शिक्षा

अग्निवीरों के पहले बैच को मिल सकता है सेवा विस्तार, केंद्र सरकार ऐसे प्रस्ताव पर रही है विचार

अग्निपथ योजना के तहत इंडियन आर्मी, इंडियन नेवी और एयरफोर्स में 4 साल के लिए भर्ती हुए अग्निवीर पहले बैच के कैंडिडेट्स व उनके परिजनों के लिए बड़ा अपडेट है. केंद्र सरकार पहले बैच के अग्निवीरों को सेवा विस्तार देने पर विचार कर रही है. यह सेवा विस्तार उन अग्निवीरों से अलग होगा, जिन्हें 4 साल पूरा हाेने पर नियमित सैनिक के तौर पर सेना में स्थाई किया जाना है. इस संबंध के प्रस्ताव को लेकर पिछले कुछ दिनों में दिल्ली में कई उच्चस्तरीय बैठकें हो चुकी हैं. अग्निवीरों का पहला बैच 21 नंवबर 2026 को सेवा मुक्त हो रहा है.

आइए, विस्तार से पूरा मामला समझते हैं. जानते हैं कि इस प्रस्ताव को लेकर अभी तक क्या-क्या हुआ है. साथ ही जानेंगे कि कितने अग्निवीरों को स्थाई किया जाना है. जानेंगे कि सेवा विस्तार की अवधि कितनी होगी, इसको लेकर क्या अपडेट है.

क्या है अग्निपथ योजना?

अग्निपथ योजना की शुरुआत 14 जून 2022 को की गई थी. इसके तहत 17.5 से 21 साल की उम्र के युवाओं को भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना में चार साल के लिए अग्निवीर के तौर पर भर्ती किया जाता है.चार साल की सेवा के दौरान अग्निवीरों को हर महीने वेतन और अन्य सुविधाएं मिलती हैं. सेवा पूरी होने पर उन्हें करीब 11.71 लाख रुपये की सेवा निधि एकमुश्त दी जाती है. हालांकि, इस योजना के तहत सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों को नियमित सैनिकों की तरह पेंशन नहीं मिलती है.

25% अग्निवीर होंगे स्थाई, 75% होंगे सेवा मुक्त

अग्निपथ योजना के नियमों के मुताबिक हर बैच के अधिकतम 25 प्रतिशत अग्निवीरों को चार साल की सेवा पूरी होने के बाद नियमित कैडर में शामिल किया जा सकता है. इसके लिए अग्निवीरों का प्रदर्शन, योग्यता, संगठन की जरूरत और संबंधित सेना की नीतियों को ध्यान में रखा जाता है.

बाकी 75 प्रतिशत अग्निवीरों को चार साल बाद सेवा से मुक्त करने का नियम है. उन्हें सेवा निधि के साथ भविष्य में रोजगार और अन्य अवसरों के लिए सहायता देने की व्यवस्था की गई है. पिछले महीने भारतीय वायुसेना ने अपने पहले अग्निवीर वायु बैच के 2,850 जवानों में से 712 को नियमित सेवा में बनाए रखने का फैसला किया था.

21 नंवबर को सेवा मुक्त हो रहा है पहला बैच, उससे पहले फैसला

अग्निपथ योजना के तहत भर्ती हुए अग्निवीरों का पहला बैच 21 नवंबर को सेवा मुक्त हो रहा है. ऐसे में उन्हें संभावितसेवा विस्तार देने के फैसले को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. वहीं सेवा विस्तार का प्रस्ताव मंजूर होने पर अग्निपथ योजना के तहत भर्ती हुए जवानों के भविष्य और सेना की मानव संसाधन नीति में एक अहम बदलाव देखने को मिल सकता है. हालांकि इस पर अभी तक कोई आधिकारिक फैसला नहीं लिया गया है. माना जा रहा है सेवा विस्तार का फैसला 21 नवंबर से पहले हो सकता है.

कितना सेवा विस्तार मिलेगा?

अग्निवीरों को सेवा विस्तार देने वाले प्रस्ताव पर कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है. अगर सेवा विस्तार को मंजूरी मिलती है, तो इसकी अवधि कितनी होगी और किन अग्निवीरों को इसका लाभ मिलेगा, यह भी अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है.

Related Articles

Back to top button