालय शिक्षक भर्ती: माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षक पदों के लिए प्रारंभिक परीक्षा 16 अगस्त 2024 को हुई थी. इसका रिजल्ट 6 दिसंबर 2024 को जारी किया गया था. मुख्य परीक्षा की तारीख अभी तय नहीं है.
- लोअर डिविजन क्लर्क (LDC): प्रारंभिक परीक्षा 20 सितंबर 2025 को आयोजित हुई थी. इसका रिजल्ट नवंबर 2025 में आने का कार्यक्रम था. मुख्य परीक्षा की तारीख बाद में घोषित होगी.
- प्रोजेक्ट मैनेजर: उद्योग विभाग के तहत इस भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा की तारीख अभी निर्धारित नहीं की गई है.
- पंचायती राज विभाग ऑडिटर: प्रारंभिक परीक्षा 5 जुलाई 2026 को हुई थी. इसका रिजल्ट 22 अगस्त 2026 को निर्धारित था.
- 33वीं बिहार न्यायिक सेवा: प्रारंभिक परीक्षा की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है.
TRE-4 भर्ती परीक्षा पर अब भी इंतजार
बिहार में टीचर बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए TRE-4 भर्ती परीक्षा की तारीख सबसे बड़ा सवाल बनी हुई है. इस भर्ती के तहत आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन BPSC ने अभी तक परीक्षा का शेड्यूल जारी नहीं किया है. पहले जनवरी 2027 में परीक्षा आयोजित होने की संभावना जताई जा रही थी. हालांकि, नए कैलेंडर में TRE-4 का जिक्र नहीं होने से परीक्षा आगे खिसकने की आशंका है. ऐसे में अभ्यर्थियों को आयोग की अगली आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा.




