25 लोग बने तमाशबीन, लेकिन 5 अनजान लोगों ने बचाई इंसानियत की लाज, कोलकाता की घटना ने जीता दिल

कई बार जिंदगी में कुछ ऐसे पल आते हैं, जब अपने भी साथ छोड़ देते हैं और अनजान लोग मदद के लिए आगे आ जाते हैं. कोलकाता में हुए एक सड़क हादसे के बाद कुछ ऐसा ही देखने को मिला. यहां एक महिला का एक्सीडेंट हो गया. आसपास करीब 25 लोग जमा थे, लेकिन मदद के लिए सिर्फ 5 लोग आगे आए. इन पांच अनजान लोगों ने जिस तरह घायल महिला को संभाला, उसने एक बार फिर साबित कर दिया कि इंसानियत आज भी जिंदा है.
दरअसल, कोलकाता की रहने वाली बिंदियाल गुप्ता का पार्क स्ट्रीट के पास एक्सीडेंट हो गया था. वह रैपिडो बाइक से सफर कर रही थीं, तभी एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह घायल हो गईं और खुद से उठ पाने की हालत में भी नहीं थीं. हादसे के बाद आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई. हालांकि, ज्यादातर लोग सिर्फ खड़े होकर तमाशा देखते रहे.
हादसा और इंसानियत की अनोखी मिसाल!
इसी बीच पांच ऐसे लोग सामने आए, जिन्होंने बिना किसी जान-पहचान के उनकी मदद करने का फैसला किया. इन लोगों ने सबसे पहले बिंदियाल को संभाला और उन्हें उठाने में मदद की. किसी ने उनका सामान उठाया, तो किसी ने उनके जूते और फोन को सुरक्षित रखा. इतना ही नहीं, उनके घायल पैर पर अपने हाथों से पट्टी भी बांधी, ताकि उन्हें थोड़ी राहत मिल सके.
बिंदियाल ने इस पूरे एक्सपीरियंस का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है. वीडियो में कुछ लोग उनके घायल पैर की देखभाल करते नजर आ रहे हैं. एक महिला बेहद सावधानी से उनके पैर पर पट्टी बांध रही है, जबकि एक शख्स भी उनकी मदद करता दिखाई दे रहा है. बाकी लोग भी उनके आसपास मौजूद रहकर स्थिति संभालने की कोशिश कर रहे हैं.
वीडियो के साथ बिंदियाल ने लिखा कि पार्क स्ट्रीट के पास रैपिडो से सफर करते समय उन्हें एक कार ने टक्कर मार दी थी. हादसे के बाद करीब 25 लोग वहां इकट्ठा हो गए, लेकिन उनमें से सिर्फ पांच लोगों ने आगे बढ़कर उनकी मदद की. जब वह बेहोशी जैसी हालत में थीं, तब इन लोगों ने उन्हें उठाया, उनका सामान संभाला और अपने हाथों से चोट पर पट्टी बांधी.
बिंदियाल ने इन सभी लोगों का दिल से शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा कि उन्हें उन पांचों के नाम तक नहीं पता, लेकिन उनका यह एहसान वह जिंदगी भर नहीं भूलेंगी. उनके मुताबिक, उन अनजान लोगों ने मुश्किल वक्त में जिस तरह साथ दिया, वह उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा.
उन्होंने यह भी कहा कि उनका मानना है कि अगर हम किसी के साथ अच्छा करते हैं, तो कभी न कभी वह अच्छाई लौटकर हमारे पास जरूर आती है. इसलिए हमें एक-दूसरे की मदद करने से पीछे नहीं हटना चाहिए, क्योंकि जिंदगी कब बदल जाए, कोई नहीं जानता.
यह भी पढ़ें: थाईलैंड के झरने में पैर डालकर बैठा था जर्मन पर्यटक, अचानक पानी से निकली छिपकली ने किया खतरनाक हमला
सोशल मीडिया पर भी इस वीडियो को देखकर लोग भावुक हो रहे हैं. यूजर्स उन पांचों लोगों की जमकर तारीफ कर रहे हैं. किसी ने लिखा कि दुनिया में आज भी अच्छे लोग मौजूद हैं, तो किसी ने कहा कि कोलकाता की यही खासियत है कि यहां मुश्किल वक्त में इंसानियत देखने को मिलती है. कई लोगों ने यह भी अपील की कि सड़क पर किसी को मुसीबत में देखकर सिर्फ भीड़ का हिस्सा न बनें, बल्कि आगे बढ़कर उसकी मदद करें.
यहां देखिए वीडियो
Instagram पर यह पोस्ट देखें




