अजब-गजब

12 साल का प्यार, शादी के बाद हादसा, 40% जला पति, फिर भी पत्नी ने नहीं छोड़ा साथ, लोग बोले – यही है सच्चा प्यार

सोशल मीडिया पर आजकल जय और दीप्ति की लव स्टोरी खूब वायरल हो रही है. दोनों स्कूल के टाइम से एक-दूसरे को जानते थे. 12 साल तक साथ रहने के बाद दोनों ने 2024 में शादी कर ली. लेकिन शादी के कुछ ही महीने बाद जय के साथ बड़ा हादसा हो गया. काम करते समय उन्हें करंट लग गया, जिससे उनका शरीर 40% तक जल गया. इतनी मुश्किल घड़ी में भी उनकी पत्नी दीप्ति ने उनका साथ नहीं छोड़ा. वो 90 दिन तक अस्पताल में उनके साथ रहीं. जय और दीप्ति की ये स्टोरी ‘ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे’ ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की है.

वीडियो में क्या दिख रहा है?

वायरल वीडियो में जय और दीप्ति की पूरी जर्नी नजर आ रही है. वीडियो की शुरुआत 2024 की शादी से होती है. क्लिप में दिखाया गया है कि दोनों स्कूल में एक ही क्लास में थे. स्कूल में हमेशा साथ हंसते-खेलते रहते थे. 2012 में दोनों ने डेटिंग शुरू की. दीप्ति को पांडा पसंद थे, तो जय ने उनके बर्थडे पर एक पूरा कमरा खिलौना पांडा से भर दिया था. जय महाराष्ट्र से थे और दीप्ति मध्य प्रदेश से. परिवार शुरू में इस रिश्ते से खुश नहीं था. लेकिन 12 साल तक दोनों ने एक-दूसरे को चुना और आखिर में 2024 में दोनों ने शादी कर ली.

जय के साथ क्या हादसा हुआ?

वीडियो में बताया गया है कि 11 मार्च 2026 को जय को काम के दौरान इलेक्ट्रिक शॉक लगा. वो ट्रांसफार्मर से नीचे गिर गए. हादसे में जय का चेहरा, छाती और दायां हाथ 40% तक जल गया. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. वो दर्द में थे और बिस्तर से उठ भी नहीं पा रहे थे. उनके 4 स्किन-ग्राफ्ट ऑपरेशन हुए. वीडियो में अस्पताल की तस्वीरें भी दिख रही हैं, जिसमें जय बेड पर लेटे हुए हैं और दीप्ति उनका ख्याल रख रही हैं.

पत्नी ने 90 दिन तक कैसे दिया साथ?

जय के अस्पताल में रहने के दौरान दीप्ति ने 90 दिन तक उनका साथ नहीं छोड़ा. वो उन्हें खाना खिलाती थीं, उनकी दवा का ध्यान रखती थीं और उनके बेड के पास ही बैठकर प्रार्थना करती थीं. वीडियो में दीप्ति कहती हैं कि अस्पताल में वो यही सोचती थीं- हमारे साथ ही क्यों? अभी तो हमारी जिंदगी शुरू ही हुई थी. लेकिन इसके बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी. धीरे-धीरे जय की हालत में सुधार हुआ. वो अस्पताल के कॉरिडोर में हाथ पकड़कर चलने लगे. अब वो फिजियोथेरेपी कर रहे हैं ताकि फिर से मजबूत हो सकें.

लोगों ने क्यों कहा- पत्नी पनौती है?

वीडियो का सबसे दर्द भरा हिस्सा तब सामने आता है, जब दीप्ति बताती हैं कि जय की हालत के दौरान लोगों ने उन्हें ट्रोल किया. लोगों ने कहा- शादी के बाद से ही इसके पति की पनौती शुरू हुई है. जय जब जिंदगी और मौत से लड़ रहे थे, तब लोग दीप्ति को उनकी शादी के लिए दोष दे रहे थे. लेकिन दीप्ति ने लोगों की बातों पर ध्यान नहीं दिया और अपने पति के साथ खड़ी रहीं.

जय ने क्या कहा?

वीडियो के आखिर में दीप्ति बताती हैं कि जब वो जय से पूछती हैं कि क्या उन्हें उनसे शादी करके पछतावा है, तो जय कहते हैं- कल भी तुम्हें चुना था, आज भी और हमेशा तुम्हें ही चुनूंगा. यही लाइन सुनकर लोग भावुक हो गए. लोगों का कहना है कि दुनिया कुछ भी कहे, प्यार का मतलब यही है- सुख में भी और दुख में भी एक-दूसरे का हाथ पकड़े रहना.

लोग क्या कह रहे हैं?

वीडियो पर यूजर्स जमकर कमेंट कर रहे हैं. कई यूजर्स जय के जल्दी ठीक होने की दुआ कर रहे हैं. वहीं कई यूजर्स दीप्ति को सलाम कर रहे हैं. लोग लिख रहे हैं- यही है असली लव स्टोरी, जो फिल्मों में भी नहीं मिलती. वहीं कई लोग इस जोड़े को हिम्मत और प्यार की मिसाल बता रहे हैं.

यहां देखिए वीडियो

View this post on Instagram

A post shared by Humans of Bombay (@officialhumansofbombay)

Related Articles

Back to top button